IND vs AFG 1st T20I: भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का आगाज 13 सितंबर से दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में होगा. पहला मुकाबला रविवार शाम 7 बजे खेला जाएगा. अफगानिस्तान इस सीरीज का मेजबान है, लेकिन मुकाबले भारत में खेले जा रहे हैं. टीम इंडिया में संजू सैमसन की वापसी ने पहले मैच की प्लेइंग इलेवन को लेकर रोमांच बढ़ा दिया है. 2026 टी20 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन करने वाले सैमसन का खेलना लगभग तय माना जा रहा है, ऐसे में वैभव सूर्यवंशी और ईशान किशन में से किसी एक को बाहर बैठना पड़ सकता है.
अभिषेक के साथ ओपनिंग कर सकते हैं सैमसन
पहले टी20 में अभिषेक शर्मा के साथ संजू सैमसन पारी की शुरुआत कर सकते हैं. अगर ऐसा होता है तो 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन से बाहर रहना पड़ सकता है. तीसरे नंबर पर ईशान किशन को मौका मिलने की संभावना है. इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर और उपकप्तान तिलक वर्मा क्रमशः चौथे और पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी कर सकते हैं. दोनों का खेलना लगभग तय माना जा रहा है.
नितीश की वापसी, सुंदर को करना पड़ सकता है इंतजार
नितीश कुमार रेड्डी की टीम में वापसी हुई है और उन्हें सीधे प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जा सकता है. वह छठे नंबर पर बल्लेबाजी कर सकते हैं, जबकि शिवम दुबे सातवें नंबर पर फिनिशर की भूमिका में नजर आ सकते हैं. आठवें नंबर पर अक्षर पटेल को मौका मिलने की संभावना है. ऐसे में वाशिंगटन सुंदर को बाहर बैठना पड़ सकता है. स्पिन विभाग में वरुण चक्रवर्ती अहम भूमिका निभा सकते हैं.
बुमराह-अर्शदीप संभालेंगे तेज गेंदबाजी
गेंदबाजी की जिम्मेदारी जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह के कंधों पर रह सकती है. टीम के पास वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल के रूप में स्पिन विकल्प भी होंगे, जबकि नितीश कुमार रेड्डी और शिवम दुबे जरूरत पड़ने पर गेंदबाजी कर सकते हैं. इस संयोजन से भारत के पास कुल छह गेंदबाजी विकल्प होंगे. अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि सैमसन की वापसी के बाद टीम मैनेजमेंट वैभव सूर्यवंशी और ईशान किशन में से किसे बाहर रखता है.
भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन
अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), नितीश कुमार रेड्डी, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह
ये भी पढ़ें: दलीप ट्रॉफी 2026 के चैंपियन ईस्ट जोन पर हुई पैसों की बारिश, जानिए कितनी मिली प्राइज मनी