OTT Release This Week: ओटीटी प्लेटफॉर्म अब सिर्फ मनोरंजन का जरिया नहीं रहे, बल्कि हर हफ्ते दर्शकों के लिए नई कहानियों, नए किरदारों और अलग-अलग जॉनर का खजाना लेकर आते हैं. जुलाई का यह सप्ताह भी बिंज-वॉचर्स के लिए किसी ट्रीट से कम नहीं है. अगर आप नई वेब सीरीज और फिल्मों का इंतजार कर रहे हैं तो आने वाले सात दिनों में नेटफ्लिक्स, प्राइम वीडियो, जियो हॉटस्टार, सोनी लिव और एप्पल टीवी जैसे प्लेटफॉर्म पर कॉमेडी, रोमांस, थ्रिलर, एक्शन, डॉक्यूमेंट्री और फैमिली ड्रामा का शानदार मिश्रण देखने को मिलेगा. आइए जानते हैं 20 जुलाई से 26 जुलाई के बीच कौन-कौन सी फिल्में और वेब सीरीज आपकी वॉचलिस्ट का हिस्सा बनने वाली हैं.
मुसाफिर कैफे
विक्रांत मैसी, वेदिका पिंटो और महिमा मकवाना की मुख्य भूमिकाओं वाली 'मुसाफिर कैफे' चर्चित लेखक दिव्या प्रकाश दुबे के लोकप्रिय उपन्यास पर आधारित है. कहानी कई अलग-अलग टाइमलाइन में आगे बढ़ती है और एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर चंदर की जिंदगी के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसकी दुनिया दो महिलाओं के आने से पूरी तरह बदल जाती है. रिश्तों, भावनाओं और जीवन के फैसलों को खूबसूरती से दिखाती यह सीरीज 24 जुलाई से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी.
आदर्श बाल विद्यालय
केके मेनन, नवीन कस्तूरिया, अर्चना पूरन सिंह और प्रसन्ना बिष्ट अभिनीत 'आदर्श बाल विद्यालय' एक हल्के-फुल्के अंदाज में गंभीर सामाजिक मुद्दे को सामने लाती है. दिल्ली के एक सरकारी स्कूल के बेफिक्र हेडमास्टर की कोशिशें कैसे पूरे सिस्टम में बदलाव की शुरुआत करती हैं, यही इस कहानी का मूल आधार है. यह ड्रामा 24 जुलाई से प्राइम वीडियो पर उपलब्ध होगा.
पल्लीचट्टम्बी
मलयालम फिल्म 'पल्लीचट्टम्बी' दर्शकों को 1950 के दशक के केरल में ले जाती है. फिल्म 'विमोचन समरम' के दौर की राजनीतिक और सामाजिक उथल-पुथल को बड़े पर्दे जैसी भव्यता के साथ ओटीटी पर पेश करती है. पृथ्वीराज सुकुमारन और कायाडू लोहार की दमदार मौजूदगी इस फिल्म को और खास बनाती है. इसे 24 जुलाई से सोनी लिव पर देखा जा सकेगा.
72 आवर्स
केविन हार्ट स्टारर '72 आवर्स' एक ऐसी कॉमेडी फिल्म है जिसमें 40 वर्षीय एग्जीक्यूटिव गलती से युवाओं के ग्रुप चैट का हिस्सा बन जाता है. इसके बाद शुरू होती है तीन दिनों की ऐसी बैचलर पार्टी, जो उसकी जिंदगी और करियर दोनों बदलने की कोशिश करती है. हल्के-फुल्के मनोरंजन की तलाश करने वालों के लिए यह फिल्म 24 जुलाई से नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध होगी.
द डिंक
जेक जॉनसन अभिनीत 'द डिंक' खेल और कॉमेडी का बेहतरीन मेल है. चोट के बाद एक टेनिस खिलाड़ी की जिंदगी किस तरह पिकलबॉल की दुनिया में नया मोड़ लेती है, यही इस फिल्म की खासियत है. बेन स्टिलर और एड हैरिस जैसे कलाकार इसे और भी दिलचस्प बनाते हैं. यह फिल्म 24 जुलाई को एप्पल टीवी पर रिलीज होगी.
स्टुअर्ट फेल्स टू सेव द यूनिवर्स
लोकप्रिय शो 'द बिग बैंग थ्योरी' के प्रशंसकों के लिए यह सप्ताह बेहद खास रहने वाला है. 'स्टुअर्ट फेल्स टू सेव द यूनिवर्स' में कॉमिक बुक स्टोर के मालिक स्टुअर्ट ब्लूम एक ऐसे मिशन पर निकलते हैं, जहां उन्हें मल्टीवर्स को तबाही से बचाना होता है. साइंस, कॉमेडी और एडवेंचर का यह अनोखा मिश्रण 24 जुलाई से जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम होगा.
रैनसम कैन्यन सीजन 2
टेक्सास के तीन रैंचिंग परिवारों की कहानी को आगे बढ़ाते हुए 'रैनसम कैन्यन' का दूसरा सीजन कई नए रहस्यों और रिश्तों का खुलासा करेगा. पारिवारिक राजनीति, पुराने राज और नई चुनौतियों से भरी यह ड्रामा सीरीज 23 जुलाई से नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी.
द डेट कलेक्टर
थाई एक्शन फिल्म 'द डेट कलेक्टर' एक ऐसे व्यक्ति की कहानी है जो घातक बीमारी से जूझने के बावजूद अपराध की दुनिया में दोबारा कदम रखता है. उसका मकसद उन लोगों से बदला लेना है जिन्होंने मासूम लोगों की जिंदगी बर्बाद कर दी. तेज रफ्तार एक्शन पसंद करने वालों के लिए यह फिल्म 23 जुलाई से नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध होगी.
एलीट फोर्स
फ्रेंच सीरीज 'एलीट फोर्स' में एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी को आखिरी बार एक बेहद खतरनाक मिशन की कमान सौंपी जाती है. यह मिशन उसे सिर्फ दुश्मनों से नहीं बल्कि अपने अतीत से भी लड़ने पर मजबूर कर देता है. एक्शन और थ्रिल से भरपूर यह शो 22 जुलाई से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगा.
द टॉक्सिक लव स्टोरी
अगर आपको ट्रू क्राइम डॉक्यूमेंट्री पसंद हैं तो 'द टॉक्सिक लव स्टोरी' आपकी वॉचलिस्ट में जरूर होनी चाहिए. एक नवविवाहित यूएस मार्शल और उसकी पत्नी की जिंदगी में तब भूचाल आ जाता है जब एक स्टॉकिंग केस सामने आता है और शक की सुई मार्शल की पूर्व प्रेमिका की ओर घूम जाती है. यह डॉक्यूमेंट्री सीरीज 22 जुलाई से नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध होगी.
माई डॉटर्स फादर
मैक्सिकन फिल्म 'माई डॉटर्स फादर' एक डॉक्टर की भावनात्मक कहानी है, जो अपनी बीमार बेटी के लिए किडनी डोनर की तलाश में जुटा है. लेकिन इलाज की इस दौड़ के दौरान सामने आए एक सीक्रेट अफेयर और डीएनए टेस्ट की सच्चाई दो परिवारों की जिंदगी बदल देती है. भावनात्मक और सस्पेंस से भरपूर यह फिल्म 22 जुलाई से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी.
ये भी पढ़ें: 'Avengers: Doomsday' का ट्रेलर रिलीज, डॉक्टर डूम से भिड़ने लौटे कई बड़े सुपरहीरो, देखें VIDEO