Pak On Vaibhav Suryavanshi: आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने ऐसा तूफान खड़ा कर दिया है, जिसकी गूंज अब सिर्फ भारत तक सीमित नहीं रही. 15 साल के इस युवा बल्लेबाज की विस्फोटक बल्लेबाजी की चर्चा पड़ोसी देश पाकिस्तान में भी जोर-शोर से हो रही है. क्रिकेट एक्सपर्ट्स, पूर्व खिलाड़ी और स्पोर्ट्स एंकर्स वैभव की तारीफ करते नहीं थक रहे हैं.
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एलिमिनेटर मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 29 गेंदों में 97 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया. उनकी बल्लेबाजी इतनी आक्रामक थी कि अनुभवी गेंदबाज भी बेबस नजर आए. युवा बल्लेबाज ने मैदान के चारों ओर शॉट्स लगाए और कुछ ही मिनटों में मैच का रुख बदल दिया.
शतक से चूके, लेकिन इतिहास रच गए
वैभव सूर्यवंशी आईपीएल इतिहास के सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड तोड़ने के बेहद करीब पहुंच गए थे. उन्होंने 28 गेंदों पर 97 रन बना लिए थे और सिर्फ एक बड़े शॉट की जरूरत थी. लेकिन उसी दौरान वह कैच आउट हो गए और रिकॉर्ड बनने से रह गया.
आईपीएल में सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड अब भी वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल के नाम दर्ज है. गेल ने साल 2013 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से खेलते हुए सिर्फ 30 गेंदों में शतक लगाया था. यही वजह है कि उन्हें “यूनिवर्स बॉस” कहा जाता है. हालांकि क्रिकेट फैंस और एक्सपर्ट्स का मानना है कि जिस अंदाज में वैभव बल्लेबाजी कर रहे हैं, वह आने वाले समय में यह रिकॉर्ड भी तोड़ सकते हैं.
पाकिस्तान में मिला ‘कॉम्प्लान बॉय’ का नाम
वैभव सूर्यवंशी की इस धमाकेदार पारी के बाद पाकिस्तान में भी उनका नाम तेजी से वायरल हो गया. कई पाकिस्तानी क्रिकेट विश्लेषकों और पूर्व खिलाड़ियों ने सोशल मीडिया और यूट्यूब शो में उनकी जमकर तारीफ की.
पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर और कोच बासित अली ने अपने यूट्यूब चैनल पर वैभव की बल्लेबाजी को लेकर खास चर्चा की. उन्होंने कहा कि पहले क्रिस गेल को “मिस्टर यूनिवर्स” कहा जाता था, लेकिन अब यह नया बच्चा क्रिकेट का अगला “मिस्टर यूनिवर्स” बन सकता है.
बासित अली ने मजाकिया अंदाज में वैभव को “कॉम्प्लान बॉय” कहा और उनकी बल्लेबाजी की तुलना बड़े-बड़े अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों से की. उन्होंने कहा कि यह खिलाड़ी आने वाले वर्षों में दुनिया भर में अपनी पहचान बनाएगा.
“ईस्ट टू वेस्ट, सूर्यवंशी इज द बेस्ट”
बासित अली ने अपने शो में कहा कि वैभव सूर्यवंशी में डर नाम की कोई चीज नहीं दिखाई देती. उनके अनुसार 15 साल की उम्र में जिस तरह की बल्लेबाजी वैभव कर रहे हैं, वह बेहद दुर्लभ है. उन्होंने कहा कि जब यह खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलेगा तो दुनिया भर में छा जाएगा. उन्होंने वैभव के लिए तालियां बजाते हुए कहा कि यह बच्चा क्रिकेट का भविष्य बन सकता है.
पाकिस्तान में भी ट्रेंड करने लगी वैभव की पारी
पाकिस्तान के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी को लेकर काफी चर्चा देखने को मिली. कई क्रिकेट शो और डिजिटल चैनलों पर उनकी पारी को बार-बार दिखाया गया.
कराची के एक क्रिकेट फैन ने एक शो के दौरान कहा कि पाकिस्तान में ईद का माहौल है, लेकिन लोग सबसे ज्यादा चर्चा वैभव सूर्यवंशी की पारी की कर रहे हैं. वहीं शो की होस्ट ने मजाकिया अंदाज में कहा कि असली ईद तो वैभव मना रहे हैं.
एक अन्य स्पोर्ट्स शो में एंकर ने कहा कि 29 गेंदों पर 97 रन बनाना किसी वीडियो गेम जैसा लग रहा था. उन्होंने कहा कि वैभव की स्ट्राइक रेट और शॉट खेलने की क्षमता देखकर दुनिया हैरान है.
पेट कमिंस जैसे गेंदबाजों को भी नहीं छोड़ा
क्रिकेट विश्लेषकों का कहना है कि वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ युवा गेंदबाजों के खिलाफ ही नहीं, बल्कि अनुभवी अंतरराष्ट्रीय गेंदबाजों के खिलाफ भी बेखौफ बल्लेबाजी की. ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज पैट कमिंस जैसे विश्वस्तरीय गेंदबाजों के खिलाफ भी उन्होंने बड़े शॉट लगाए.
ये भी पढ़ें- त्विषा शर्मा मर्डर की सच्चाई आएगी सामने! गिरिबाला और समर्थ को 5 दिन की CBI रिमांड, आमने-सामने होगी पूछताछ