नेपाल में बाढ़ के बीच इंसानियत शर्मसार, तिजोरी से 92 लाख लूटे और शव से बालियां उतारीं, 31 गिरफ्तार

Nepal Floods: विनाशकारी बाढ़ और भारी तबाही से जूझ रहे नेपाल में एक तरफ लोग अपनों को तलाश रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ कुछ लोग इस मुश्किल समय में चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं.

Nepal floods ₹92 lakh looted safe earrings removed from a corpse 31 arrested
प्रतिकात्मक तस्वीर/ ANI

Nepal Floods: विनाशकारी बाढ़ और भारी तबाही से जूझ रहे नेपाल में एक तरफ लोग अपनों को तलाश रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ कुछ लोग इस मुश्किल समय में चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं. 

त्रिशुली नदी के किनारे बाढ़ में बहकर आई एक तिजोरी को तोड़कर करीब 92.68 लाख रुपये निकालने के आरोप में पुलिस ने 29 लोगों को गिरफ्तार किया है. इसके अलावा नारायणी नदी में बहकर आए एक महिला के शव से सोने की बालियां चुराने का वीडियो सामने आने के बाद दो अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया गया है.

बाढ़ के दौरान एक तिजोरी बही

दरअसल, भोटेकोशी इलाके में आई बाढ़ के दौरान एक तिजोरी बह गई थी. बाद में यह तिजोरी धाडिंग के गलछी ग्रामीण नगरपालिका-4 के बेलखुखोला के पास त्रिशुली नदी के किनारे मिली. पुलिस को जानकारी मिली कि कुछ स्थानीय लोगों ने तिजोरी को तोड़कर उसमें रखी नकदी निकाल ली है.

सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच के दौरान 29 लोगों को हिरासत में लिया गया. उनके पास से कुल 92,68,505 रुपये नकद बरामद किए गए हैं.

पुलिस कर रही नकदी के स्रोत की जांच

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए ज्यादातर लोग गलछी-4 के मस्तर इलाके के रहने वाले हैं. कुछ आरोपी गलछी-6 के आदमघाट और सिद्धलेक-7 के आदमतर के निवासी हैं. वहीं कुछ लोग चितवन और परसा के रहने वाले हैं, जो फिलहाल धाडिंग में रह रहे हैं. पुलिस अब बरामद रकम के असली मालिक और उसके स्रोत का पता लगाने में जुटी है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस मामले में और कितने लोग शामिल हो सकते हैं.

वहीं, नारायणी नदी से जुड़ी एक और घटना ने लोगों को हैरान कर दिया. नदी में बहकर आए एक महिला के शव से सोने की बालियां निकालने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है. यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के बाद की गई.

वीडियो में दो लोग बाढ़ के पानी में बहकर आए महिला के शव के कानों से जबरदस्ती सोने की बालियां निकालते दिखाई दे रहे थे. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ कार्रवाई की.

नेपाल में मृतकों की संख्या 626 हुई

नेपाल के राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण ने शनिवार को बाढ़ से हुए नुकसान के आंकड़ों को अपडेट किया. इसके मुताबिक, नेपाल में बाढ़ और इससे जुड़ी घटनाओं में मृतकों की पुष्टि की संख्या बढ़कर 626 हो गई है. वहीं, 2,426 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं.

ये भी पढ़ें- BRICS समिट से पहले भारत का बड़ा दांव, 11 देशों को डिजिटल पेमेंट सिस्टम से जोड़ने की तैयारी, जानें प्लान