Operation Sindoor: ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को आज एक साल पूरा हो गया है. पिछले साल पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने आतंकवाद के खिलाफ बड़ी सैन्य कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में मौजूद कई आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया था. इस ऑपरेशन की पहली वर्षगांठ पर भारतीय सेना ने गुरुवार को करीब 1 मिनट 30 सेकेंड का एक विशेष वीडियो जारी किया, जिसमें ऑपरेशन की झलक और आतंकियों के खिलाफ की गई कार्रवाई को दिखाया गया.
सेना की ओर से जारी वीडियो में भारत की सैन्य ताकत, रणनीतिक तैयारी और आतंकवाद के खिलाफ सख्त रुख को प्रमुखता से दिखाया गया है. वीडियो में यह संदेश भी दिया गया कि देश की संप्रभुता और नागरिकों की सुरक्षा के लिए भारतीय सेना हर परिस्थिति में पूरी मजबूती से खड़ी है.
पहलगाम हमले के बाद बदला माहौल
22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम स्थित बैसरन घाटी में हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था. दोपहर के समय आतंकवादियों ने पर्यटकों को निशाना बनाते हुए गोलीबारी शुरू कर दी थी. इस हमले में 26 पुरुष पर्यटकों की मौत हुई थी. घटना के बाद पूरे देश में गुस्सा देखने को मिला और केंद्र सरकार ने आतंकवाद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का संकेत दिया.
हमले के कुछ सप्ताह बाद भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू किया. इस सैन्य अभियान का मकसद सीमा पार बैठे आतंकवादी संगठनों के नेटवर्क और उनके लॉन्च पैड को निशाना बनाना था. भारतीय सेना ने बेहद सुनियोजित तरीके से पाकिस्तान और PoK में स्थित आतंकी ढांचों पर हमला किया.
सेना ने जारी किया जोशीला वीडियो
ऑपरेशन के एक साल पूरे होने पर भारतीय सेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो साझा किया. करीब 90 सेकेंड के इस वीडियो में ऑपरेशन की रणनीति, सेना की तैयारी और कार्रवाई की तस्वीरें दिखाई गईं. वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का भी जिक्र किया गया और यह संदेश दिया गया कि भारत आतंकवाद के खिलाफ अपनी नीति पर पूरी तरह अडिग है.
#OperationSindoor
— ADG PI - INDIAN ARMY (@adgpi) May 7, 2026
India’s resolute response calibrated and precise.
Committed to safeguarding sovereignty and its people.#JusticeServed
Jai Hind. pic.twitter.com/fegLXxMJjm
सेना ने अपने संदेश में कहा कि भारत की प्रतिक्रिया पूरी तरह सटीक, योजनाबद्ध और निर्णायक थी. साथ ही यह भी दोहराया गया कि देश की सुरक्षा और नागरिकों की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है.
पाकिस्तान और PoK में 9 ठिकानों पर हमला
‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में मौजूद कुल 9 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया था. इन हमलों में कई बड़े आतंकी संगठनों के बेस तबाह किए गए.
कार्रवाई के दौरान बहावलपुर स्थित जैश-ए-मोहम्मद (JeM) के मुख्यालय को निशाना बनाया गया. इसके अलावा मुजफ्फराबाद के सवाई नाला और सैयद ना बिलाल क्षेत्र, मुरीदके में लश्कर-ए-तैयबा के ठिकाने, सियालकोट के महमूना जोया, कोटली के गुलपुर और अब्बास कैंप, तथा भीमबर के बरनाला और सरजल स्थित आतंकी ढांचों पर भी हमले किए गए.
भारतीय सेना का दावा था कि इन हमलों में आतंकियों के कई लॉन्च पैड और ट्रेनिंग सेंटर पूरी तरह नष्ट हो गए. रिपोर्ट्स के मुताबिक, कार्रवाई में कम से कम 100 आतंकियों के मारे जाने का दावा किया गया था.
7 मई की रात शुरू हुआ था ऑपरेशन
भारतीय सेना ने 7 मई की रात बड़े पैमाने पर यह सैन्य अभियान शुरू किया था. ऑपरेशन के दौरान भारतीय वायु और सैन्य बलों ने बेहद सटीक हमले किए. सेना ने दावा किया कि पूरी कार्रवाई आतंकवादी ढांचे को खत्म करने पर केंद्रित थी और नागरिक इलाकों को नुकसान से बचाने की पूरी कोशिश की गई.
ऑपरेशन के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव काफी बढ़ गया था. पाकिस्तान की ओर से भी जवाबी कार्रवाई की कोशिशें की गईं, लेकिन भारतीय सेना ने अधिकांश हमलों को विफल कर दिया.
88 घंटे तक चला तनाव
करीब 88 घंटे तक दोनों देशों के बीच सैन्य तनाव बना रहा. इस दौरान सीमा पर हाई अलर्ट जारी रहा और दोनों देशों की सेनाएं पूरी तरह सक्रिय रहीं. हालात को नियंत्रित करने के लिए दोनों देशों के शीर्ष सैन्य अधिकारियों के बीच हॉटलाइन पर बातचीत भी हुई.
अंततः 10 मई को दोनों पक्षों के बीच सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति बनी, जिसके बाद संघर्ष की स्थिति धीरे-धीरे शांत हुई. हालांकि इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर भारत की आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति को स्पष्ट कर दिया.
ये भी पढ़ें- भारत ने बंगाल की खाड़ी में जारी किया NOTAM, बंद किया एयरस्पेस, किस मिसाइल टेस्ट की हो रही तैयारी?