उपराष्ट्रपति पद के लिए NDA ने सीपी राधाकृष्णन को बनाया उम्मीदवार, नड्डा ने ऐलान किया

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने आगामी उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए सीपी राधाकृष्णन को अपना आधिकारिक उम्मीदवार घोषित किया है.

NDA has nominated CP Radhakrishnan for Vice President
प्रतिकात्मक तस्वीर/ Sociel Media

नई दिल्ली से एक महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है. राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने आगामी उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए सीपी राधाकृष्णन को अपना आधिकारिक उम्मीदवार घोषित किया है. वर्तमान में महाराष्ट्र के राज्यपाल के पद पर आसीन राधाकृष्णन को लेकर यह निर्णय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा की एक अहम बैठक में लिया गया. जेपी नड्डा ने इस फैसले की घोषणा एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के ज़रिए की.

सीपी राधाकृष्णन 21 अगस्त 2025 को अपना नामांकन दाखिल करेंगे. उनके नामांकन के समय एनडीए शासित राज्यों के सभी मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री मौजूद रहेंगे, जिससे यह स्पष्ट है कि एनडीए इस चुनाव को पूरी गंभीरता और एकजुटता के साथ लड़ने जा रहा है. उपराष्ट्रपति पद के लिए नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख भी 21 अगस्त ही है, जबकि उम्मीदवार 25 अगस्त तक अपनी उम्मीदवारी वापस ले सकते हैं.

9 सितंबर को होगा उपराष्ट्रपति चुनाव

उपराष्ट्रपति चुनाव की प्रक्रिया 9 सितंबर को पूरी होगी. इसी दिन वोटिंग के साथ-साथ काउंटिंग भी की जाएगी और परिणाम की घोषणा हो जाएगी. यह चुनाव ऐसे समय में हो रहा है जब वर्तमान उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने अचानक 21 जुलाई की रात अपने पद से इस्तीफा दे दिया था. 74 वर्षीय धनखड़ का कार्यकाल 10 अगस्त 2027 तक था, लेकिन उनके अप्रत्याशित इस्तीफे ने राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी.

संसद में NDA का स्पष्ट बहुमत

NDA की जीत की संभावनाएं बेहद मजबूत दिखाई दे रही हैं क्योंकि संसद के दोनों सदनों में गठबंधन का बहुमत है:

  • लोकसभा में कुल 542 सीटें हैं, जिनमें से एक सीट खाली है. NDA के पास 293 सांसद हैं.
  • राज्यसभा में कुल 245 सीटें हैं, जिनमें से 5 सीटें फिलहाल खाली हैं. यहां NDA के पास 129 सांसद हैं.

अगर दोनों सदनों के एनडीए समर्थित और नामित सदस्यों के समर्थन को जोड़ लिया जाए, तो कुल मिलाकर गठबंधन को करीब 422 सांसदों का समर्थन मिल रहा है. जबकि उपराष्ट्रपति चुनाव जीतने के लिए कम से कम 391 सांसदों का समर्थन जरूरी होता है. ऐसे में यह साफ है कि सीपी राधाकृष्णन का उपराष्ट्रपति चुना जाना लगभग तय माना जा सकता है.

पिछला उपराष्ट्रपति चुनाव भी भारी बहुमत से जीता था

अगस्त 2022 में हुए पिछले उपराष्ट्रपति चुनाव में भी एनडीए उम्मीदवार जगदीप धनखड़ ने बड़ी जीत हासिल की थी. उन्हें 528 वोट मिले थे, जबकि विपक्ष की ओर से मैदान में उतरीं मार्गरेट अल्वा को केवल 182 वोट मिले थे. उस चुनाव में 56 सांसदों ने मतदान नहीं किया था. यह रिकॉर्ड दर्शाता है कि एनडीए के पास पहले से ही एक मजबूत संसदीय समर्थन है, और यह बार भी वही तस्वीर उभरती दिखाई दे रही है.

ये भी पढ़ें- 'भारतीय हैं तो भारत में बना सामान खरीदें, व्यापारी मेड इन इंडिया प्रोडक्ट बेचें', पीएम मोदी ने की अपील