NEET RE-EXAM: NEET-UG 2026 री-एग्जाम को लेकर देशभर में तैयारियां तेज हो गई हैं. पेपर लीक से जुड़े विवाद के बाद इस बार परीक्षा को पूरी तरह सुरक्षित और पारदर्शी तरीके से कराने के लिए सरकार और संबंधित एजेंसियों ने सख्त कदम उठाए हैं. इसी क्रम में कई अहम सुरक्षा व्यवस्थाएं लागू की जा रही हैं.
सूत्रों के अनुसार, भारतीय वायुसेना (IAF) को इस बार NEET-UG 2026 की पुनर्परीक्षा के लिए लॉजिस्टिक सपोर्ट की जिम्मेदारी सौंपी गई है. वायुसेना देशभर में परीक्षा से जुड़े प्रश्नपत्रों के पैकेट को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने का काम करेगी, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना को रोका जा सके.
यह फैसला इसलिए लिया गया है क्योंकि परीक्षा पेपर लीक के आरोपों के बाद दोबारा आयोजित की जा रही है.
21 जून को होगी NEET परीक्षा
NEET-UG 2026 की री-एग्जाम 21 जून को आयोजित की जाएगी. परीक्षा देश के 551 शहरों के साथ-साथ 14 अंतरराष्ट्रीय शहरों में भी कराई जाएगी. यह परीक्षा पेन और पेपर मोड में दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक संपन्न होगी.
सरकार और सशस्त्र बल परीक्षा को सुचारु और सुरक्षित तरीके से कराने के लिए हर संभव सहयोग देने के लिए तैयार हैं.
NTA ने जारी की सिटी इंटीमेशन स्लिप
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने रविवार को परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के लिए सिटी इंटीमेशन स्लिप जारी कर दी है. छात्र अपने एप्लीकेशन नंबर और पासवर्ड के जरिए लॉग इन कर अपने परीक्षा शहर की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं.
एडमिट कार्ड को लेकर NTA का स्पष्टीकरण
NTA ने स्पष्ट किया है कि सिटी इंटीमेशन स्लिप एडमिट कार्ड नहीं है. यह केवल परीक्षा शहर की जानकारी देने के लिए जारी की गई है. असली एडमिट कार्ड बाद में जारी किया जाएगा.
एजेंसी ने यह भी बताया कि उम्मीदवारों को उनकी पहली पसंद का परीक्षा शहर देने की पूरी कोशिश की जाती है, हालांकि सभी परिस्थितियों में यह सुनिश्चित करना संभव नहीं होता.
ये भी पढ़ें- Aaj Ka Rashifal: इन 2 राशिवालों को होगा आर्थिक लाभ, वैवाहिक जीवन में होगा सुधार, जानें आज का राशिफल