'पिताजी ने जो 20 साल में किया उस पर बिहार को गर्व', JDU में शामिल होकर बोले नीतीश कुमार के बेटे निशांत

बिहार की राजनीति में जिस बात को लेकर पिछले कई दिनों से चर्चाएं तेज थीं, वह आखिरकार सच साबित हो गई.

Nitish Kumars son Nishant joins JDU said Bihar proud of My father
Image Source: ANI

पटना: बिहार की राजनीति में जिस बात को लेकर पिछले कई दिनों से चर्चाएं तेज थीं, वह आखिरकार सच साबित हो गई. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने रविवार को पटना स्थित जदयू प्रदेश कार्यालय में पार्टी की सदस्यता लेकर अपनी राजनीतिक पारी की औपचारिक शुरुआत कर दी.

जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई. इस मौके पर केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, बिहार जदयू अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, राज्य सरकार के मंत्री श्रवण कुमार, लेसी सिंह समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे.

जदयू कार्यालय में हुआ भव्य कार्यक्रम

निशांत कुमार के राजनीति में प्रवेश को लेकर जदयू कार्यालय के कर्पूरी सभागार में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान बिहार जदयू अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने उनके पार्टी में शामिल होने पर खुशी जताते हुए कहा कि इससे संगठन को और मजबूती मिलेगी.

पहले भाषण में कार्यकर्ताओं का जताया आभार

पार्टी की सदस्यता लेने के बाद अपने पहले संबोधन में निशांत कुमार ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार जताया. उन्होंने कहा कि आप सभी लोग अपना कीमती समय निकालकर यहां आए, इसके लिए मैं आप सभी का स्वागत और धन्यवाद करता हूं.

उन्होंने कहा कि वह जदयू के सक्रिय सदस्य के रूप में संगठन को मजबूत करने की दिशा में काम करेंगे और पार्टी की जिम्मेदारियों को निभाने की पूरी कोशिश करेंगे.

पिता के फैसले का किया सम्मान

निशांत कुमार ने कहा कि उनके पिता नीतीश कुमार ने राज्यसभा जाने का जो फैसला लिया है, वह उनका व्यक्तिगत निर्णय है और वह उसका सम्मान करते हैं. उन्होंने कहा कि आगे भी वे अपने पिता के मार्गदर्शन में काम करते रहेंगे.

‘पिता के काम को जनता तक पहुंचाऊंगा’

अपने संबोधन में निशांत ने कहा कि पिछले 20 वर्षों में उनके पिता ने बिहार के लिए जो काम किए हैं, उन्हें जनता तक पहुंचाने की कोशिश करेंगे. उन्होंने कहा कि उन्हें अपने पिता के काम पर गर्व है और बिहार के साथ-साथ पूरे देश को भी इस पर गर्व होना चाहिए.

निशांत ने पार्टी कार्यकर्ताओं, नेताओं और आम जनता से अपील की कि वे नीतीश कुमार पर अपना विश्वास बनाए रखें और संगठन को मजबूत बनाने में सहयोग करें.

ये भी पढ़ें- International Women’s Day: 8 मार्च को ही क्यों मनाया जाता है अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस? जानें इतिहास