यूपी के युवाओं के लिए सुनहरा मौका, 5 लाख तक मिलेगा ब्याज मुक्त लोन; शुरू हुई आवेदन प्रक्रिया

UP Youth Loan: बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है. मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत अब युवा अपना उद्योग या सेवा आधारित व्यवसाय शुरू करने के लिए सरकार से आर्थिक मदद ले सकते हैं.

opportunity for youth of UP interest free loan Rs 5 lakh will be available Application process
Image Source: Social Media

UP Youth Loan: बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है. मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत अब युवा अपना उद्योग या सेवा आधारित व्यवसाय शुरू करने के लिए सरकार से आर्थिक मदद ले सकते हैं.

इस योजना के अंतर्गत पात्र युवाओं को अधिकतम 5 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जाएगा. इसके साथ ही परियोजना लागत का 10 प्रतिशत हिस्सा अनुदान के रूप में भी दिया जाएगा, जिससे नए व्यवसाय की शुरुआत करना और आसान हो सके.

जिले में 1800 युवाओं को जोड़ने का लक्ष्य

जिला स्तर पर इस योजना के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है. प्रशासन ने इस बार करीब 1800 युवाओं को इस योजना से जोड़कर रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य तय किया है.

जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन विभाग इस योजना को संचालित कर रहा है और इच्छुक अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं. अधिकारियों का मानना है कि इससे स्थानीय स्तर पर छोटे उद्योग और सेवा क्षेत्र को बढ़ावा मिलेगा.

ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू

इस योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. इच्छुक अभ्यर्थी ऑनलाइन माध्यम से आधिकारिक वेबसाइट के जरिए आवेदन कर सकते हैं. आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेजों और पात्रता की शर्तों को ध्यान में रखते हुए युवा आसानी से इस योजना का लाभ उठा सकते हैं और अपने व्यवसाय की शुरुआत कर सकते हैं.

अधिकारियों ने युवाओं से की अपील

उपायुक्त उद्योग दिनेश कुमार चौरसिया ने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नौकरी ढूंढने के बजाय खुद रोजगार सृजित करने के लिए प्रेरित करना है. उन्होंने कहा कि शिक्षित और प्रशिक्षित युवाओं के लिए यह एक अच्छा अवसर है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकते हैं और दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा कर सकते हैं.

पात्रता की प्रमुख शर्तें

इस योजना का लाभ लेने के लिए कुछ जरूरी शर्तें निर्धारित की गई हैं...

  • आवेदक उत्तर प्रदेश का निवासी होना चाहिए
  • आयु सीमा 21 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए
  • न्यूनतम शैक्षिक योग्यता कक्षा 8वीं निर्धारित है (इंटरमीडिएट को प्राथमिकता)
  • किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या सरकारी योजना से कौशल प्रशिक्षण प्रमाण पत्र होना आवश्यक है

इन प्रशिक्षण योजनाओं में विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, एक जनपद एक उत्पाद (ODOP), टूल किट योजना, अनुसूचित जाति/जनजाति/पिछड़ा वर्ग प्रशिक्षण योजना और उत्तर प्रदेश कौशल उन्नयन जैसी योजनाएं शामिल हैं.

छोटे व्यवसायों को मिलेगा बढ़ावा

इस योजना के जरिए छोटे उद्योग, कुटीर उद्योग और सेवा आधारित व्यवसायों को बढ़ावा देने पर जोर दिया जा रहा है. इससे न केवल युवाओं को रोजगार मिलेगा, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी.

ये भी पढ़ें- UP News: गाजीपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, बोलेरो को बचाने में अनियंत्रित हुई बस; दो महिलाओं की मौत