October Release: थिएटर्स में लगेगा एंटरटेनमेंट का तड़का, बॉलीवुड से हॉलीवुड तक... ये फिल्में मचाएंगी धमाल

October Release In Theatres: अगर आप फिल्मों के शौकीन हैं और इस महीने सिनेमाघर जाने का प्लान बना रहे हैं, तो अक्टूबर आपके लिए काफी खास रहने वाला है.

october-2026-movies-bollywood-hollywood-south-release-calendar
Image Source: Social Media

October Release In Theatres: अगर आप फिल्मों के शौकीन हैं और इस महीने सिनेमाघर जाने का प्लान बना रहे हैं, तो अक्टूबर आपके लिए काफी खास रहने वाला है. महीने के 31 दिनों में दर्शकों को अलग-अलग जॉनर की कई बड़ी फिल्मों का मजा मिलने वाला है. कहीं जबरदस्त एक्शन देखने को मिलेगा, तो कहीं हॉरर और थ्रिलर का रोमांच बढ़ेगा. इसके अलावा कॉमेडी और रोमांस का तड़का भी दर्शकों का मनोरंजन करेगा.

खास बात यह है कि अक्टूबर में सिर्फ बॉलीवुड ही नहीं, बल्कि साउथ इंडियन सिनेमा और हॉलीवुड की भी कई चर्चित फिल्में बड़े पर्दे पर दस्तक देने वाली हैं. ऐसे में अगर आप आने वाले दिनों में मूवी देखने का प्लान बना रहे हैं, तो अक्टूबर की इस रिलीज लिस्ट पर एक नजर जरूर डाल लें.

बॉलीवुड की इन फिल्मों से होगा अक्टूबर का मनोरंजन

'दृश्यम 3': अक्टूबर की शुरुआत ही बॉलीवुड की चर्चित फिल्मों के साथ होने जा रही है. अजय देवगन की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'दृश्यम 3' 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्साह है. इस बार अजय देवगन के साथ तब्बू और जयदीप अहलावत भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे.

'प्रेम कीटाणु': इसी दिन कॉमेडी ड्रामा 'प्रेम कीटाणु' भी सिनेमाघरों में दस्तक देगी. अपूर्व सिंह कार्की के निर्देशन में बनी इस फिल्म में वीर पहाड़िया, आफिया सय्यद, अपारशक्ति खुराना, राकेश बेदी और निखिल विजय जैसे कलाकार नजर आएंगे.

'उड़ता तीर': इसके बाद 9 अक्टूबर को आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की स्पाई कॉमेडी ड्रामा 'उड़ता तीर' बड़े पर्दे पर आएगी. फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही उत्सुकता बनी हुई है.

 'नई नवेली': 16 अक्टूबर को यामी गौतम की 'नई नवेली' रिलीज होगी. फिल्म में कॉमेडी के साथ हॉरर का भी तड़का देखने को मिलेगा. इसी दिन राजकुमार राव और वामिका गब्बी स्टारर 'प्रहार: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्जवल निकम' भी सिनेमाघरों में रिलीज होगी. यह फिल्म उज्जवल निकम की जिंदगी पर आधारित बायोपिक है.

'पहला प्यार दूसरी बार': 23 अक्टूबर को लव रंजन की रोम-कॉम ड्रामा 'पहला प्यार दूसरी बार' सिनेमाघरों में पहुंचेगी. फिल्म के जरिए नए कलाकारों को लॉन्च किया जा रहा है. इसी तारीख को ईशा मालवीय और गुरमीत चौधरी की रोमांटिक ड्रामा फिल्म 'तुम मेरे हो' भी रिलीज होगी. फिल्म का निर्देशन आशीष पांडा ने किया है.

साउथ की फिल्मों का भी रहेगा जलवा

'विश्वंभरा': अक्टूबर में साउथ इंडियन सिनेमा के फैंस के लिए भी कई बड़े प्रोजेक्ट्स तैयार हैं. चिरंजीवी, तृषा कृष्णन और कुणाल कपूर स्टारर तेलुगु फिल्म 'विश्वंभरा' 16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. फिल्म को लेकर लंबे समय से दर्शकों के बीच चर्चा बनी हुई है.

'रणबाली': वहीं, विजय देवरकोंडा की पीरियड एक्शन ड्रामा फिल्म 'रणबाली' भी 16 अक्टूबर को रिलीज होने वाली है. फिल्म में विजय देवरकोंडा के साथ रश्मिका मंदाना मुख्य भूमिका में नजर आएंगी.

'जेलर 2': इसके अलावा सुपरस्टार रजनीकांत की चर्चित फिल्म 'जेलर' का सीक्वल 'जेलर 2' भी अक्टूबर में सिनेमाघरों में दस्तक देगा. यह फिल्म 15 अक्टूबर को रिलीज होने वाली है. रजनीकांत की मौजूदगी के चलते इस फिल्म से भी दर्शकों को काफी उम्मीदें हैं.

हॉलीवुड फिल्मों से भी मिलेगी कड़ी टक्कर

'स्ट्रीट फाइटर': अक्टूबर में भारतीय फिल्मों के साथ हॉलीवुड की कई चर्चित फिल्में भी भारतीय सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली हैं. 16 अक्टूबर को एक्शन थ्रिलर फिल्म 'स्ट्रीट फाइटर' रिलीज होगी. फिल्म की टक्कर इसी दिन रिलीज होने वाली 'नई नवेली' और 'प्रहार' जैसी फिल्मों से होगी.

'क्लेफेस': वहीं, हॉरर और थ्रिलर पसंद करने वाले दर्शकों के लिए 23 अक्टूबर का दिन खास हो सकता है. इस दिन 'क्लेफेस' बड़े पर्दे पर रिलीज होगी. फिल्म में टॉम राइस हैरिस, नाओमी एकी और डेविड डेंसिक अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे.

ये भी पढ़ें: ‘भाभी डायन है!’ यामी गौतम की ‘नई नवेली’ का ट्रेलर रिलीज, कॉमेडी और फैंटेसी का जबरदस्त तड़का