Imran Khan News: पाकिस्तान की राजनीति इन दिनों उथल-पुथल के दौर से गुजर रही है. रावलपिंडी की अदियाला जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को लेकर उठ रहे सवालों ने पूरे इलाके में चिंता का माहौल खड़ा कर दिया है. बीते कुछ हफ्तों से न इमरान खान का कोई संदेश सामने आया है और न ही उनके परिवार को उनसे मिलने दिया गया है. इसी खामोशी के बीच उनकी बहन नौरीन नियाज़ी ने पाकिस्तान सरकार को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं और चेतावनी भी दी है.
आज तक से विशेष बातचीत में नौरीन नियाज़ी ने बताया कि परिवार को कई हफ्तों से इमरान खान से मिलने या बात करने तक का मौका नहीं मिला है. उन्होंने कहा,
“हमने इमरान खान को पिछले चार-पांच हफ्तों से देखा तक नहीं. पहले भी उनकी जान लेने की कोशिश हो चुकी है, इसलिए हम डरे हुए हैं. पाकिस्तान के हुक्मरान हद से ज़्यादा बेचैन और डेस्परेट हैं, लेकिन उनको यह सोच भी नहींनी चाहिए कि इमरान खान को नुकसान पहुँचा सकते हैं.” नौरीन ने बेहद सख्त शब्दों में कहा कि यदि इमरान खान को किसी तरह का नुकसान पहुँचाने की कोशिश हुई तो “इनमें से कोई भी नहीं बचेगा.”
“ये हुक्मरान ज़ुल्म कर रहे हैं…”
उन्होंने आरोप लगाया कि इमरान खान को जेल में लगातार आइसोलेशन में रखा जा रहा है, जो नियमों के ख़िलाफ है. नौरीन ने कहा, “पाकिस्तान जेल मैनुअल के अनुसार कैदी को चार दिनों से ज़्यादा आइसोलेट नहीं किया जा सकता, लेकिन इमरान को तीन-तीन, चार-चार हफ्तों तक अकेला रखा जाता है. हम इतना सब देखकर परेशान हो चुके हैं.”
उनका दावा है कि सरकार ताकत के नशे में चूर है और विरोधियों पर अत्याचार कर रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सत्ता “अपनी ही मौत मरने वाले फैसले ले रही है” और किसी पर भरोसा करने लायक नहीं बची.
“इमरान खान शांतिप्रिय हैं, लेकिन उन पर कई बार हमले हो चुके हैं”
जब उनसे पूछा गया कि क्या इमरान खान के खिलाफ किसी नई साजिश की आशंका है, तो नौरीन ने कहा कि खतरा हमेशा बना रहता है. उन्होंने कहा कि इमरान खान हमेशा अपने समर्थकों से शांति बनाए रखने के लिए कहते हैं, लेकिन उनके खिलाफ पहले भी कई हमले हो चुके हैं, कभी गोलीबारी, कभी हेलिकॉप्टर की खराबी, कभी गाड़ी में छेड़छाड़, यहाँ तक कि गाड़ी में खराब पेट्रोल डाल दिया गया.
उन्होंने कहा, “अब अगर इन्होंने कुछ भी करने की कोशिश की, तो किसी का बचना मुश्किल होगा. इमरान खान अकेले नहीं हैं, पूरी दुनिया के पाकिस्तानी उनकी हिम्मत बनकर खड़े हैं.”
अदियाला जेल में बंद इमरान खान और अल-कादिर ट्रस्ट केस
पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान अगस्त 2023 से अदियाला जेल में हैं. नेशनल अकाउंटेबिलिटी ब्यूरो ने उन्हें अल-कादिर ट्रस्ट मामले में हिरासत में लिया था. आरोप है कि इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी ने इस ट्रस्ट को लेकर हुए वित्तीय लेनदेन में भ्रष्टाचार किया.
चाहे पाकिस्तान की सियासत कुछ भी कहे, लेकिन इमरान खान की गूंज जेल की दीवारों से बाहर निकलकर हर तरफ सुनाई दे रही है और उनकी बहन की चेतावनी ने यह साबित कर दिया है कि मामला सिर्फ एक राजनीतिक बंदी का नहीं, बल्कि पूरे देश की नब्ज़ से जुड़ा हुआ है.
यह भी पढ़ें- OMG! मेटल के 4 तार, 2 पेंसिल... कैदी के पेट से निकला ये सामान, देखकर डॉक्टर्स के भी उड़ गए होश