देवउठनी एकादशी के बाद शुरू हुआ शादी का सीजन, जानें नवंबर-दिसंबर में कब-कब बजेगी शहनाई?

November December Marriage Dates: नवंबर और दिसंबर 2026 में विवाह के लिए कई शुभ मुहूर्त उपलब्ध हैं, लेकिन 16 दिसंबर से खरमास शुरू होने के कारण मांगलिक कार्यों पर लगेगा विराम, जानें शादी की सभी शुभ तिथियां और खरमास की शुरुआत व समाप्ति की तारीख.

November December 2026 Wedding Dates Auspicious Marriage Muhurat
Image Source: Social Media

November December Marriage Dates: देवउठनी एकादशी के साथ ही हिंदू धर्म में चार महीने से चल रहा चातुर्मास समाप्त हो गया है. 20 नवंबर 2026 को भगवान विष्णु के योगनिद्रा से जागने के साथ ही विवाह, गृह प्रवेश और अन्य मांगलिक कार्यों का सिलसिला शुरू हो गया है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, देवउठनी एकादशी के बाद शुभ और मांगलिक आयोजनों के लिए समय अनुकूल माना जाता है. यही वजह है कि अब शादी-ब्याह की तैयारियां भी जोर पकड़ने लगी हैं और नवंबर-दिसंबर में विवाह की योजना बना रहे परिवार शुभ तारीखों की तलाश में जुट गए हैं.

नवंबर और दिसंबर का महीना शादी करने वालों के लिए खास रहने वाला है. हालांकि, दिसंबर के मध्य में सूर्य के धनु राशि में प्रवेश करते ही खरमास शुरू हो जाएगा. इस अवधि में हिंदू धर्म की मान्यताओं के अनुसार विवाह समेत कई मांगलिक कार्य नहीं किए जाते हैं. ऐसे में जिन परिवारों में शादी की तैयारियां चल रही हैं, उनके लिए शुभ तिथियों की जानकारी रखना जरूरी है. आइए जानते हैं कि साल 2026 के आखिरी दो महीनों में विवाह के लिए कौन-कौन से दिन शुभ हैं और खरमास कब से लगेगा.

नवंबर 2026 में शादी के लिए शुभ तारीखें

देवउठनी एकादशी के बाद नवंबर में विवाह के लिए चार शुभ तिथियां मिल रही हैं. पंचांग के अनुसार, 21 नवंबर को सुबह 6 बजकर 48 मिनट से रात 12 बजकर 8 मिनट तक विवाह का मुहूर्त रहेगा. इसके बाद 24 नवंबर को रात 11 बजकर 25 मिनट से अगले दिन सुबह 6 बजकर 52 मिनट तक शुभ समय है. वहीं, 25 नवंबर को सुबह 6 बजकर 52 मिनट से अगले दिन सुबह 6 बजकर 52 मिनट तक विवाह किया जा सकता है. 26 नवंबर को भी सुबह 5 बजकर 52 मिनट से शाम 5 बजकर 47 मिनट तक शादी के लिए शुभ मुहूर्त उपलब्ध रहेगा.

दिसंबर 2026 में इन तारीखों पर कर सकते हैं शादी

दिसंबर के शुरुआती दिनों में भी विवाह के कई शुभ अवसर मिलेंगे. पंचांग के मुताबिक, 2, 3, 4, 5 और 6 दिसंबर को शादी के लिए शुभ तिथियां हैं. इसके अलावा 11 और 12 दिसंबर को भी विवाह के आयोजन किए जा सकते हैं. इस तरह दिसंबर में कुल सात दिन विवाह के लिए शुभ माने गए हैं. हालांकि, इन तारीखों के बाद खरमास शुरू होने के कारण शादी-विवाह और अन्य मांगलिक आयोजनों पर रोक लग जाएगी. इसलिए दिसंबर में शादी की योजना बना रहे परिवारों के लिए शुरुआती दो सप्ताह अहम हैं.

16 दिसंबर से शुरू होगा खरमास

ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, जब सूर्य देव धनु राशि में प्रवेश करते हैं, तब खरमास की शुरुआत होती है. साल 2026 में 16 दिसंबर, बुधवार को सुबह करीब 10:20 से 10:30 बजे के बीच सूर्य धनु राशि में गोचर करेंगे. इसके साथ ही खरमास लग जाएगा, जो 14 जनवरी 2027 को रात करीब 9 बजकर 10 मिनट पर सूर्य के मकर राशि में प्रवेश करने के साथ समाप्त होगा. इसके अगले दिन यानी 15 जनवरी 2027 को मकर संक्रांति मनाई जाएगी. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, खरमास के दौरान विवाह, गृह प्रवेश, मुंडन, जनेऊ संस्कार और नए घर की नींव रखने जैसे शुभ कार्य नहीं किए जाते हैं.

खरमास में पूजा-पाठ और दान करना माना जाता है शुभ

खरमास में भले ही विवाह और दूसरे मांगलिक आयोजनों की मनाही होती है, लेकिन इस अवधि को पूजा-पाठ और आध्यात्मिक कार्यों के लिए अच्छा माना गया है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दौरान भगवान सूर्य और भगवान विष्णु की आराधना करने से विशेष पुण्य मिलता है. खरमास में रोजाना सूर्य देव को जल अर्पित करना, विष्णु मंत्रों का जाप करना और एकादशी का व्रत रखना शुभ माना जाता है. इसके अलावा जरूरतमंदों को अन्न, वस्त्र और धन का दान करने, सत्यनारायण भगवान की कथा सुनने तथा भजन-कीर्तन करने का भी विशेष महत्व बताया गया है.

ये भी पढ़ें- तुलसी विवाह पर सुहागिन महिलाएं भूलकर भी न छोड़ें ये 5 काम, मिलेगा अखंड सौभाग्य का आशीर्वाद!