नई दिल्ली : दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने बुधवार को कहा कि पार्टी में उनकी भूमिका मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तय करते हैं और पार्टी नेताओं से चर्चा के बाद यह तय हुआ है कि वह दिल्ली के हर विधानसभा क्षेत्र में पदयात्रा करेंगे.
सिसोदिया ने इस बात पर भी जोर दिया कि उन्हें किसी पद की चाहत नहीं है.
अभी मुझे मेरे कार्यकर्ताओं ने बुलाया है। मैं पदयात्रा निकालूँगा और जनता के बीच जाऊँगा। उनसे मिलूँगा, उनकी बात सुनूँगा।
— AAP (@AamAadmiParty) August 14, 2024
हमारी सरकार अभी ज़बरदस्त काम कर रही है। मुख्यमंत्री @ArvindKejriwal जी भी जल्द बाहर आएंगे और हम और तेज़ी से जनता के काम करेंगे।@msisodia pic.twitter.com/xUrlUrjHJG
उन्होंने कहा, "पार्टी में मेरी भूमिका पार्टी नेताओं से बातचीत के बाद तय होती है, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तय करते हैं. अभी पार्टी नेताओं से बातचीत के बाद यह तय हुआ है कि मैं गली-गली लोगों के बीच जाऊंगा. पदयात्रा करूंगा."
यह भी पढे़ं : यह किसी का निजी नहीं, देश का पदक है, हम चाहते हैं कि CAS भारत के पक्ष में दे फैसला : WFI चीफ संजय सिंह
दिल्ली के लोगों को सुविधाए मुहैया कराना, मुझे चुनाव लड़ना होगा : सिसोदिया
उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य दिल्ली के लोगों को सुविधाएं मुहैया कराना है और इसके लिए उन्हें चुनाव लड़ना होगा.
सिसोदिया ने कहा, "पिछले 17 महीनों में दिल्ली और देश की जनता के प्रति मेरा प्यार और बढ़ गया है. मुझे किसी पद की लालसा नहीं है. मेरी एक ही इच्छा है कि दिल्ली की जनता को अच्छी शिक्षा मिले. लोगों को अच्छे अस्पताल मिलें. सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था जो बेहतर हुई है, उसे और बेहतर बनाया जाए. इन इच्छाओं को पूरा करने के लिए चुनाव लड़ना जरूरी है, इसलिए मैं चुनाव लड़ूंगा."
'केजरीवाल को लेकर भी आएगा बहुत अच्छा फैसला'
23 अगस्त को अरविंद केजरीवाल की जमानत याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के बारे में आप नेता ने कहा कि उन्हें संविधान पर पूरा भरोसा है और केजरीवाल के मामले में भी बहुत अच्छा फैसला आएगा.
उन्होंने कहा, "मुझे संविधान पर भरोसा है और इसमें यह व्यवस्था है कि जब भी कोई तानाशाह सरकार आतंकवादियों पर लगाई जाने वाली धाराएं लगाकर विपक्षी नेताओं को जेल में डालेगी, तो संविधान उनकी रक्षा करेगा. सीएम केजरीवाल के मामले में भी बहुत अच्छा फैसला आएगा."
यह भी पढे़ं : कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा चुनाव हारे अभिषेक मनु सिंघवी को अब तेलंगाना से दिया मौका
भाजपा को दुख दिल्ली विधानसभा तक मुझे जेल में नहीं रख पाई : आप नेता
आप नेता मनीष सिसोदिया ने भाजपा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव तक उन्हें जेल में डालने की उनकी साजिश विफल हो गई है.
उन्होंने कहा, "भाजपा को दुख है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव तक हमें जेल में रखने की उनकी साजिश विफल हो गई है. जब केजरीवाल भी बाहर आएंगे तो उनका दुख और बढ़ जाएगा. इस मामले में कुछ भी नहीं है. जब कुछ गलत नहीं हुआ है तो फिर डरने की क्या जरूरत है?"
सिसोदिया ने दिल्ली के सीएम की पत्नी सुनीता केजरीवाल की भी तारीफ की, जिन्होंने राष्ट्रीय राजधानी के लोगों तक अरविंद केजरीवाल की भावनाओं को पहुंचाया. उन्होंने कहा, "सुनीता केजरीवाल ने बहुत अच्छी भूमिका निभाई. जब दिल्ली को मदद की जरूरत थी, तो भाजपा ने केजरीवाल को जेल में डाल दिया. उस प्यारे नेता की आवाज उनकी पत्नी ने बहुत अच्छे तरीके से लोगों तक पहुंचाई."
9 अगस्त को दिल्ली शराब नीति मामले में सिसोदिया हुए हैं जेल से रिहा
दिल्ली आबकारी नीति मामले में सुप्रीम कोर्ट द्वारा जमानत दिए जाने के बाद सिसोदिया 9 अगस्त को तिहाड़ जेल से रिहा हुए हैं. यह आदेश न्यायमूर्ति बीआर गवई और केवी विश्वनाथन की पीठ ने सुनाया.अदालत ने पासपोर्ट जमा करने और गवाहों को प्रभावित न करने सहित कई शर्तें भी लगाईं.
फरवरी 2023 में, सिसोदिया को अब रद्द कर दी गई दिल्ली की नई आबकारी नीति के निर्माण और इसे लागू करने में कथित अनियमितताओं के लिए सीबीआई ने गिरफ्तार किया था. विपक्ष द्वारा गड़बड़ी के आरोपों के बीच नीति को वापस ले लिया गया था.
सीबीआई के अनुसार, सिसोदिया ने आपराधिक साजिश में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी और वह इस नीति को बनाने के साथ-साथ इसे लागू करने में भी गहराई से शामिल थे.
यह भी पढे़ं : कोलकाता में महिला डॉक्टर के साथ रेप, हत्या पर बोले राहुल- ऐसी घटनाओं पर हर पार्टी, हर वर्ग गंभीरता से सोचे