Noida Jungle Trail Park: नोएडा शहर ने एक बार फिर दुनिया को चौंका दिया है. यहां स्थित सेक्टर 94 में बनाए गए जंगल ट्रेल पार्क ने एक नया आयाम स्थापित किया है. यह पार्क सिर्फ एक सामान्य पार्क नहीं है, बल्कि यह एक कला और पर्यावरण का अद्भुत मिलाजुला रूप है. इस पार्क को विशेष बनाती है इसका निर्माण, जो पूरी तरह से कबाड़ और बेकार पड़े स्क्रैप से किया गया है. यह पार्क न केवल नोएडा, बल्कि देश और दुनिया में पर्यावरण संरक्षण और रचनात्मकता का एक बेहतरीन उदाहरण बन चुका है. 1 दिसंबर 2025 को खोला गया यह पार्क अब नोएडा की शान बन चुका है और पर्यटकों के लिए एक अनोखा आकर्षण बन गया है.

कबाड़ से बनी खूबसूरत मूर्तियां
जंगल ट्रेल पार्क की सबसे बड़ी विशेषता इसका कलात्मक रूप है. जो कबाड़ और बेकार समान को लोग अक्सर फेंक देते हैं, उसे इस पार्क में नए जीवन का रूप दिया गया है. 400 टन से अधिक धातु-स्क्रैप, पुराने लोहे के सरिए, मोटर के पुर्जे, जंग लगे विद्युत पोल और तारों को इकट्ठा कर कलाकारों ने उसे वन्यजीवों, पक्षियों और समुद्री जीवों की अद्भुत मूर्तियों में बदल दिया है. इन मूर्तियों को देखकर यह कहना मुश्किल होता है कि ये कभी कबाड़ हुआ करते थे.
वन्यजीवों की खूबसूरत मूर्तियां
इस पार्क में करीब 650 से ज्यादा विशाल और आकर्षक इंस्टॉलेशंस लगाए गए हैं, जो सातों महाद्वीपों की वन्यप्रजातियों पर आधारित हैं. आपको पार्क में एशियाई बाघ, अफ्रीकी शेर, ऑस्ट्रेलियाई कंगारू और कोआला, यूरोपीय हिरण और उल्लू, और अमेरिका के ग्रिजली भालू जैसी प्रजातियों की मूर्तियां देखने को मिलेंगी. समुद्री जीवों के लिए विशेष जोन में व्हेल, शार्क, ऑक्टोपस और डॉल्फिन की अद्भुत मूर्तियां भी लगाई गई हैं, जो रात में रंग-बिरंगी रोशनी में और भी सुंदर दिखाई देती हैं.

प्राकृतिक जंगल का अहसास
जंगल ट्रेल पार्क को विशेष बनाने में मियावाकी फॉरेस्ट पद्धति ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. इस तकनीक से पौधों को बहुत कम समय में घना और प्राकृतिक जंगल बनाने में मदद मिलती है. एक साल में 3.5 लाख से ज्यादा पौधों ने इस क्षेत्र को हराभरा बना दिया है, और यह अब एक असली जंगल जैसा महसूस होता है. घने पेड़-पौधे और झाड़ियां पार्क को और भी प्राकृतिक अहसास देती हैं, जिससे यह अनुभव और भी रोमांचक बन जाता है.
रात में जंगल ट्रेल पार्क का अनुभव
जंगल ट्रेल पार्क की एक और खासियत उसका नाइट-व्यू अनुभव है. जैसे ही सूरज ढलता है, पार्क की वन्यजीव मूर्तियां रंग-बिरंगी रोशनी से चमकने लगती हैं. विशेष रूप से समुद्री जीवों की मूर्तियां नीली और हरी रोशनी में एक अलग ही दुनिया रचती हैं. जंगल क्षेत्र में लगी लाइटें वन्यजीवों की छायाओं को और भी प्रभावशाली बनाती हैं. यह पूरी जगह नाइट सफारी जैसी रोमांचक और अविस्मरणीय अनुभव प्रदान करती है.

बच्चों और परिवारों के लिए आदर्श स्थल
जंगल ट्रेल पार्क में सिर्फ प्रकृति का अनुभव ही नहीं, बल्कि रोमांचक गतिविधियों का भी पूरा मजा लिया जा सकता है. यहां जिप-लाइनिंग, जिप-साइक्लिंग, रॉक क्लाइम्बिंग जैसी साहसिक गतिविधियां हैं जो विशेष रूप से युवाओं और परिवारों को आकर्षित करती हैं. इसके अलावा, बच्चों के लिए अलग खेल क्षेत्र, बंजी-स्टाइल एडवेंचर और नाव चलाने का अनुभव भी उपलब्ध है.
पार्क में मिलने वाली सुविधाएं
जंगल ट्रेल पार्क में विजिटर्स की सुविधा का पूरा ध्यान रखा गया है. यहां एक सुंदर फूड कोर्ट, 1000 सीटों वाला एम्फीथिएटर, शौचालय, पीने का पानी और बैठने के लिए खुले स्थान उपलब्ध हैं. पार्क में पार्किंग की बेहतरीन व्यवस्था है, जिसमें 8 बसों और 76 कारों के लिए पार्किंग स्पेस है. यदि आपको पैदल चलने में कठिनाई होती है, तो ई-कार्ट सेवा भी उपलब्ध है.

टिकट और समय की जानकारी
जंगल ट्रेल पार्क की सैर के लिए टिकट की कीमत प्रति व्यक्ति 120 रुपये है, जबकि 3 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए प्रवेश निःशुल्क है. पार्क सुबह 9:00 बजे से रात 9:00 बजे तक खुला रहता है. एडवेंचर गतिविधियों के लिए अलग शुल्क लिया जाता है. टिकट ऑनलाइन और काउंटर दोनों तरीकों से उपलब्ध हैं.
ये भी पढ़ें: 'यूपी में घुसपैठिए बर्दाश्त नहीं, सफाई भी जरुरी...' सीएम योगी ने प्रदेशवासियों से की सहयोग की अपील