Ghazipur Road Accident: गाजीपुर जिले के नंदगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. नैसारे गांव के सामने वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर एक टूरिस्ट बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई. इस हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 35 यात्री घायल हो गए.
घायलों में से तीन की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने राहत-बचाव कार्य में मदद की.
मृतकों की पहचान, पुलिस ने संभाली स्थिति
इस हादसे में जान गंवाने वाली महिलाओं की पहचान अन्नपूर्णा देवी (50 वर्ष), निवासी पूना और सरस्वती देवी (70 वर्ष), निवासी बुलढाणा के रूप में हुई है. घटना की जानकारी मिलते ही एएसपी सिटी डॉ. राकेश कुमार मिश्रा पुलिस टीम के साथ मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायलों का हाल जाना. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है.
बोलेरो को बचाने में अनियंत्रित हुई बस
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस चालक ने सड़क पर अचानक सामने आई बोलेरो गाड़ी को बचाने की कोशिश की. इसी दौरान बस का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर से टकराकर पलट गई. हादसा इतना जबरदस्त था कि बस के पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई. आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने में मदद की.
नेपाल यात्रा से लौट रहे थे सभी यात्री
पुलिस के अनुसार, ये सभी यात्री महाराष्ट्र के जलगांव और बुलढाणा जिलों के विभिन्न गांवों से आए थे. करीब 95 से 96 लोगों का समूह दो बसों में यात्रा कर रहा था. यह दल पहले वाराणसी और चित्रकूट में दर्शन करने के बाद तीन दिन पहले नेपाल के काठमांडू गया था. वापसी के दौरान यह हादसा हुआ, जिससे यात्रा मातम में बदल गई.
अस्पताल में जारी इलाज, कई की हालत गंभीर
घटना के बाद सभी घायलों को तुरंत मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है. डॉक्टरों के मुताबिक कई घायलों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और उन्हें लगातार निगरानी में रखा गया है. प्रशासन की ओर से राहत और इलाज की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है.
जांच में जुटी पुलिस, हादसे के कारणों की पड़ताल
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है. प्रारंभिक तौर पर चालक का नियंत्रण खोना मुख्य वजह माना जा रहा है, लेकिन अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ें- विधानसभा चुनाव 2026: असम, केरल और पुडुचेरी में बंपर मतदान, दोपहर 1 बजे तक इतनी हुई वोटिंग