वनप्लस एक बार फिर टेक मार्केट में हलचल मचाने की तैयारी में है. कंपनी ने अपनी UK और EU वेबसाइट पर चुपचाप एक नई स्मार्टवॉच का टीज़र जारी कर दिया है, जिसे फिलहाल "OnePlus New Watch" नाम दिया गया है. खास बात यह है कि इसे आधिकारिक रूप से पेश नहीं किया गया, लेकिन टीज़र ने साफ इशारा कर दिया है कि वनप्लस एक नया वियरेबल पेश करने के बेहद करीब है. कंपनी का यह कदम वनप्लस 15R स्मार्टफोन के लॉन्च के साथ जुड़ा हुआ माना जा रहा है, जिससे उम्मीद बढ़ गई है कि आने वाले हफ्तों में वनप्लस कई बड़ी घोषणाएं कर सकता है.
वनप्लस की ओर से जारी किए गए लैंडिंग पेज पर वॉच की हल्की आकृति (outline) दिखाई देती है. इसमें एक गोल डायल, उभरा हुआ क्राउन और किनारों पर नुकीली फिनिश नज़र आती है. डिज़ाइन उन रिपोर्ट्स से मेल खाता है जिनमें बताया गया था कि यह वॉच हाल ही में चीन में लॉन्च हुई Oppo Watch S पर आधारित हो सकती है.
खास और स्लिम बॉडी वॉच
टीज़र में दिखा सिलुएट बेहद स्लिम बॉडी वाला लगता है, जो Oppo Watch S की तरह 1.46-इंच AMOLED डिस्प्ले और पतले 8.9 मिमी बॉडी डिज़ाइन का संकेत देता है. यदि ऐसा है, तो वनप्लस यह मॉडल अपनी Watch 3 सीरीज़ का हल्का और अधिक कम्फर्ट-ओरिएंटेड विकल्प के रूप में पेश कर सकता है.
यह OnePlus Watch 4 नहीं, बल्कि एक हल्का मॉडल होने की संभावना
रिपोर्ट्स के अनुसार यह वॉच OnePlus Watch 4 नहीं है, जिसका लॉन्च 2026 की शुरुआत में होने की उम्मीद है. यह संभवतः Watch 3R नाम का वेरिएंट हो सकता है या फिर Oppo Watch S का ग्लोबल एडिशन. Oppo Watch S की पहचान इसकी बेहतरीन बैटरी लाइफ से है, जो लगभग 10 दिनों तक चल सकती है. अगर वनप्लस इसी तकनीक को अपनाता है, तो यह नई वॉच मिड-रेंज स्मार्टवॉच सेगमेंट में बड़ी चुनौती पेश कर सकती है.
लॉन्च टाइमलाइन: 15R के साथ पेश होने की उम्मीद
वनप्लस 15R स्मार्टफोन का टीज़र पहले ही सामने आ चुका है और कई लीक में बताया गया है कि कंपनी 17 दिसंबर को एक ग्लोबल लॉन्च इवेंट कर सकती है. अनुमान लगाया जा रहा है कि इसी इवेंट में नई OnePlus Watch को भी पेश किया जाएगा.वनप्लस 15 सीरीज़ के साथ कंपनी प्रीमियम डिवाइस सेगमेंट में अपना दायरा और बड़ा करने की कोशिश कर रही है. इसलिए वॉच और स्मार्टफोन का एक साथ लॉन्च कंपनी की रणनीति का हिस्सा हो सकता है.
आने वाले दिनों में खुलेंगे सभी राज
फिलहाल कंपनी ने न तो फीचर्स बताए हैं और न ही स्पेसिफिकेशन्स का खुलासा किया है. लेकिन डिजाइन संकेतों और पिछले मॉडलों की तुलना से इतना साफ है कि यह वॉच स्टाइल और बैटरी लाइफ पर फोकस करने वाली होगी.वनप्लस जल्द ही इसके लॉन्च की तारीख और फीचर्स को लेकर आधिकारिक जानकारी साझा कर सकता है. इसीलिए टेक प्रेमियों की निगाहें अब इस नए वियरेबल की ओर टिकी हुई हैं.
यह भी पढ़ें: एयरड्रॉप दिखा कर चिढ़ा नहीं सकते Apple यूजर्स, एंड्रॉयड यूजर भी कर सकेंगे फाइल शेयर