बवाल के बाद Gen-Z की नई अपील, कहा- आओ हमारे नेपाल...सुंदर देश में आने का सही वक्त है

नेपाल में बीते हफ्तों के भीतर जो कुछ हुआ, उसने न सिर्फ देश के राजनीतिक समीकरणों को हिला दिया, बल्कि दुनियाभर के लोगों का ध्यान भी खींचा. Gen Z की अगुवाई में हुए व्यापक विरोध प्रदर्शन ने कुछ दिनों तक पूरे देश की रफ्तार रोक दी थी.

nepal after gen z protesting appealing people to come
Representative Image Source: Freepik

नेपाल में बीते हफ्तों के भीतर जो कुछ हुआ, उसने न सिर्फ देश के राजनीतिक समीकरणों को हिला दिया, बल्कि दुनियाभर के लोगों का ध्यान भी खींचा. Gen Z की अगुवाई में हुए व्यापक विरोध प्रदर्शन ने कुछ दिनों तक पूरे देश की रफ्तार रोक दी थी. लेकिन अब नेपाल धीरे-धीरे सामान्य स्थिति की ओर लौट रहा है, और इस बदलाव की कमान संभाली है कार्यवाहक प्रधानमंत्री सुशीला कार्की ने.


नई सरकार बनने के बाद नेपाल की जनता अब देश की छवि को दोबारा संवारने में जुटी है. सोशल मीडिया पर नागरिकों की ओर से पर्यटकों को लौटने का निमंत्रण दिया जा रहा है. लोग खुले तौर पर कह रहे हैं कि अब नेपाल पूरी तरह से सुरक्षित है और यात्रा के लिए एकदम अनुकूल समय है. इस अभियान में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स अहम भूमिका निभा रहे हैं. खासकर नेपाल का पॉपुलर एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट ‘Routine of Nepal Banda’, जिसने एक तस्वीर के साथ संदेश दिया नेपाल अब शांत है, आइए और इसकी खूबसूरती का हिस्सा बनिए.

पर्यटकों को राहत वीजा रिन्यूअल अब मुफ्त

नेपाल पर्यटन बोर्ड ने भी स्थिति को सहज बनाने के लिए कदम उठाए हैं. उन सभी पर्यटकों के लिए जिनके वीजा हाल की उथल-पुथल के दौरान समाप्त हो गए थे, बोर्ड ने बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के वीजा नवीनीकरण की सुविधा देने का ऐलान किया है. यह कदम यह साफ दिखाता है कि नेपाल आर्थिक और सामाजिक स्थिरता की ओर फिर से बढ़ रहा है, और पर्यटन को पुनर्जीवित करना उसकी प्राथमिकता में शामिल है.

सीमा पर फिर से बहने लगी आवाजाही

भारत-नेपाल सीमा पर भी अब जनजीवन सामान्य हो चुका है. रूपईडीहा बॉर्डर जैसे अहम प्रवेश द्वारों पर अब यात्रियों, वाहनों और व्यापारिक ट्रकों की आवाजाही पहले की तरह शुरू हो गई है. सुरक्षा बल निगरानी जरूर रख रहे हैं, लेकिन किसी प्रकार की रोक-टोक नहीं की जा रही है.

बीते दिनों का संक्षिप्त घटनाक्रम

नेपाल में बीते सप्ताह इंटरनेट सेंसरशिप, भ्रष्टाचार और सरकार की नीतियों के खिलाफ जनाक्रोश फूट पड़ा था. प्रदर्शनकारियों में बड़ी संख्या युवा वर्ग, खासकर Gen Z की थी. हिंसा और तनाव के चलते पूरे देश में कर्फ्यू लगा दिया गया था और हालात काफी संवेदनशील हो गए थे. इस भारी विरोध के बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली को इस्तीफा देना पड़ा, और सुशीला कार्की को कार्यवाहक प्रधानमंत्री नियुक्त किया गया. उनके पदभार संभालने के बाद तीन दिन के भीतर ही कर्फ्यू हटा लिया गया, और प्रशासन ने स्थिति को काफी हद तक नियंत्रण में ले लिया.

फिर से कह रहा नेपाल “आओ, देखो हमारा रूप”

नेपाल सिर्फ एक देश नहीं, एक अनुभव है. बर्फ से ढके पहाड़, सांस्कृतिक विरासत, शांत झीलें और आध्यात्मिक गहराई. अब जब हालात सामान्य हैं, तो वहां के लोग फिर से दुनिया भर के पर्यटकों का स्वागत करने के लिए तैयार हैं. नेपाल कह रहा है चलो, फिर से जुड़ते हैं!

यह भी पढ़ें: छोटी-छोटी आदतें, बड़ा असर... जानें आपकी वो 5 लाइफस्टाइल मिस्टेक्स जो धीरे-धीरे बना रही हैं आपको बीमार