टीवी जगत के सबसे लंबे समय से चल रहे सिटकॉम में से एक, ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ बीते 17 वर्षों से दर्शकों का मनोरंजन करता आ रहा है. इस शो ने हर उम्र के दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई है. हालांकि पिछले कुछ सालों से दर्शकों के बीच एक ही सवाल गूंज रहा था—दयाबेन कब लौटेंगी?
अब इस सवाल का जवाब खुद शो के निर्माता असित कुमार मोदी ने दे दिया है. उन्होंने साफ-साफ कह दिया है कि दिशा वकानी की वापसी की उम्मीद अब छोड़ देनी चाहिए, क्योंकि शो में नई 'दयाबेन' की एंट्री जल्द ही होने वाली है.
दिशा वकानी के साथ रिश्ते पर भी बोले असित मोदी
हाल ही में एक इंटरव्यू में असित मोदी ने यह स्वीकार किया कि दिशा वकानी को रिप्लेस करना उनके लिए आसान फैसला नहीं था. उन्होंने कहा कि जब 2017 में दिशा वकानी शो से ब्रेक पर गईं, तब उन्होंने लंबे समय तक उनकी जगह किसी और को लेने का विचार तक नहीं किया. “दयाबेन का किरदार इस शो की आत्मा है. उनके हाव-भाव, बोलने का अंदाज़, और कॉमिक टाइमिंग इतनी खास थी कि पूरा देश उनका दीवाना हो गया था. ऐसे में मैं उन्हें रिप्लेस करने की सोच भी नहीं सका.
रक्षाबंधन की वायरल तस्वीर पर क्या बोले असित मोदी?
कुछ दिन पहले असित मोदी और दिशा वकानी की रक्षाबंधन की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी. इस पर बात करते हुए उन्होंने साफ किया कि उनके और दिशा के बीच कोई मनमुटाव नहीं है. “हमारे रिश्ते हमेशा से अच्छे रहे हैं. हाल ही में राखी भी सेलिब्रेट की, लेकिन सच यही है कि उन्होंने अपने परिवार को प्राथमिकता दी है. दोबारा मां बनने के बाद उनके लिए वापसी संभव नहीं लग रही.
जल्द होगी नई दया की एंट्री
असित मोदी ने यह भी स्वीकार किया कि वे पिछले दो सालों से दयाबेन के किरदार के लिए नया चेहरा खोज रहे हैं. उन्होंने कहा कि शो को 17 साल पूरे हो चुके हैं और दर्शकों का सब्र अब जवाब दे रहा है.“अब वक्त आ गया है कि शो में नई दया की वापसी हो. हम बहुत जल्दी इस दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रहे हैं.
दर्शकों को है इंतजार नई दया का
हालांकि यह खबर फैंस के लिए राहत की बात है, लेकिन अब सबकी नजरें इस पर टिकी हैं कि दयाबेन का रोल कौन निभाएगा? क्या नई अभिनेत्री दिशा वकानी जैसी पहचान बना पाएगी? ये तो वक्त ही बताएगा, लेकिन इतना तय है कि गोकुलधाम सोसाइटी में एक बार फिर गूंजेगी ‘हे मां! माताजी’ की आवाज़.
यह भी पढ़ें: लंदन कॉन्सर्ट में छाया 'अरिजीत फीवर', सैयारा गाना गाकर बना दिया सबको अपना दिवाना; देखें VIDEO