Nayyi Navelli Trailer: यामी गौतम धर एक बार फिर दर्शकों को अपने बिल्कुल अलग अंदाज से चौंकाने के लिए तैयार हैं. अमेजन एमजीएम स्टूडियोज और कलर येलो प्रोडक्शन्स की अपकमिंग फिल्म ‘नई नवेली’ का ट्रेलर रिलीज हो चुका है. ट्रेलर में मेरठ की देसी गलियों और एक अतरंगी परिवार के बीच ऐसी कहानी देखने को मिलती है, जहां शादी के बाद घर आई नई बहू सबकी चहेती तो बनती है, लेकिन उसके आसपास होने वाली रहस्यमयी घटनाएं धीरे-धीरे पूरे परिवार को हैरान कर देती हैं.
फिल्म में यामी गौतम ‘मोहिनी’ के किरदार में नजर आएंगी. शुरुआत में उनका किरदार एक सीधी-सादी और संस्कारी बहू जैसा दिखाई देता है, लेकिन कहानी आगे बढ़ते ही उसके व्यक्तित्व का दूसरा पहलू सामने आने लगता है. इसी रहस्य के इर्द-गिर्द कॉमेडी, फैंटेसी, ड्रामा और एक्शन की कहानी बुनी गई है.
मेरठ के अतरंगी परिवार में हुई मोहिनी की एंट्री
ट्रेलर की शुरुआत अवस्थी परिवार में नई बहू मोहिनी के गृह प्रवेश से होती है. परिवार के लोग शादी की रस्मों और नई बहू के स्वागत में व्यस्त नजर आते हैं. मोहिनी भी एक आदर्श बहू की तरह घर के सभी सदस्यों का दिल जीतती दिखाई देती है. लेकिन कुछ समय बाद घर में अजीब घटनाएं होने लगती हैं. मोहिनी के व्यवहार और उसके आसपास घट रही घटनाओं को देखकर परिवार के लोगों के मन में शक पैदा होने लगता है. बात धीरे-धीरे इस सवाल तक पहुंच जाती है कि आखिर मोहिनी के पीछे छिपा सच क्या है और क्या वह वाकई कोई आम बहू है?
‘भाभी डायन है’ के बाद बदल जाती है कहानी
ट्रेलर में कहानी का सबसे दिलचस्प मोड़ तब आता है, जब परिवार में यह चर्चा शुरू हो जाती है कि ‘भाभी डायन है’. इसके बाद फिल्म का माहौल पूरी तरह बदलता हुआ दिखाई देता है. जहां एक तरफ शादी और परिवार से जुड़ी नोक-झोंक हंसी पैदा करती है, वहीं दूसरी ओर मोहिनी से जुड़ा रहस्य कहानी में फैंटेसी का रंग भर देता है. फिल्म में देसी कॉमेडी के साथ रहस्य और एक्शन का भी तड़का देखने को मिलेगा. ट्रेलर से संकेत मिलता है कि मोहिनी की असली पहचान कहानी का सबसे बड़ा सस्पेंस हो सकती है.
मोहिनी के किरदार को लेकर उत्साहित हैं यामी गौतम
यामी गौतम धर ने फिल्म में अपने किरदार को लेकर उत्साह जाहिर किया है. उनके मुताबिक मोहिनी वैसी नहीं है, जैसी दर्शक पहली नजर में उसके बारे में सोच सकते हैं. किरदार में एक तरफ अपनापन और पारिवारिक जुड़ाव है, तो दूसरी तरफ उसके भीतर एक गहरा रहस्य भी छिपा हुआ है. यामी के लिए यह किरदार इसलिए भी खास है क्योंकि इसमें उन्हें कॉमेडी, इमोशन, फैंटेसी और एक्शन जैसे कई अलग-अलग रंग दिखाने का मौका मिला है. ट्रेलर में भी उनका किरदार पारंपरिक बहू की छवि से काफी अलग नजर आता है.
आनंद एल. राय और हिमांशु शर्मा की टीम ने संभाली कमान
‘नई नवेली’ का निर्देशन बालाजी मोहन ने किया है. फिल्म की कहानी हिमांशु शर्मा और दिव्य निधि शर्मा ने लिखी है. वहीं फिल्म को आनंद एल. राय और हिमांशु शर्मा ने प्रोड्यूस किया है. इससे पहले यह टीम देसी कहानियों और मजबूत किरदारों वाली फिल्मों के लिए जानी जाती रही है. फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी मशहूर कंपोजर जी.वी. प्रकाश कुमार ने संभाली है. ऐसे में कहानी के साथ फिल्म का म्यूजिक भी दर्शकों के लिए आकर्षण का हिस्सा हो सकता है.
16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में आएगी ‘नई नवेली’
‘नई नवेली’ दशहरे के मौके पर 16 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है. फिल्म का ट्रेलर देखकर साफ है कि मेकर्स ने पारिवारिक मनोरंजन के साथ फैंटेसी और कॉमेडी को मिलाकर एक अलग तरह की कहानी पेश करने की कोशिश की है.
ये भी पढ़ें- जब सिरफिरे घरवालों से हुआ परफेक्ट बहू का सामना, तो मचा धमाल; ‘नई नवेली’ का ट्रेलर आउट!