नेटफ्लिक्स पर हर हफ्ते कई नई फिल्में और वेब सीरीज रिलीज होती हैं, लेकिन कुछ ही कंटेंट ऐसे होते हैं जो रिलीज के साथ दर्शकों का ध्यान खींचने में सफल रहते हैं. हाल ही में रिलीज हुई फिल्म 'मां-बहन' ने भी कुछ ऐसा ही कर दिखाया है. अपनी अलग कहानी, सस्पेंस और भावनात्मक ड्रामे की वजह से यह फिल्म नेटफ्लिक्स की ट्रेंडिंग लिस्ट में नंबर 1 स्थान पर पहुंच गई है. सोशल मीडिया पर भी फिल्म को लेकर लगातार चर्चा हो रही है.
क्या है फिल्म की कहानी?
फिल्म की कहानी रेखा नाम की महिला के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने पति की मौत के बाद अकेले जीवन जी रही है और एक स्थानीय दुकान में काम करके घर का खर्च चलाती है. हालांकि, उसकी कॉलोनी की महिलाएं उसे संदेह की नजर से देखती हैं और उसके बारे में तरह-तरह की धारणाएं बना लेती हैं. फिल्म समाज में मौजूद रूढ़िवादी सोच और महिलाओं के प्रति लोगों के नजरिए को बेहद प्रभावशाली ढंग से सामने लाती है.
एक लाश से बदल जाती है पूरी कहानी
कहानी में बड़ा मोड़ तब आता है जब रेखा के घर में अचानक उसके पड़ोसी गुप्ता जी की लाश मिलती है. घबराई हुई रेखा अपनी दोनों बेटियों जया और सुषमा को बुलाती है और तीनों मिलकर इस मुश्किल स्थिति से निकलने की कोशिश करती हैं. इसके बाद फिल्म में लगातार ऐसे घटनाक्रम सामने आते हैं जो दर्शकों को अंत तक बांधे रखते हैं. रहस्य, कॉमेडी और तनाव का मिश्रण फिल्म को और दिलचस्प बना देता है.
मां-बेटियों के रिश्तों की परतें भी खोलती है फिल्म
सिर्फ सस्पेंस तक सीमित न रहकर 'मां-बहन' पारिवारिक रिश्तों की जटिलताओं को भी दिखाती है. बड़ी बेटी जया मां बनने के लिए आईवीएफ प्रक्रिया अपनाने की तैयारी में है, जबकि छोटी बेटी सुषमा सोशल मीडिया की दुनिया में अपनी पहचान बनाना चाहती है. इन अलग-अलग संघर्षों के बीच मां और बेटियों के रिश्तों में छिपे कई अनकहे सच भी सामने आते हैं, जो कहानी को भावनात्मक गहराई देते हैं.
मूवी की दमदार कास्ट
फिल्म में माधुरी दीक्षित, तृप्ति डिमरी और धारणा दुर्गा मुख्य भूमिकाओं में नजर आई हैं. तीनों कलाकारों ने अपने किरदारों को प्रभावशाली तरीके से पर्दे पर उतारा है. खासकर माधुरी दीक्षित का अभिनय फिल्म की सबसे बड़ी ताकत माना जा रहा है. 4 जून को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई इस फिल्म को IMDb पर 10 में से 5.6 की रेटिंग मिली है, लेकिन दर्शकों के बीच इसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ती दिखाई दे रही है.
ये भी पढ़ें: राम चरण की 'पेद्दी' का बॉक्स ऑफिस पर तूफान, रिलीज के दो दिनों में ही कर डाला रिकॉर्डतोड़ कलेक्शन