वेनेजुएला में अमेरिकी सैन्य कार्रवाई और राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी के दावे के बाद भारत की राजनीति में भी इस मुद्दे की गूंज सुनाई देने लगी है. ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने इस घटनाक्रम का हवाला देते हुए केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है.
मुंबई में एक सार्वजनिक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ओवैसी ने सवाल उठाया कि अगर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की अगुवाई में अमेरिकी सेना किसी दूसरे देश के मौजूदा राष्ट्रपति को उसके ही देश से पकड़कर अमेरिका ले जा सकती है, तो भारत 26/11 मुंबई आतंकी हमलों के जिम्मेदार लोगों को पाकिस्तान से वापस क्यों नहीं ला सकता.
मोदी, शाह और फडणवीस का नाम लेकर सवाल
अपने भाषण में ओवैसी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का नाम लेते हुए कहा कि दुनिया ने अभी देखा है कि अमेरिकी सेना ने वेनेजुएला में कार्रवाई कर राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को हिरासत में लिया और उन्हें देश से बाहर ले गई.
उन्होंने कहा कि जब अमेरिका इस तरह की कार्रवाई कर सकता है और जब सऊदी अरब यमन के बंदरगाहों पर सैन्य हमले कर सकता है, तो फिर भारत पाकिस्तान के भीतर मौजूद आतंकियों के खिलाफ निर्णायक कदम क्यों नहीं उठा सकता.
26/11 के मास्टरमाइंड का जिक्र
ओवैसी ने सीधे तौर पर 26/11 मुंबई आतंकी हमलों के मास्टरमाइंड का मुद्दा उठाते हुए कहा कि देश आज भी न्याय की प्रतीक्षा कर रहा है. उन्होंने कहा कि चाहे वह जैश-ए-मोहम्मद का प्रमुख मसूद अजहर हो या लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा कोई अन्य आतंकी नेता, भारत को उन्हें वापस लाने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए.
#WATCH | Mumbai | AIMIM chief Asaduddin Owaisi said, "Today we heard that US President Donald Trump's forces captured Venezuelan President Nicolas Maduro and took him from his country to America. If US President Donald Trump can abduct Venezuelan President Nicolas Maduro from his… pic.twitter.com/OTLyZJ4goK
— ANI (@ANI) January 3, 2026
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री अक्सर “56 इंच के सीने” की बात करते हैं, तो फिर ऐसी ताकत दिखाते हुए आतंकियों को पाकिस्तान से उठाकर भारत क्यों नहीं लाया जाता.
मादुरो ऑपरेशन से जोड़ा बयान
ओवैसी का यह बयान वेनेजुएला में अमेरिका द्वारा किए गए हालिया सैन्य अभियान की पृष्ठभूमि में आया है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने खुद पुष्टि की थी कि वेनेजुएला पर बड़े पैमाने पर हमले किए गए और राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को उनकी पत्नी के साथ हिरासत में लेकर देश से बाहर ले जाया गया.
ट्रंप ने यह जानकारी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा की थी और कहा था कि मादुरो को न्यूयॉर्क ले जाया गया है, जहां उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें- बिजली बंद, 150 विमान और 30 मिनट का ऑपरेशन... अमेरिका ने वेनेजुएला में घुसकर मादुरो को कैसे पकड़ा?