नई दिल्ली/पटना: बिहार की राजनीति में एक बड़ा बदलाव देखने को मिला है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेकर अपने लंबे राजनीतिक करियर में एक नया अध्याय जोड़ लिया है. संसद भवन में आयोजित शपथ समारोह के साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने का संकेत दिया है.
लंबे समय तक बिहार के मुख्यमंत्री रहकर “सुशासन बाबू” के नाम से पहचान बनाने वाले नीतीश कुमार का यह कदम राजनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. खास बात यह है कि इस शपथ के साथ उन्होंने एक खास रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है. अब वे लालू यादव के बाद बिहार के दूसरे ऐसे नेता बन गए हैं, जो लोकसभा, राज्यसभा, विधानसभा और विधान परिषद चारों सदनों के सदस्य रह चुके हैं.
बिहार की राजनीति में हलचल
नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के साथ ही बिहार में अगले मुख्यमंत्री को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं. राजनीतिक सूत्रों के अनुसार, वे 14 अप्रैल को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं. इसके बाद 15 अप्रैल को नई सरकार के गठन की संभावना जताई जा रही है.
इस संभावित बदलाव ने राज्य की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है. सत्ता परिवर्तन के संकेतों के बीच अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि बिहार की कमान किसके हाथों में जाएगी.
संसद जाते समय दिया सियासी संदेश?
शपथ ग्रहण के लिए संसद भवन रवाना होते समय नीतीश कुमार की एक तस्वीर ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी. वे अपनी कार की आगे वाली सीट पर बैठे नजर आए, जबकि पीछे की सीट पर जेडीयू के वरिष्ठ नेता राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह और संजय झा मौजूद थे.
सबसे ज्यादा चर्चा इस बात को लेकर हो रही है कि उस दौरान कार में बीजेपी का एक बड़ा नेता भी मौजूद था. इसे एनडीए के भीतर बढ़ती नजदीकियों और संभावित राजनीतिक रणनीति के संकेत के रूप में देखा जा रहा है.
कौन बनेगा बिहार का अगला मुख्यमंत्री?
एनडीए सूत्रों की मानें तो बिहार के अगले मुख्यमंत्री के रूप में सम्राट चौधरी का नाम सबसे आगे चल रहा है. पार्टी के भीतर उनके नाम पर सहमति बनने की बात कही जा रही है. हालांकि आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है, लेकिन राजनीतिक संकेत बताते हैं कि बीजेपी एक मजबूत और सक्रिय चेहरे को आगे लाने की तैयारी में है.
सम्राट चौधरी क्यों माने जा रहे हैं मजबूत दावेदार?
सम्राट चौधरी का नाम केवल राजनीतिक समीकरणों के कारण ही नहीं, बल्कि सामाजिक और संगठनात्मक आधार पर भी मजबूत माना जा रहा है. उनके पक्ष में कई ऐसे कारक हैं, जो उन्हें इस दौड़ में आगे रखते हैं.
1. जातीय संतुलन का समीकरण
बिहार की राजनीति में जातीय समीकरण बेहद अहम भूमिका निभाते हैं. नीतीश कुमार कुर्मी समुदाय से आते हैं और उन्होंने ‘लव-कुश’ (कुर्मी-कोइरी) समीकरण को मजबूती से साधा. ऐसे में उनके राज्यसभा जाने के बाद इस संतुलन को बनाए रखने के लिए कोइरी (ओबीसी) समुदाय से आने वाले सम्राट चौधरी को उपयुक्त विकल्प माना जा रहा है.
2. नीतीश कुमार के साथ बेहतर तालमेल
सम्राट चौधरी और नीतीश कुमार के बीच अच्छा तालमेल देखा गया है. कई मौकों पर नीतीश कुमार ने उन्हें आगे बढ़ाया है, जिसे राजनीतिक संकेत के रूप में देखा जाता है. यह सामंजस्य सत्ता के सुचारु हस्तांतरण में मददगार हो सकता है.
3. बीजेपी में बढ़ती पकड़
हाल के वर्षों में सम्राट चौधरी का कद बीजेपी में लगातार बढ़ा है. उन्हें पश्चिम बंगाल चुनावों में स्टार प्रचारक के रूप में उतारा गया था, जिससे साफ है कि पार्टी नेतृत्व उन्हें बड़े रोल में देख रहा है.
4. आक्रामक और मजबूत छवि
सम्राट चौधरी की पहचान एक बेबाक और आक्रामक नेता के रूप में है. वे विपक्ष पर खुलकर हमला करते हैं और जनसभाओं में प्रभावी वक्ता माने जाते हैं. बीजेपी ऐसे ही नेता को आगे बढ़ाना चाहती है, जो राज्य में पार्टी की पकड़ मजबूत कर सके.
5. नई पीढ़ी के साथ संभावित तालमेल
बिहार की राजनीति में अब नई पीढ़ी के नेताओं की एंट्री भी चर्चा में है. नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के सक्रिय होने की खबरों के बीच सम्राट चौधरी के साथ उनकी संभावित राजनीतिक समझ को भी अहम माना जा रहा है. इससे भविष्य में एक नई नेतृत्व जोड़ी उभर सकती है.
ये भी पढ़ें- UP Final Voter List: आज जारी होगी यूपी की फाइनल वोटर लिस्ट, आसानी से ऐसे चेक करें अपना नाम