'आप हीरो हैं...' PM मोदी ने की भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की तारीफ, बोले- आपकी बहादुरी पर देश को गर्व

Smit Machchhar: फ्लाईदुबई की फ्लाइट में गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित मच्छार ने सूझबूझ और साहस दिखाते हुए विमान को बड़े हादसे से बचाने में अहम भूमिका निभाई. उनकी बहादुरी की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तारीफ की और कहा कि भारत को उन पर गर्व है.

pm-modi-praises-smit-machchhar-flydubai-pilot-hero
Image Source: Internet

Smit Machchhar: फ्लाईदुबई की दुबई-तेल अवीव फ्लाइट FZ1073 में हुई खौफनाक घटना के बाद भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की चर्चा दुनियाभर में हो रही है. उड़ान के दौरान कॉकपिट में हुए हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद स्मित मच्छर ने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाबी हासिल की, जिसके बाद यात्रियों और क्रू ने हमलावर को काबू किया. विमान को बाद में सऊदी अरब के ताबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया. फ्लाइट में 174 लोग सवार थे.

इस घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कैप्टन स्मित मच्छार की तारीफ की. पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर उन्हें ‘हीरो’ बताते हुए कहा कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने दूसरों की जान बचाने के लिए असाधारण साहस दिखाया. पीएम ने कहा कि उनकी बहादुरी से सैकड़ों लोगों की जान बची और एक बड़ी त्रासदी टल गई.

गंभीर चोट के बावजूद नहीं छोड़ा हौसला

फ्लाइट FZ1073 में उड़ान के दौरान कॉकपिट में भारतीय कैप्टन और को-पायलट के बीच हिंसक घटना हुई. रिपोर्टों के मुताबिक, को-पायलट ने कैप्टन स्मित मच्छार पर चाकू से हमला किया. इसी दौरान विमान तेजी से नीचे उतरने लगा और कॉकपिट में मौजूद सिस्टम को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई. गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद स्मित मच्छार ने कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया. इसके बाद विमान में मौजूद यात्रियों और ऑफ-ड्यूटी पायलटों ने कॉकपिट में पहुंचकर हमलावर को काबू करने में मदद की. इसके बाद विमान को ताबुक की ओर डायवर्ट किया गया, जहां सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग हुई.

174 लोगों की जिंदगी बचाने में निभाई अहम भूमिका

इस घटना के दौरान विमान में कुल 174 लोग सवार थे. रिपोर्टों के मुताबिक, विमान के तेजी से नीचे आने के दौरान यात्रियों और क्रू के कुछ सदस्यों ने हालात संभालने में मदद की. विमान में मौजूद ऑफ-ड्यूटी पायलटों ने भी बाद में सुरक्षित लैंडिंग कराने में भूमिका निभाई. घटना के बाद विमान को सऊदी अरब के ताबुक एयरपोर्ट पर उतारा गया. भारतीय पायलट को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. भारतीय दूतावास के मुताबिक, उनकी हालत स्थिर बताई गई है और उन्हें जरूरी चिकित्सा सहायता मिल रही है.

PM मोदी ने स्मित मच्छर की बहादुरी को सराहा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की सराहना करते हुए कहा कि बेहद खतरनाक परिस्थितियों और गंभीर चोट के बावजूद उन्होंने दूसरों की जान बचाने के लिए साहस दिखाया. पीएम मोदी ने कहा कि भारत को कैप्टन मच्छर पर गर्व है और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की.

'आप सच्चे हीरो'- नेतन्याहू ने भी तारीफ 

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी कैप्टन स्मित मच्छार की तारीफ की. उन्होंने कहा कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद भारतीय पायलट ने संघर्ष किया, कॉकपिट का दरवाजा खोला और यात्रियों व क्रू को हमलावर पर काबू पाने का मौका दिया. नेतन्याहू ने उन्हें ‘ट्रू हीरो’ बताते हुए उनके जल्द और पूरी तरह स्वस्थ होने की कामना की.

एयरपोर्ट लाउंज का नाम रखने की तैयारी

इजरायल के डिप्टी मिनिस्टर अल्मोग कोहेन ने भी कैप्टन स्मित मच्छार की तारीफ की है. रिपोर्टों के अनुसार, उन्होंने प्रस्ताव रखा है कि बेन गुरियन एयरपोर्ट के एक लाउंज का नाम भारतीय पायलट के नाम पर रखा जाए. यह फिलहाल प्रस्ताव के स्तर पर है. फ्लाइट में हुई इस घटना की जांच जारी है. को-पायलट की कार्रवाई के पीछे की मंशा को लेकर अभी आधिकारिक जांच पूरी नहीं हुई है. ऐसे में घटना से जुड़े अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होंगे.

ये भी पढ़ें- शरीर से बहता रहा खून, फिर भी नहीं छोड़ी कमान! स्मित मच्छर ने ऐसे बचाई सैकड़ों यात्रियों की जान