चरखी दादरी (हरियाणा) : पेरिस ओलंपिक 2024 के कुश्ती के फाइनल से अयोग्य ठहराई गईं भारतीय महिला पहलवान की अपील सीएएस (खेल पंचाट न्यायालय) CAS (Court of Arbitration for Sport) से खारिज होने पर उन्हें सिल्वर पदक मिलने की उम्मीद टूट गई है. लेकिन उनके ताऊ महावीर फोगाट ने कहा कि हम उनका गोल्ड मेडलिस्ट विजेता की तरह स्वागत करेंगे.
बुधवार को, सीएएस ने एक बयान जारी कर पुष्टि की कि, "विनेश फोगाट द्वारा 7 अगस्त को दिया गया आवेदन खारिज कर दिया गया है."
गौरतलब है कि भारतीय महिला पहलवान विनेश फोगाट एक दिन में तीन पहलवानों को हराकर ओलंपिक कुश्ती के फाइनल में जगह बनाई थी लेकिन फाइनल के लिए उनका वजन 50 किलो से ज्यादा 100 ग्राम अधिक होने से उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया था. इसके बाद विनेश मामले खेल पंचाट न्यायालय ले गई थीं और सिल्वर मेडल देने की अपील की थी लेकिन उनकी अपील खारिज हो गई. हालांकि, मामले में फैसला दो बार टलने के बाद अभी 16 अगस्त को आना है.
यह भी पढे़ं : 'कोई पोस्ट नहीं चाहिए, गली-गली पदयात्रा करूंगा, लड़ूंगा चुनाव', दिल्ली के पूर्व Dy CM मनीष सिसोदिया बोले
महावीर फोगाट ने कहा हम विनेश को 2028 ओलंपिक के लिए मनाएंगे
महावीर ने कहा कि सीएएस का फैसला आने के बाद किसी भी चीज की कोई गुंजाइश नहीं है. उन्होंने कहा कि 17 अगस्त को जब विनेश भारत वापस आएंगी तो सभी उनका स्वागत स्वर्ण पदक विजेता की तरह करेंगे.
महावीर ने कहा, "हमें उम्मीद थी कि फैसला हमारे पक्ष में होगा, लेकिन सीएएस द्वारा दिए गए फैसले के बाद किसी भी चीज की गुंजाइश नहीं है. 17 तारीख को जब विनेश वापस आएंगी तो हम उनका स्वागत स्वर्ण पदक विजेता की तरह करेंगे. हम उन्हें 2028 ओलंपिक की तैयारी के लिए मनाने की कोशिश करेंगे. हम संगीता फोगाट और रितु फोगाट को भी 2028 ओलंपिक के लिए तैयार करेंगे."
13 के बाद 16 अगस्त तक टाल दिया गया है फैसला
भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के अनुसार, फैसला मूल रूप से मंगलवार, 13 अगस्त को रात 9:30 बजे IST के लिए निर्धारित किया गया था, लेकिन इसे 16 अगस्त तक के लिए टाल दिया गया. हालांकि, बुधवार को फैसला सुनाया गया.
विनेश को 7 अगस्त को स्वर्ण पदक के लिए संयुक्त राज्य अमेरिका की सारा एन हिल्डेब्रांट का सामना करना था.
7 अगस्त को फाइनल से पहले 50 किलोग्राम वजन सीमा पार करने के बाद उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया था. उनका वजन सीमा से 100 ग्राम अधिक पाया गया. अयोग्य घोषित किए जाने के बाद, विनेश ने 50 किलोग्राम भार वर्ग में उन्हें रजत पदक देने की अपील की.
'मां कुश्ती मुझसे जीत गई, मैं हार गई', सन्यास का लिया था फैसला
8 अगस्त को, विनेश ने कुश्ती से संन्यास लेने के अपने फैसले की घोषणा करते हुए एक भावुक पोस्ट लिखी. "मां कुश्ती (कुश्ती) मुझसे जीत गई, मैं हार गई. मुझे माफ़ कर दो, तुम्हारा सपना और मेरी हिम्मत टूट गई है. अब मुझमें और ताकत नहीं है. अलविदा कुश्ती 2001-2024. मैं हमेशा आप सभी की माफ़ी के लिए ऋणी रहूंगी."
फोगाट ने अपनी पोस्ट में कहा. हिल्डेब्रांट ने क्यूबा की युस्नेलिस गुज़मैन लोपेज़ को हराकर महिलाओं की 50 किलोग्राम फ़्रीस्टाइल कुश्ती में स्वर्ण पदक हासिल किया.
यह भी पढे़ं : कोलकाता में महिला डॉक्टर के साथ रेप, हत्या पर बोले राहुल- ऐसी घटनाओं पर हर पार्टी, हर वर्ग गंभीरता से सोचे