दिल्ली धमाके के बाद अलर्ट पर PAK वायुसेना, बॉर्डर पर उड़ रहे फाइटर जेट्स, क्या होगा OP Sindoor 2.0?

दिल्ली की राजधानी एक बार फिर सुरक्षा संकट के बीच है. सोमवार शाम को लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए कार ब्लास्ट में कई लोग मारे गए और घायल हुए.

Pakistani Air Force on alert after Delhi blast Operation Sindoor
प्रतिकात्मक तस्वीर/ ANI

Delhi Blast Pakistan Airforce: दिल्ली की राजधानी एक बार फिर सुरक्षा संकट के बीच है. सोमवार शाम को लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए कार ब्लास्ट में कई लोग मारे गए और घायल हुए. इस घटना ने न केवल भारत में बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ा दी है. घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां, केंद्रीय और राज्य सरकारें, तथा विदेशों में भारतीय नागरिकों के सुरक्षा उपायों पर भी ध्यान केंद्रित हो गया.

घटना के तुरंत बाद पाकिस्तान ने अपनी सीमाओं पर सुरक्षा बढ़ा दी. राजस्थान से लगी सीमा पर पाकिस्तानी वायु सेना के फाइटर जेट्स गश्त कर रहे हैं. तीनों सेनाओं- थल सेना, वायु सेना और नौसेना के प्रमुखों ने आपातकालीन बैठकें की. प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने NSA और DG ISI के साथ देर रात तक रणनीतिक बैठकें कीं. सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि यह कदम पाकिस्तान की “सुरक्षा सतर्कता” को दर्शाता है.

ब्रिटेन ने यात्रा संबंधी एडवाइजरी जारी की

ब्रिटिश विदेश मंत्रालय (FCDO) ने धमाके के बाद भारत के कुछ क्षेत्रों में यात्रा को लेकर चेतावनी दी. ब्रिटेन ने अपने नागरिकों से कहा कि वे भारत-पाकिस्तान सीमा से 10 किलोमीटर के भीतर, जम्मू-कश्मीर और मणिपुर राज्य में यात्रा न करें. यह एडवाइजरी सुरक्षा और संभावित तनावपूर्ण परिस्थितियों के मद्देनजर जारी की गई है.

घटना और मरने वालों की संख्या

प्रारंभिक रिपोर्टों में बताया गया कि धमाके में 11 लोगों की मौत हुई. लेकिन गृह मंत्री अमित शाह ने तीन घंटे बाद कहा कि 8 मौतें हुई हैं. इसके बाद अस्पतालों से मिली जानकारी में मृतकों की संख्या 9 बताई गई. पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां घटना की ठीक वजह और मृतकों की संख्या का अभी सत्यापन कर रही हैं.

अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रिया

अमेरिका और फ्रांस:

अमेरिकी दूतावास ने अपने नागरिकों को चेतावनी दी है कि वे लाल किले के आसपास और भीड़भाड़ वाले इलाकों में जाने से बचें.

फ्रांसीसी दूतावास ने भी अपने नागरिकों को सतर्क रहने और भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों और धमाके के स्थान से दूर रहने की सलाह दी. साथ ही फ्रांसीसी यात्रियों से ‘फिल द आरियान’ पोर्टल पर पंजीकरण कराने को कहा गया ताकि इमरजेंसी में उनसे संपर्क किया जा सके.

मिस्र और ईरान:

ईरान के दूतावास ने मृतकों और घायलों के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि वे इस दुख की घड़ी में भारत सरकार और जनता के साथ हैं.

मिस्र ने भी प्रभावित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना जताई और घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना की.

आतंकी हमला होने की संभावना

दिल्ली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की प्रारंभिक जांच के अनुसार, यह धमाका आतंकी हमला होने की संभावना से खारिज नहीं किया गया है. IANS ने दिल्ली पुलिस के सूत्रों के हवाले से बताया कि धमाका फरीदाबाद में पकड़े गए आतंकवादी मॉड्यूल से जुड़ा हो सकता है. इसमें उच्च शक्ति वाले विस्फोटक और रासायनिक मिश्रण का इस्तेमाल हुआ.

सुरक्षा एजेंसियां संदिग्ध व्यक्तियों डॉ. मुझम्मिल और डॉ. आदिल से पूछताछ कर रही हैं. माना जा रहा है कि उनकी गिरफ्तारी के बाद धमाका जल्दी और अचानक अंजाम दिया गया.

घटना के तकनीकी विवरण

गृह मंत्री अमित शाह ने बताया कि धमाका i-20 कार के पिछले हिस्से में हुआ. पुलिस सूत्रों के अनुसार यह कार हरियाणा के गुरुग्राम में सलमान नामक व्यक्ति के नाम पर रजिस्टर्ड थी. पुलिस ने सलमान को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ जारी है. प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सलमान ने कार को पुलवामा के तारिक को बेचा था.

दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा ने बताया कि धमाका लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास हुआ. घटना स्थल को सील कर दिया गया है और आसपास के इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है.

ये भी पढ़ें- दिल्ली धमाके की टेरर एंगल से भी हो रही जांच, अगर निकला आंतकी हमला तो क्या माना जाएगा 'एक्ट ऑफ वॉर'?