NEET-UG एग्जाम की नई तारीख का ऐलान, पेपर लीक की वजह से हुआ था रद्द, जानें अब कब होगी परीक्षा

NEET UG Re-Exam Date 2026: केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (NEET-UG) 2026 के आयोजन की नई तारीख का ऐलान कर दिया है.

Nta announced NEET UG Re Examination Date cancelled due to paper leak
Image Source: Social Media

NEET UG Re-Exam Date 2026: केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (NEET-UG) 2026 के आयोजन की नई तारीख का ऐलान कर दिया है. अब इस साल की मेडिकल प्रवेश परीक्षा 21 जून, रविवार को आयोजित होगी. यह निर्णय 3 मई को हुई NEET परीक्षा रद्द करने के बाद लिया गया, जो पेपर लीक की गंभीर घटनाओं के कारण रद्द करनी पड़ी थी.

एनटीए ने सभी परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों से अपील की है कि वे केवल NTA के आधिकारिक चैनलों से ही जानकारी प्राप्त करें. परीक्षा और अन्य संबंधित पूछताछ के लिए आधिकारिक ई-मेल ([email protected]) या 011-40759000, 011-69227700 नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है.

शिक्षा मंत्री के नेतृत्व में उच्च स्तरीय बैठक

परीक्षा के आयोजन की तैयारियों और सुरक्षा उपायों की समीक्षा के लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के आवास पर गुरुवार शाम को एक उच्च स्तरीय बैठक हुई. इस बैठक में उच्च शिक्षा सचिव विनीत जोशी, विद्यालय शिक्षा सचिव संजय कुमार, एनटीए के महानिदेशक अभिषेक सिंह, सीबीएसई अध्यक्ष और केंद्रीय/नवोदय विद्यालय संगठन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे.

बैठक में परीक्षा संचालन, सुरक्षा प्रोटोकॉल और अभ्यर्थियों की सुविधा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई. अधिकारियों ने यह सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी ली कि 21 जून को परीक्षा निर्बाध और सुरक्षित तरीके से आयोजित हो.

पेपर लीक मामले की जांच में CBI सक्रिय

तीसरी मई को रद्द की गई परीक्षा के पीछे की घटनाओं की जांच अब केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) कर रही है. जयपुर स्थित जमवारामगढ़ में शुक्रवार को CBI की टीम ने उन आरोपियों के घरों का दौरा किया, जिन्हें पहले गिरफ्तार किया गया था. टीम ने तीन घंटे तक वहां रहकर परिवारजनों से पूछताछ की और मामले की बारीकियों को समझा.

CBI ने अब तक इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से तीन जयपुर और दो अन्य हरियाणा व नासिक के हैं. जयपुर के गिरफ्तार आरोपियों में मंगीलाल बिवाल, विकास बिवाल और दिनेश बिवाल शामिल हैं.

व्यापक गिरफ्तारी और जांच की प्रक्रिया

राजस्थान के विशेष अभियान समूह (SOG) ने इस मामले में अब तक 150 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है, जिनमें परीक्षा देने वाले अभ्यर्थी और उनके परिजन भी शामिल हैं. NTA और केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा से संबंधित सभी अपडेट केवल आधिकारिक माध्यमों के जरिए साझा किए जाएंगे और किसी अफवाह पर ध्यान नहीं देना चाहिए.

ये भी पढ़ें: 6 दिन, पांच देश... PM मोदी का मेगा विदेशी दौरा, सबसे पहले जा रहे UAE; किन क्षेत्रों पर रहेगा फोकस?