Oppo Find X9 Series: यदि आप एक दमदार कैमरा और परफॉर्मेंस वाला स्मार्टफोन खरीदने की सोच रहे हैं, तो आपके लिए बड़ी खबर है. ओप्पो अपनी नई फाइंड एक्स9 सीरीज को अगले महीने भारत में लॉन्च करने वाला है. इस बार कंपनी ने मीडियाटेक के साथ हाथ मिलाकर डायमेंसिटी 9500 चिपसेट के साथ इस सीरीज को पेश करने का फैसला किया है. चीन में 16 अक्टूबर को लॉन्च होने के बाद यह सीरीज भारत में भी दस्तक देगी.
Oppo Find X9 Series में कौन-कौन से मॉडल होंगे शामिल?
ओप्पो फाइंड एक्स9 सीरीज में दो मुख्य मॉडल होंगे — फाइंड एक्स9 और फाइंड एक्स9 प्रो. दोनों ही मॉडल मीडियाटेक के फ्लैगशिप डायमेंसिटी 9500 चिपसेट से लैस होंगे, जो पिछले फाइंड एक्स8 सीरीज की तुलना में लगभग 33% तेज है. यह नया चिपसेट आर्म G1-Ultra GPU के साथ आता है और इसमें उच्चतम 4.21GHz की फ्रिक्वेंसी वाला प्राइम कोर, तीन 3.50GHz वाले प्रीमियम कोर और चार 2.70GHz वाले परफॉर्मेंस कोर शामिल हैं. यह प्लेटफॉर्म सिंगल-कोर और मल्टी-कोर प्रदर्शन दोनों में बेहतर सुधार लाता है.
दमदार हार्डवेयर: रैम, स्टोरेज और रंग विकल्प
फाइंड एक्स9 सीरीज 16GB तक रैम और 1TB तक स्टोरेज विकल्प के साथ आएगी. यूज़र्स को तीन खूबसूरत रंगों — चेजिंग रेड, वेलवेट टाइटेनियम और फ्रॉस्टी व्हाइट — में यह फोन मिलेगा. साथ ही, ये दोनों फोन एंड्रॉइड 16 पर आधारित कलरओएस 16 के साथ पेश किए जाएंगे, जो उपयोगकर्ता अनुभव को और बेहतर बनाएंगे.
कैमरे में मिलेगा हैसलब्लैड का प्रोफेशनल टच
कैमरा खासतौर पर इस सीरीज की सबसे बड़ी खासियत होगी. ओप्पो फाइंड एक्स9 प्रो में 200 मेगापिक्सल का पेरिस्कोप टेलीफोटो कैमरा मिलेगा, जिसकी फोकल लेंथ 70mm होगी. यह कैमरा सेटअप हैसलब्लैड द्वारा ट्यून किया गया है, जिससे तस्वीरों की गुणवत्ता बेहद शानदार होगी. साथ ही, हैसलब्लैड प्रोफेशनल फोटोग्राफी किट भी यूज़र्स को मिलेगा, जो फोटोग्राफी के शौकीनों के लिए एक बड़ा प्लस है.
बैटरी और चार्जिंग सपोर्ट
बैटरी के मामले में भी यह सीरीज पीछे नहीं है. फाइंड एक्स9 में 7,000mAh की बड़ी बैटरी दी जाएगी, जबकि फाइंड एक्स9 प्रो में 7,500mAh की पावरफुल बैटरी होगी. दोनों ही मॉडल फास्ट चार्जिंग सपोर्ट के साथ आएंगे, जिससे फोन जल्दी चार्ज होकर लंबे समय तक चल सकेगा.
ये भी पढ़ें: WhatsApp में जुड़ा नया फीचर, अब प्रोफाइल में Facebook अकाउंट जोड़ने का विकल्प