OMG! मेटल के 4 तार, 2 पेंसिल... कैदी के पेट से निकला ये सामान, देखकर डॉक्टर्स के भी उड़ गए होश

इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (IGIMS), पटना में डॉक्टरों के सामने एक ऐसा अनोखा मामला सामने आया जिसने सभी को हैरान कर दिया. नालंदा जेल में सजा काट रहे एक कैदी को तेज पेट दर्द, उलझन और लगातार बढ़ती बेचैनी के बाद इलाज के लिए IGIMS लाया गया.

IGIMS Patna Metal objects in stomach surgery
Meta AI

पटना: इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (IGIMS), पटना में डॉक्टरों के सामने एक ऐसा अनोखा मामला सामने आया जिसने सभी को हैरान कर दिया. नालंदा जेल में सजा काट रहे एक कैदी को तेज पेट दर्द, उलझन और लगातार बढ़ती बेचैनी के बाद इलाज के लिए IGIMS लाया गया. लेकिन जब डॉक्टरों ने जांच की, तो सामने आया कि कैदी के पेट में मेटल के 4 तार और 2 पेंसिल फंसी हुई हैं. यह रिपोर्ट देखकर गैस्ट्रोलॉजी विभाग की पूरी टीम दंग रह गई.

डॉक्टरों ने बचाई जान

गैस्ट्रोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. मनीष मंडल के नेतृत्व में तत्काल एक विशेषज्ञ टीम तैयार की गई और बिना देर किए सर्जरी की तैयारी शुरू हुई. डॉक्टरों ने बेहद सावधानी और तकनीकी दक्षता के साथ ऑपरेशन किया और कैदी के पेट में फंसे सभी मेटल तार और पेंसिल सफलतापूर्वक निकाल लिए. अस्पताल प्रशासन ने इस केस को अत्यंत चुनौतीपूर्ण और दुर्लभ बताया है.

समय रहते इलाज न होता तो...

अस्पताल के डॉक्टरों का कहना है कि ये धातु और नुकीली वस्तुएं पेट में काफी समय से फंसी हुई थीं, जिसकी वजह से संक्रमण और दर्द बढ़ता जा रहा था. यदि सर्जरी तुरंत न की जाती, तो कैदी की आंतें फटने का खतरा था, साथ ही अंदरूनी रक्तस्राव के चलते उसकी जान भी जा सकती थी. फिलहाल ऑपरेशन के बाद कैदी की स्थिति स्थिर बताई जा रही है और उसे निगरानी में रखा गया है.

नशे की हालत में निगले थे तार और पेंसिल

पूछताछ के दौरान कैदी ने बताया कि करीब पांच महीने पहले नशे की अवस्था में उसने यह खतरनाक चीजें निगल ली थीं. जेल में रहते हुए उसने इस समस्या को गंभीरता से नहीं लिया, जिसके चलते स्थिति धीरे-धीरे बेहद खतरनाक हो गई. डॉक्टरों का कहना है कि ऐसे मामले बहुत कम देखने को मिलते हैं, और इस ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम देना पूरी टीम के लिए बड़ी उपलब्धि है.

ये भी पढ़ें: बिहार की महिलाओं को मिला बड़ा तोहफा, सीएम नीतीश कुमार ने खाते में ट्रांसफर किए 10-10 हजार रुपये