ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान का नया प्लान, LoC के पास 80 लॉन्चपैड तैयार; भारत में घुसपैठ की तैयारी

पाकिस्तान सर्दियों में बर्फबारी शुरू होने से पहले जम्मू-कश्मीर में आतंकियों की घुसपैठ कराने की कोशिश में जुटा है. इसके लिए पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में करीब 80 आतंकी लॉन्चपैड तैयार किए गए हैं.

Pakistan 80 launchpads readied near the LoC for infiltration into India Jammu Kashmir
प्रतिकात्मक तस्वीर/ AI

Pakistan Terror Launchpads: पाकिस्तान सर्दियों में बर्फबारी शुरू होने से पहले जम्मू-कश्मीर में आतंकियों की घुसपैठ कराने की कोशिश में जुटा है. इसके लिए पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में करीब 80 आतंकी लॉन्चपैड तैयार किए गए हैं. इनमें से 60 से ज्यादा लॉन्चपैड जम्मू क्षेत्र में नियंत्रण रेखा (LoC) के सामने बनाए गए हैं.

इन लॉन्चपैड पर थर्मल सेंसर और एंटी-ड्रोन सिस्टम भी लगाए गए हैं, ताकि भारतीय सेना की निगरानी से बचा जा सके. खुफिया जानकारी के मुताबिक, पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI इन ठिकानों को संचालित कर रही है. यहां लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद के 4 से 5 आतंकियों को रखा गया है. ये आतंकी भारतीय सीमा में घुसने के मौके का इंतजार कर रहे हैं.

ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान ने बदली रणनीति

ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेना ने पाकिस्तान में मौजूद कई बड़े आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया था. इस कार्रवाई में कई अहम ठिकाने तबाह हो गए थे. इसके बाद पाकिस्तान ने अपनी रणनीति में बदलाव किया है.

अब बड़े आतंकी ठिकाने बनाने के बजाय छोटे-छोटे लॉन्चपैड तैयार किए जा रहे हैं. हर लॉन्चपैड पर कुछ ही आतंकियों को रखा जा रहा है. इसके पीछे मकसद यह है कि अगर भारतीय सेना किसी एक ठिकाने पर कार्रवाई करती है, तो दूसरे ठिकानों पर मौजूद आतंकियों को नुकसान न पहुंचे. छोटे ठिकानों की वजह से इन्हें पहचानना भी मुश्किल हो सकता है.

थर्मल सेंसर और एंटी-ड्रोन सिस्टम से निगरानी

पाकिस्तान ने इन लॉन्चपैड की सुरक्षा के लिए आधुनिक उपकरण लगाए हैं. थर्मल सेंसर की मदद से रात के अंधेरे और खराब मौसम में भी इंसानों की मौजूदगी का पता लगाया जा सकता है.

वहीं, एंटी-ड्रोन सिस्टम का इस्तेमाल निगरानी के लिए आने वाले ड्रोन का पता लगाने और उन्हें रोकने में किया जाता है. इन तकनीकों के जरिए पाकिस्तान इन ठिकानों को भारतीय सेना की नजर से बचाने की कोशिश कर रहा है.

सर्दियों में बर्फबारी के कारण LoC के कई रास्तों पर आवाजाही मुश्किल हो जाती है. ऐसे में पाकिस्तान की कोशिश है कि मौसम ज्यादा खराब होने से पहले आतंकियों को भारतीय सीमा में भेजा जा सके.

हाफिज सईद रावलपिंडी और मसूद अजहर नवाबशाह पहुंचा

इस बीच ISI ने लश्कर-ए-तैयबा के सरगना हाफिज सईद और जैश-ए-मोहम्मद के प्रमुख मसूद अजहर को भी उनके पुराने ठिकानों से दूसरी जगह भेज दिया है. बताया जा रहा है कि पिछले एक हफ्ते के दौरान दोनों की सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव किया गया है.

हाफिज सईद को लाहौर के जोहर इलाके से रावलपिंडी के गैरिसन ग्राउंड में शिफ्ट किया गया है. वहीं, मसूद अजहर को सिंध प्रांत के नवाबशाह में एक सुरक्षित ठिकाने पर रखा गया है.

ऑडियो मैसेज के जरिए लश्कर के संपर्क में हाफिज सईद

पाकिस्तान का दावा है कि हाफिज सईद आतंकी फंडिंग से जुड़े मामलों में लाहौर की कोट लखपत जेल में सजा काट रहा है. हालांकि, खुफिया सूत्रों के मुताबिक, वह जेल में नहीं बल्कि ISI के सुरक्षित ठिकाने पर रह रहा है.

बताया जा रहा है कि उसकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है और उसकी आवाजाही पर भी पाबंदियां लगाई गई हैं. अब वह लश्कर के सदस्यों से सीधे मिलने के बजाय ऑडियो मैसेज के जरिए संपर्क करता है.

ऑपरेशन सिंदूर के बाद कमजोर हुआ जैश का नेटवर्क

ऑपरेशन सिंदूर में बहावलपुर स्थित जैश-ए-मोहम्मद के मुख्य ठिकाने को भारी नुकसान पहुंचा था. इसके बाद संगठन का नेटवर्क पहले के मुकाबले कमजोर हुआ है. वहीं, गुर्दों की बीमारी से जूझ रहे मसूद अजहर की सक्रियता भी कम होने की बात सामने आई है.

मसूद अजहर को संयुक्त राष्ट्र (UN) ने वैश्विक आतंकवादी घोषित कर रखा है. वहीं, हाफिज सईद भी भारत में हुए कई आतंकी हमलों के मामलों में वांछित है.

ये भी पढ़ें- आशिकी के चक्कर में फंसे NVIDIA CEO, दांव पर 22 लाख करोड़! अमेरिका-चीन के बीच बढ़ेगा तनाव?