अब असली इंडियन लग रहे हो... जोहरान ममदानी ने खाई रजनीगंधा इलायची, सोशल मीडिया पर VIDEO वायरल

भारतीय मूल के और हाल ही में न्यूयॉर्क सिटी के मेयर चुने गए जोहरान ममदानी एक बार फिर चर्चा में हैं. लेकिन इस बार वजह कोई राजनीतिक बयान नहीं, बल्कि उनका पूरी तरह से देसी अंदाज है.

New York mayor Zohran Mamdani ate Rajnigandha ilaichi
Image Source: Social Media

न्यूयॉर्क: भारतीय मूल के और हाल ही में न्यूयॉर्क सिटी के मेयर चुने गए जोहरान ममदानी एक बार फिर चर्चा में हैं. लेकिन इस बार वजह कोई राजनीतिक बयान नहीं, बल्कि उनका पूरी तरह से देसी अंदाज है. सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें ममदानी सड़क किनारे इंटरव्यू के दौरान रजनीगंधा सिल्वर पर्ल्स खाते नजर आते हैं.

यह वीडियो कुछ ही घंटों में लाखों व्यूज़ बटोर चुका है, और भारतीय यूज़र्स इसे देखकर कह रहे हैं, “अब तो असली इंडियन लग रहे हो ममदानी साहब!”

कैसे वायरल हुआ वीडियो?

यह मजेदार वीडियो कंटेंट क्रिएटर निकोलस नूवन ने ब्रुकलिन की एक सड़क पर शूट किया. क्लिप की शुरुआत में ममदानी एक काले रंग की SUV से उतरते दिखते हैं. नूवन उनसे मुस्कराते हुए पूछते हैं, "क्या आपने कुछ खा लिया?"

ममदानी सहज लहजे में जवाब देते हैं, हां, मैंने खाना खा लिया है."

इसके बाद वे अपनी कोट की जेब से रजनीगंधा सिल्वर पर्ल्स का पैकेट निकालते हैं और कैमरे के सामने मुस्कुराते हुए कहते हैं, "मैंने हाल ही में इसे खाना शुरू किया है, यह थोड़ा मिंट जैसा होता है."

नूवन भी हंसते हुए पैकेट में से एक पर्ल खाते हैं और कहते हैं, "वाह! यह तो जैसे खाने वाला परफ्यूम है."

ममदानी मजाकिया लहजे में जवाब देते हैं, परफ्यूम जो खाया जा सकता है!"

वीडियो का यही हिस्सा सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत रहा है.

सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं

वीडियो वायरल होते ही ट्विटर (X), इंस्टाग्राम और रेडिट पर भारतीय यूजर्स ने मजेदार कमेंट्स की बौछार कर दी.

एक यूजर ने लिखा, "जिंदगी में कभी नहीं सोचा था कि रजनीगंधा न्यूयॉर्क तक पहुंच जाएगा."

दूसरे ने मजाक में लिखा, "अब तो ममदानी भाई को इंडियन पासपोर्ट ऑनररी दे दो!"

तीसरे यूजर ने लिखा, "साउथ एशियाई लोग समझ जाएंगे, रजनीगंधा खाना मतलब अब आप असली देसी हो गए."

कुछ लोगों ने कहा कि "न्यूयॉर्क का मेयर जब इंटरव्यू में इलायची खा सकता है, तो यह सबसे कूल लीडर है."

कौन हैं जोहरान ममदानी?

जोहरान ममदानी भारतीय मूल के डेमोक्रेटिक पार्टी से जुड़े नेता हैं, जिन्होंने हाल ही में न्यूयॉर्क के मेयर चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज की. उन्हें कुल 50.4% वोट मिले. उनकी जीत ने न केवल अमेरिकी राजनीति में हलचल मचाई, बल्कि भारत में भी गर्व का माहौल बना दिया.

ममदानी फिल्ममेकर मीरा नायर (Monsoon Wedding, Salaam Bombay!) के बेटे हैं और राजनीति में आने से पहले वे कम्युनिटी ऑर्गनाइज़र के रूप में काम करते थे. वे पिछले कई वर्षों से आवास सुधार, आर्थिक समानता और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों पर सक्रिय रहे हैं.

इतिहास रचने वाले मेयर

ममदानी ने न्यूयॉर्क के इतिहास में कई नए कीर्तिमान बनाए हैं —

  • वे पिछले 100 वर्षों में सबसे युवा मेयर बने हैं.
  • वे पहले भारतीय मूल के और पहले मुस्लिम मेयर हैं.

साथ ही, वे प्रगतिशील (Progressive) विचारधारा को खुले तौर पर समर्थन देने वाले पहले मेयर हैं, जो सामाजिक समानता और विविधता के प्रतीक माने जा रहे हैं.

विजय भाषण में ‘नेहरू’ का जिक्र

अपनी जीत के बाद जोहरान ममदानी ने भावुक भाषण दिया. उन्होंने कहा, "यह जीत सिर्फ एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि उन लाखों न्यूयॉर्कवासियों की है जिन्होंने बदलाव में भरोसा किया."

अपने भाषण में उन्होंने भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की ऐतिहासिक पंक्तियों का भी उल्लेख किया, उन्होंने कहा, "हमारा सफर मुझे नेहरू जी के 15 अगस्त 1947 के ‘ट्रिस्ट विद डेस्टिनी’ की याद दिलाता है. आज हम भी अपने शहर के लिए एक नया भाग्य लिख रहे हैं."

ममदानी की लोकप्रियता क्यों बढ़ रही?

जोहरान ममदानी सिर्फ अपने राजनीतिक दृष्टिकोण के लिए नहीं, बल्कि अपनी खुली सोच और सादगी भरे स्वभाव के लिए भी लोकप्रिय हैं. वे अक्सर सार्वजनिक स्थानों पर बिना सिक्योरिटी के नजर आते हैं, स्थानीय लोगों से बातचीत करते हैं और सोशल मीडिया पर अपनी व्यक्तिगत झलकें साझा करते हैं.

अब उनका यह “रजनीगंधा वाला वीडियो” उन्हें भारत और साउथ एशिया के लोगों के बीच और भी नज़दीक ले आया है. लोग उन्हें “देसी न्यूयॉर्क मेयर” कहकर पुकार रहे हैं.

इंटरनेट पर नई मीम्स की बाढ़

वीडियो वायरल होने के बाद इंटरनेट पर ममदानी को लेकर मीम्स की बाढ़ आ गई है.

एक यूजर ने लिखा, "जब न्यूयॉर्क के मेयर भी रजनीगंधा खाते हैं, तो अब तो टाइम्स स्क्वायर में ‘रजनीगंधा इलायची’ का बोर्ड लगना चाहिए."

दूसरे ने लिखा, "ब्रुकलिन में अगर किसी को इलायची की खुशबू आए, तो समझ जाओ ममदानी पास से गुजरे हैं."

भारत से भी मिल रही हैं बधाइयां

भारत में कई नेताओं, फिल्मी हस्तियों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स ने ममदानी की इस देसी हरकत की सराहना की है. कई लोगों ने लिखा कि "भले ही वो अमेरिकी नागरिक हैं, लेकिन दिल से अब भी इंडियन हैं."

कुछ ने कहा कि "यह वीडियो प्रवासी भारतीयों की असली पहचान दिखाता है कि विदेशी जमीन पर भी अपनी जड़ों से जुड़े रहना."

ये भी पढ़ें- ट्रंप ने ममदानी का उड़ाया मजाक, कहा- न्यूयॉर्क वाला मंडानी या जो भी उसका नाम है, वह ट्रांसजेंडर का...