नेपाल और यूएई के बीच शनिवार, 12 सितंबर को खेले गए एसीसी पुरुष प्रीमियर कप के फाइनल में क्रिकेट से इतर ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने मुकाबले को चर्चा में ला दिया. नेपाल ने खिताबी मुकाबला 44 रन से अपने नाम किया, लेकिन मैच के दौरान खिलाड़ियों के बीच हुई तीखी बहस और हाथापाई ने सबका ध्यान खींच लिया. इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
आसिफ शेख और तनिष सूरी में हुई बहस
यूएई की पारी के दौरान नेपाल के विकेटकीपर आसिफ शेख और बल्लेबाज तनिष सूरी के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते नेपाल का एक और खिलाड़ी क्रीज के पास पहुंच गया और दोनों पक्षों के बीच माहौल गर्म हो गया. खिलाड़ियों ने एक-दूसरे को धक्का दिया, जिसके बाद गेंदबाजी छोर पर मौजूद संदीप लामिछाने भी वहां पहुंच गए. अंपायरों ने बीच में आकर खिलाड़ियों को शांत कराया.
What’s gone on here? Tanish Suri is one of the most mild mannered kids there is. Never seen him get remotely this riled https://t.co/CgTM5jQrYT
— Paul Radley (@PaulRadley) September 12, 2026
संदीप लामिछाने ने गले लगाकर खत्म किया विवाद
घटना पारी के छठे ओवर की शुरुआत से ठीक पहले हुई. कुछ देर तक मैदान पर तनाव का माहौल रहा, लेकिन अंपायरों और खिलाड़ियों के हस्तक्षेप के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ी शांत हो गए. इसके बाद संदीप लामिछाने ने यूएई के खिलाड़ी को गले लगाया और मामला खत्म हो गया. थोड़ी देर बाद मुकाबला फिर से शुरू कर दिया गया.
नेपाल ने खड़ा किया 313 रन का स्कोर
नेपाल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट पर 313 रन बनाए. टीम के लिए आसिफ शेख ने 106 गेंदों में 102 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 4 छक्के शामिल थे. गुलशन झा ने भी 38 गेंदों में 52 रन बनाए और अपनी पारी में 3 चौके तथा 4 छक्के लगाए. नेपाल ने मजबूत स्कोर खड़ा कर यूएई के सामने बड़ी चुनौती रखी.
राहुल चोपड़ा का शतक नहीं दिला सका जीत
लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूएई की टीम 49.1 ओवर में 269 रन पर सिमट गई और नेपाल ने 44 रन से फाइनल जीत लिया. यूएई के लिए राहुल चोपड़ा ने 105 गेंदों में 100 रन की पारी खेली, जिसमें 3 चौके और 4 छक्के शामिल रहे, लेकिन उनका शतक टीम को जीत नहीं दिला सका. नेपाल की ओर से करण केसी ने सबसे ज्यादा 3 विकेट हासिल किए.
ये भी पढ़ें: IND vs AFG: संजू सैमसन की हुई वापसी तो किसका कटेगा पत्ता? पहले T20I में ऐसी होगी भारत की प्लेइंग 11