एशिया पर युद्ध का साया! उत्तर कोरिया ने चंद घंटों में दागीं दो मिसाइलें, इन देशों की बढ़ी चिंता

North Korea Missile Test: उत्तर कोरिया ने रविवार को ईस्ट सी की तरफ करीब तीन घंटे के अंदर दो बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं. दक्षिण कोरिया और जापान ने मिसाइल लॉन्च की पुष्टि की है. जापान के प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अलर्ट जारी कर बताया कि उत्तर कोरिया ने संदिग्ध बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्च की है.

North Korea fired two ballistic missiles tensions escalated Kim Jong Un japan
Image Source: Social Media

North Korea Missile Test: उत्तर कोरिया ने रविवार को ईस्ट सी की तरफ करीब तीन घंटे के अंदर दो बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं. दक्षिण कोरिया और जापान ने मिसाइल लॉन्च की पुष्टि की है. जापान के प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अलर्ट जारी कर बताया कि उत्तर कोरिया ने संदिग्ध बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्च की है. 

अधिकारियों ने कहा कि इससे जुड़ी और जानकारी जुटाई जा रही है. यह लॉन्च ऐसे समय हुआ है जब उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन ने गुआम के पास अमेरिका, जापान और दक्षिण कोरिया के नौसैनिक अभ्यास को लेकर चेतावनी दी थी.

जापान ने बताया उत्तर कोरियाई मिसाइलों का उड़ान पथ

जापान के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, मिसाइल समुद्र में जाकर गिरी. जापानी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, इसके गिरने की संभावित जगह जापान के विशेष आर्थिक क्षेत्र (ईईजेड) से बाहर थी. दक्षिण कोरिया के ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ ने भी बताया कि उत्तर कोरिया ने पूर्वी समुद्र की ओर एक अज्ञात प्रोजेक्टाइल लॉन्च किया. शुरुआत में मिसाइल की दूरी, ऊंचाई और उड़ान पथ को लेकर पूरी जानकारी सामने नहीं आई थी.

दक्षिण कोरिया ने हाई अलर्ट जारी किया

मिसाइल लॉन्च के बाद दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति कार्यालय ने बयान जारी किया. इसमें अधिकारियों को उत्तर कोरिया की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने और किसी भी नए मिसाइल लॉन्च के लिए तैयार रहने को कहा गया. 

अधिकारियों को खुफिया जानकारी जुटाने और उसका विश्लेषण करने के साथ विमान और जहाजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए. प्रधानमंत्री कार्यालय ने आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने और लोगों को समय पर जरूरी जानकारी देने पर जोर दिया.

उत्तर कोरिया बौखलाया क्यों है?

बाद में दक्षिण कोरियाई अधिकारियों ने बताया कि ये कम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलें थीं और इन्हें उत्तर कोरिया के पूर्वी तट पर स्थित वॉनसान इलाके से लॉन्च किया गया था. यह प्रक्षेपण ऐसे वक्त हुआ है जब उत्तर कोरिया अमेरिका, दक्षिण कोरिया और जापान की सैन्य गतिविधियों का लगातार विरोध कर रहा है. 

इससे पहले 12 सितंबर को भी उत्तर कोरिया ने पूर्वी समुद्र की ओर कई कम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलें दागी थीं. उस समय उत्तर कोरिया ने इसे अलग-अलग हथियारों से जुड़े संयुक्त अग्निशक्ति अभ्यास का हिस्सा बताया था.

किम जोंग उन ने दी थी चेतावनी

उत्तर कोरिया ने हाल के दिनों में अमेरिका के नेतृत्व में होने वाले सैन्य अभ्यासों पर नाराजगी जताई है. अगस्त के आखिर से सितंबर की शुरुआत के बीच अमेरिका, दक्षिण कोरिया और जापान ने गुआम के पास पांच दिन का सैन्य अभ्यास किया था. प्योंगयांग ने ऐसी सैन्य गतिविधियों को अपने लिए खतरा बताया है. 

उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन की बहन किम यो जोंग ने भी हाल में अमेरिका और उसके सहयोगी देशों की सैन्य गतिविधियों को लेकर चेतावनी दी थी. उन्होंने परमाणु हथियारों की क्षमता बढ़ाने की नीति में किसी बदलाव से भी इनकार किया था.

IAEA पर भी भड़का हुआ है उत्तर कोरिया

उत्तर कोरिया का यह मिसाइल प्रक्षेपण अंतरराष्ट्रीय परमाणु निगरानी संस्था आईएईए की हालिया कार्रवाई के बाद हुआ है, जिसे प्योंगयांग ने खारिज कर दिया है. उत्तर कोरिया ने अपने परमाणु कार्यक्रम को लेकर अंतरराष्ट्रीय आलोचना को भी नकार दिया है. उसका कहना है कि आईएईए का प्रस्ताव परमाणु हथियार संपन्न राष्ट्र के तौर पर उसके रुख को नहीं बदल सकता. 

नए मिसाइल लॉन्च के बाद इलाके में मिसाइल और परमाणु गतिविधियों को लेकर चिंता फिर बढ़ गई है. हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि रविवार को दागी गई मिसाइलों का मकसद क्या था और उत्तर कोरिया ने इस लॉन्च पर कोई आधिकारिक बयान दिया है या नहीं.

ये भी पढ़ें- पाकिस्तान सीमा से कुछ दूरी पर गरजा M777 होवित्जर तोप, भारत-यूएस के सैनिकों ने दिखाई ताकत, VIDEO