अब घर बैठे खरीद सकते हैं बुलेट, नहीं होगी शोरूम जाने की जरूरत, इन शहरों में शुरू हुई सर्विस, जानें

बुलेट खरीदना अब पहले से कहीं ज्यादा आसान हो गया है. अब रॉयल एनफील्ड की मशहूर 350 सीसी बाइक्स को शोरूम जाने की जरूरत नहीं, बल्कि आप उन्हें ऑनलाइन ऑर्डर करके सीधे अपने घर मंगवा सकते हैं.

Now you can buy Bullet sitting at home Royal Enfield
Image Source: Social Media

बुलेट खरीदना अब पहले से कहीं ज्यादा आसान हो गया है. अब रॉयल एनफील्ड की मशहूर 350 सीसी बाइक्स को शोरूम जाने की जरूरत नहीं, बल्कि आप उन्हें ऑनलाइन ऑर्डर करके सीधे अपने घर मंगवा सकते हैं. देश की दो प्रमुख ई-कॉमर्स कंपनियां अमेजन इंडिया और फ्लिपकार्ट अब रॉयल एनफील्ड की मोटरसाइकिलों की ऑनलाइन बिक्री और होम डिलीवरी की सुविधा दे रही हैं. यह कदम खासतौर पर उन लोगों के लिए बेहद फायदेमंद साबित हो सकता है जो त्योहारी सीजन में भीड़ से बचना चाहते हैं या शोरूम जाने के समय नहीं निकाल पाते.

रॉयल एनफील्ड, जो भारत की एक प्रतिष्ठित और प्रीमियम मोटरसाइकिल निर्माता कंपनी है, ने अपने ग्राहकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अपने कुछ लोकप्रिय मॉडल्स को ऑनलाइन बिक्री के लिए उपलब्ध कराया है. ग्राहक अब अमेजन या फ्लिपकार्ट जैसी ई-कॉमर्स वेबसाइट्स से बुलेट और अन्य 350 सीसी मॉडल्स को सीधे ऑर्डर कर सकते हैं.

किन बाइकों की मिल रही है ऑनलाइन सुविधा?

रॉयल एनफील्ड ने 350 सीसी सेगमेंट की लगभग सभी प्रमुख बाइकों को ऑनलाइन उपलब्ध करा दिया है. इनमें शामिल हैं:

  • क्लासिक 350 (Classic 350)
  • बुलेट 350 (Bullet 350)
  • हंटर 350 (Hunter 350)
  • गोअन क्लासिक 350 (Goan Classic 350)
  • मेट्योर 350 (Meteor 350)

ये सभी बाइक्स अब आप अमेजन इंडिया और फ्लिपकार्ट पर रॉयल एनफील्ड के आधिकारिक डीलरशिप पेज से खरीद सकते हैं.

अमेजन पर कहां-कहां मिल रही यह सुविधा?

अमेजन इंडिया ने फिलहाल देश के 5 प्रमुख शहरों में इस सेवा की शुरुआत की है:

  • दिल्ली
  • पुणे
  • हैदराबाद
  • अहमदाबाद
  • चेन्नई

इन शहरों में ग्राहक ऑनलाइन बुकिंग करने के बाद बाइक की होम डिलीवरी ले सकते हैं. डिलीवरी और बिक्री के बाद की सर्विसेस स्थानीय रॉयल एनफील्ड डीलर के माध्यम से दी जाएंगी. इसका मतलब यह है कि ग्राहक बाइक की सर्विस, वारंटी क्लेम या अन्य सभी सुविधाएं उसी तरह से ले सकते हैं जैसे शोरूम से खरीदने पर मिलती हैं.

फ्लिपकार्ट भी दे रहा है बाइक डिलीवरी

फ्लिपकार्ट ने भी रॉयल एनफील्ड की बाइकों की ऑनलाइन बिक्री शुरू कर दी है. फ्लिपकार्ट पर यह सुविधा 22 सितंबर, यानी नवरात्र के पहले दिन से शुरू की गई थी. फ्लिपकार्ट भी 350 सीसी सेगमेंट की सभी रॉयल एनफील्ड बाइकों को बेच रहा है.

फ्लिपकार्ट द्वारा बाइकों की डिलीवरी इन 5 शहरों में की जा रही है:

  • मुंबई
  • कोलकाता
  • लखनऊ
  • गुरुग्राम
  • बेंगलुरु

यह डिलीवरी सुविधा भी स्थानीय डीलर नेटवर्क के सहयोग से दी जा रही है, जिससे बिक्री के बाद की सेवाएं आसानी से ग्राहकों को उपलब्ध कराई जा सकें.

खरीदारी प्रक्रिया कैसी है?

ऑनलाइन बाइक खरीदने के लिए ग्राहक को अमेजन या फ्लिपकार्ट पर जाकर रॉयल एनफील्ड के आधिकारिक स्टोर पर जाना होगा. वहां से बाइक मॉडल, कलर, और वेरिएंट चुनकर ऑर्डर प्लेस किया जा सकता है. भुगतान की प्रक्रिया आसान है और फाइनेंसिंग ऑप्शन भी उपलब्ध हो सकते हैं (डीलरशिप पर निर्भर करता है).

ऑर्डर की पुष्टि के बाद, डीलर आपके शहर के अनुसार वाहन की रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी करेगा और फिर तय तारीख पर बाइक आपके पते पर डिलीवर कर दी जाएगी.

ये भी पढ़ें- PoK पर खत्म होगा पाकिस्तान का कब्जा! भारत ने चल दी बड़ी चाल, क्या सच में बदल जाएगा इतिहास और भूगोल?