Petrol price in Pakistan: पाकिस्तान के पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक ने रविवार को देश में पेट्रोल-डीजल की सप्लाई को लेकर चेतावनी दी. उन्होंने कहा कि अगर पाकिस्तान में ईंधन की कमी होती है तो पेट्रोल की कीमत 1,000 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच सकती है. उन्होंने यहां तक कहा कि हालात बिगड़ने पर किसी भी कीमत पर पेट्रोल मिलना मुश्किल हो सकता है. मंत्री के इस बयान के बाद पाकिस्तान में लोगों की चिंता बढ़ गई है. इससे एक दिन पहले ही सरकार ने ईंधन राहत योजना के तहत पात्र लोगों के लिए एक टोकन पर पांच लीटर पेट्रोल लेने की सीमा हटा दी थी.
पेट्रोलियम मंत्री ने हालांकि साफ किया कि फिलहाल पाकिस्तान में ईंधन की कोई कमी नहीं है. उनके मुताबिक सितंबर की ईंधन सप्लाई के लिए शिपमेंट तय हो चुकी है और अक्टूबर की जरूरतों की भी योजना तैयार है. उन्होंने कहा कि इस समय सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता देश में ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखना है. मंत्री के अनुसार, क्षेत्रीय संघर्षों की वजह से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत करीब 80 फीसदी बढ़ी है, लेकिन पाकिस्तान ने घरेलू ग्राहकों पर अब तक करीब 50 फीसदी बढ़ोतरी का ही बोझ डाला है.
पाकिस्तान में ऊर्जा संकट क्यों गहरा रहा
पाकिस्तान ने अक्टूबर तक ईंधन की सप्लाई की योजना तो बना ली है, लेकिन होर्मुज जलडमरूमध्य के लंबे समय से बंद रहने और मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव से यह योजना प्रभावित हो सकती है. सऊदी अरब की ईस्ट-वेस्ट पाइपलाइन पर हूती विद्रोहियों के हमले से पाकिस्तान के एक अहम वैकल्पिक सप्लाई रूट पर भी असर पड़ा है.
ऐसे में पाकिस्तान खाड़ी क्षेत्र के बाहर से तेल मंगाने के विकल्प तलाश रहा है. इसमें अमेरिका, पश्चिम अफ्रीका और लीबिया से कच्चा तेल खरीदना या ओमान के सोहार बंदरगाह के रास्ते शिपमेंट लाना शामिल है.
पाकिस्तान की बढ़ने वाली हैं मुश्किलें
इंडस्ट्री से जुड़े जानकारों के मुताबिक, पाकिस्तान के पास मौजूद तेल का स्टॉक और पहले से बुक किए गए कार्गो अक्टूबर तक की जरूरत पूरी कर सकते हैं. लेकिन अगर सर्दियों के दौरान भी क्षेत्र में संघर्ष जारी रहा तो नवंबर तक सप्लाई की परेशानी शुरू हो सकती है. ऐसा होने पर पहले से आर्थिक संकट से जूझ रहे पाकिस्तान की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं. ऐसी स्थिति में सरकार का बढ़ा हुआ खर्च सीधे आम लोगों पर पड़ने की आशंका है.
पाकिस्तान में पेट्रोल और डीजल की कीमत कितनी है?
फिलहाल पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत 389.14 रुपये प्रति लीटर है. वहीं हाई-स्पीड डीजल 424.04 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है. पाकिस्तान के पेट्रोलियम विभाग के मुताबिक, देश में पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतें अंतरराष्ट्रीय बाजार की दरों से जुड़ी हैं.
एक दिन पहले पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बदलाव करते समय अंतरराष्ट्रीय पेट्रोलियम कीमतों, प्लैट्स दरों, प्रीमियम और पेट्रोलियम उत्पादों की कीमत तय करने से जुड़ी दूसरी लागतों को ध्यान में रखा गया था.
ये भी पढ़ें- पाकिस्तान सीमा से कुछ दूरी पर गरजा M777 होवित्जर तोप, भारत-यूएस के सैनिकों ने दिखाई ताकत, VIDEO