Smit Machchar News: भारत में इजरायल के राजदूत रूवेन अजार ने फ्लाईदुबई की फ्लाइट में संकट के दौरान बहादुरी दिखाने वाले कैप्टन स्मित मच्छार की तारीफ की है. उन्होंने कहा कि यह घटना बताती है कि आतंकवाद का मिलकर सामना कैसे किया जा सकता है और उसके सामने झुकने से कैसे बचा जा सकता है.
अजार ने कहा कि उन्हें जानकारी नहीं है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इस घटना को लेकर आपस में बात की है या नहीं. हालांकि, ऐसे मामलों में दोनों देशों की आतंकवाद रोधी एजेंसियां लगातार एक-दूसरे के संपर्क में रहती हैं.
'आतंक के सामने नहीं झुके लोग'
अजार ने कहा कि आतंकवाद से लड़ने के लिए सिर्फ सरकारों का साथ आना काफी नहीं है, बल्कि आम लोगों की भूमिका भी जरूरी है. उन्होंने कहा कि फ्लाइट में यात्रियों और क्रू ने जिस तरह हालात का सामना किया, वह इसका अच्छा उदाहरण है.
उन्होंने कहा कि लोगों ने आतंक के सामने झुकने के बजाय मिलकर स्थिति को संभाला. अजार के मुताबिक, यह दिखाता है कि लोग एकजुट होकर आतंकवादियों का सामना कर सकते हैं और अपने भविष्य का फैसला खुद कर सकते हैं.
Together with 🇮🇱&🇮🇳&🇦🇪 nations I pray for the life of Captain Smit Machchhar, the experienced and gifted hero Indian pilot of flydubai flight FZ1073.
— 🇮🇱 Reuven Azar (@ReuvenAzar) September 30, 2026
His courage & the courage of other Israeli & Emirati passengers & crew members saved the lives of 180 souls.
🇮🇱🇮🇳🇦🇪 United…
34 हजार फीट की ऊंचाई पर बिगड़े हालात
बुधवार को फ्लाईदुबई की एक फ्लाइट में 170 से ज्यादा यात्री सवार थे. उड़ान के दौरान को-पायलट ने कथित तौर पर विमान को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की. उसे रोकने की कोशिश कर रहे कैप्टन स्मित मच्छार पर भी उसने हमला किया.
उस समय बोइंग 737 विमान करीब 34,000 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था. इसके बाद विमान तेजी से नीचे आने लगा और करीब 15,600 फीट तक पहुंच गया. हालात बेहद गंभीर होने के बावजूद कैप्टन मच्छार ने को-पायलट का सामना किया और उसे रोकने में कामयाब रहे.
इसके बाद कॉकपिट का दरवाजा खोला गया. यात्रियों और क्रू के दूसरे सदस्यों ने मिलकर को-पायलट को काबू में किया. इस तरह विमान में मौजूद बड़ी संख्या में लोगों की जान बच सकी.
मोदी-नेतन्याहू की बातचीत पर क्या बोले अजार?
जब अजार से पूछा गया कि क्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बेंजामिन नेतन्याहू ने इस घटना को लेकर बातचीत की है, तो उन्होंने कहा कि उन्हें फिलहाल इसकी जानकारी नहीं है. हालांकि, उन्होंने कहा कि भारत और इजरायल के बीच लगातार संपर्क बना हुआ है.
अजार ने बताया कि दोनों देशों की आतंकवाद रोधी एजेंसियां लगातार बातचीत करती हैं. उन्होंने कहा कि चाहे मामला शीर्ष स्तर का हो या ऑपरेशनल स्तर का, दोनों देश जरूरी जानकारी साझा करते हैं और आतंकवाद से निपटने के लिए मिलकर काम करते रहेंगे.
कैप्टन स्मित के लिए की सलामती की दुआ
इससे पहले इजरायली राजदूत ने कैप्टन स्मित मच्छार के जल्द ठीक होने की कामना भी की थी. उन्होंने कहा था कि भारत, इजरायल और यूएई की ओर से वह कैप्टन स्मित की सलामती की प्रार्थना कर रहे हैं. अजार के मुताबिक, कैप्टन स्मित और विमान में मौजूद अन्य इजरायली और अमीराती यात्रियों तथा क्रू सदस्यों की बहादुरी से करीब 180 लोगों की जान बचाई जा सकी.
ये भी पढ़ें- 'आप हीरो हैं...' PM मोदी ने की भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की तारीफ, बोले- आपकी बहादुरी पर देश को गर्व