UP Final Voter List: आज जारी होगी यूपी की फाइनल वोटर लिस्ट, आसानी से ऐसे चेक करें अपना नाम

उत्तर प्रदेश के करोड़ों मतदाताओं का इंतजार आज खत्म होने जा रहा है. शुक्रवार, 10 अप्रैल को राज्य की फाइनल वोटर लिस्ट जारी की जाएगी. लखनऊ स्थित लोकभवन में दोपहर 12 बजे अंतिम मतदाता सूची को आधिकारिक रूप से प्रस्तुत किया जाएगा.

UP final voter list will be released today How to check your name Online
Image Source: Social Media

UP Final Voter List 2026: उत्तर प्रदेश के करोड़ों मतदाताओं का इंतजार आज खत्म होने जा रहा है. शुक्रवार, 10 अप्रैल को राज्य की फाइनल वोटर लिस्ट जारी की जाएगी. लखनऊ स्थित लोकभवन में दोपहर 12 बजे अंतिम मतदाता सूची को आधिकारिक रूप से प्रस्तुत किया जाएगा. इस प्रक्रिया से पहले अधिकारियों द्वारा अंतिम स्तर की समीक्षा की जा रही है, ताकि सूची पूरी तरह सटीक और त्रुटिरहित हो सके.

सूत्रों के मुताबिक इस बार की वोटर लिस्ट में बड़े स्तर पर बदलाव देखने को मिल सकता है. खासकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई मतदाताओं के नाम हटाए जाने की संभावना जताई जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि सूची को अपडेट करने के दौरान डुप्लीकेट, मृतक और स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं, जिससे डेटा अधिक साफ और विश्वसनीय बने.

यही होगी अंतिम मतदाता सूची

राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने साफ किया है कि एक बार वोटर लिस्ट अपलोड हो जाने के बाद यही सूची अंतिम मानी जाएगी. भविष्य में यदि कोई संशोधन या पुनरीक्षण प्रक्रिया होती है, तो उसी का आधार यह फाइनल सूची होगी.

कैसे चेक करें अपना नाम

मतदाता अपनी जानकारी ऑनलाइन बेहद आसानी से देख सकते हैं. इसके लिए सबसे पहले आपको Election Commission of India की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा, जैसे voters.eci.gov.in या electoralsearch.in.

वेबसाइट पर पहुंचने के बाद ‘Electoral Roll’ या वोटर लिस्ट सेक्शन में जाएं और राज्य के रूप में उत्तर प्रदेश का चयन करें. इसके बाद Roll Type में ‘Final Roll 2026’ या ‘SIR Final Roll 2026’ विकल्प चुनना होगा.

इसके बाद आप अपने जिले, विधानसभा क्षेत्र और बूथ नंबर के जरिए भी सूची देख सकते हैं. इसके अलावा नाम, पिता या पति का नाम और उम्र दर्ज करके भी सर्च किया जा सकता है.

सर्च के बाद आपके सामने पूरी वोटर लिस्ट PDF फॉर्मेट में खुल जाएगी, जिसे डाउनलोड करके आप आसानी से अपना नाम जांच सकते हैं.

SIR प्रक्रिया से हुआ अपडेट

मतदाता सूची को अपडेट करने के लिए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) अभियान चलाया गया था, जिसकी शुरुआत 4 सितंबर को हुई थी. इस प्रक्रिया के तहत चुनाव आयोग ने डुप्लीकेट एंट्री, मृतक मतदाताओं और राज्य से बाहर जा चुके लोगों के नाम हटाए.

साथ ही, नए मतदाताओं को सूची में जोड़ने का काम भी किया गया, जिससे ज्यादा से ज्यादा पात्र नागरिक मतदान प्रक्रिया में शामिल हो सकें. ड्राफ्ट लिस्ट जारी होने के बाद लोगों को आपत्तियां दर्ज कराने का पर्याप्त समय दिया गया था. उन सभी शिकायतों का निस्तारण करने के बाद अब अंतिम सूची जारी की जा रही है.

ये भी पढ़ें- ISRO का दूसरा एयर ड्रॉप टेस्ट सफल, अंतरिक्ष से होगी सुरक्षित वापसी! अब गगनयान मिशन के लिए रास्ता साफ