54 गेंद, 126 रन... इस बल्लेबाज ने ताबड़तोड़ शतक से मचाया तहलका, गेंदबाजों की खड़ी कर दी खटिया

Nepal vs Malaysia T20: टी20 क्रिकेट में जब भी बड़े स्कोर और विस्फोटक बल्लेबाजी की बात होती है तो अक्सर दुनिया की बड़ी टीमों का नाम सामने आता है, लेकिन नेपाल क्रिकेट टीम लगातार यह साबित कर रही है कि वह भी इस फॉर्मेट में किसी से कम नहीं है.

nepal-vs-malaysia-kushal-bhurtel-century-nepal-record-t20-score-world-cup-qualifier
Image Source: Social Media

Nepal vs Malaysia T20: टी20 क्रिकेट में जब भी बड़े स्कोर और विस्फोटक बल्लेबाजी की बात होती है तो अक्सर दुनिया की बड़ी टीमों का नाम सामने आता है, लेकिन नेपाल क्रिकेट टीम लगातार यह साबित कर रही है कि वह भी इस फॉर्मेट में किसी से कम नहीं है. टी20 वर्ल्ड कप क्वालीफायर में मलेशिया के खिलाफ नेपाल ने बल्ले से ऐसा तूफान मचाया कि रिकॉर्ड बुक्स में एक और नया अध्याय जुड़ गया. टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 275 रन ठोककर विपक्षी गेंदबाजों की जमकर धुनाई की और अपनी आक्रामक बल्लेबाजी का लोहा मनवाया.

54 गेंदों में ठोके 126 रन 

नेपाल की इस ऐतिहासिक जीत के सबसे बड़े नायक कुशल भुरतेल रहे, जिन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए महज 54 गेंदों में 126 रन कूट डाले. उनकी पारी में चौकों और छक्कों की ऐसी बरसात देखने को मिली कि मलेशियाई गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए. भुरतेल ने केवल 44 गेंदों में अपना शतक पूरा किया और नेपाल के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे तेज शतकों की सूची में एक और उपलब्धि अपने नाम कर ली. यह उनके करियर का तीसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक भी रहा.

इस धमाकेदार पारी के साथ कुशल भुरतेल ने नेपाल क्रिकेट इतिहास में एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर लिया. अब वह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में नेपाल के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. 78 मैचों में उनके नाम 2240 रन हो गए हैं, जबकि इससे पहले यह रिकॉर्ड दीपेन्द्र सिंह ऐरी के नाम था, जिन्होंने 98 मैचों में 2211 रन बनाए थे. पहले से ही नेपाल के लिए सबसे ज्यादा टी20 शतक लगाने का रिकॉर्ड रखने वाले भुरतेल ने अब रन बनाने के मामले में भी खुद को शीर्ष पर पहुंचा दिया है.

167 रन से दी करारी शिकस्त

नेपाल द्वारा खड़े किए गए विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी मलेशिया की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखी और नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही. पूरी टीम 20 ओवर में केवल 108 रन ही बना सकी और उसे 167 रन की करारी हार का सामना करना पड़ा. यह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में रनों के लिहाज से मलेशिया की सबसे बड़ी हार भी बन गई. हालांकि कप्तान सैयद अजीज ने 54 रन बनाकर संघर्ष जरूर किया, लेकिन नेपाल के सामने उनकी यह कोशिश नाकाफी साबित हुई. इस जीत के साथ नेपाल ने एक बार फिर दिखा दिया कि उभरती हुई क्रिकेट टीमों में उसका नाम सबसे आगे क्यों लिया जाता है. 

ये भी पढ़ें: IND vs AFG: कौन लेगा विराट कोहली की जगह? ये 4 खिलाड़ी कर सकते हैं रिप्लेस, रेस में RCB के 2 प्लेयर