Kal Ka Mausam 2 October: मानसून की विदाई का दौर भले ही देश के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में जारी हो, लेकिन पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई राज्यों में मौसम अभी भी सक्रिय बना हुआ है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के 2 अक्टूबर के पूर्वानुमान के मुताबिक कई इलाकों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है. अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि दक्षिण भारत के कुछ राज्यों और द्वीपीय क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है.
अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश का अनुमान
पूर्वोत्तर भारत में मौसम का असर सबसे ज्यादा अरुणाचल प्रदेश में देखने को मिल सकता है. IMD के मुताबिक 2 अक्टूबर को राज्य में भारी बारिश होने की संभावना है. इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश के साथ असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने जैसी मौसमी गतिविधियां हो सकती हैं. ऐसे में इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को मौसम में अचानक बदलाव को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
केरल, तमिलनाडु और लक्षद्वीप में तेज हवाओं का अलर्ट
दक्षिण भारत के कई हिस्सों में भी बारिश के साथ तेज हवाओं का असर दिखाई दे सकता है. मौसम विभाग ने केरल और माहे, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराइकल में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने का अनुमान जताया है. थंडरस्टॉर्म की गतिविधियों के दौरान लोगों को खुले स्थानों और कमजोर ढांचों के आसपास सावधानी बरतने की जरूरत होगी.
आंध्र प्रदेश, ओडिशा और बंगाल में भी आंधी-बारिश का असर
पूर्वी और दक्षिण-तटीय भारत में भी मौसम पूरी तरह शांत नहीं रहेगा. तटीय और आंतरिक आंध्र प्रदेश, ओडिशा तथा उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कुछ स्थानों पर बिजली चमकने और गरज के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. आंध्र प्रदेश के तटीय और मैदानी इलाकों में दिन के दौरान तेज सतही हवाओं का असर रहने की संभावना है. ऐसे में 2 अक्टूबर को इन राज्यों में स्थानीय मौसम की स्थिति पर नजर रखना जरूरी होगा.
ये भी पढ़ें: आतंक के सामने नहीं झुके... कैप्टन स्मित मच्छार की तारीफ में इजरायली राजदूत ने बोली बड़ी बात, जानें क्या कहा