जब सिरफिरे घरवालों से हुआ परफेक्ट बहू का सामना, तो मचा धमाल; ‘नई नवेली’ का ट्रेलर आउट!

एमेज़ॅन एमजीएम स्टूडियोज़ और कलर येलो ने आज नई नवेली का ट्रेलर रिलीज़ किया, और इस फ़िल्म में दर्शक देखेंगे कि किस तरह "भाभी डायन है" वाला रहस्य उम्मीदों से परे एक धमाकेदार और मनोरंजक सफ़र में बदल जाता है.

nai-naveli-yami-gautam-trailer-release
Image Source: Social Media

एमेज़ॅन एमजीएम स्टूडियोज़ और कलर येलो ने आज नई नवेली का ट्रेलर रिलीज़ किया, और इस फ़िल्म में दर्शक देखेंगे कि किस तरह "भाभी डायन है" वाला रहस्य उम्मीदों से परे एक धमाकेदार और मनोरंजक सफ़र में बदल जाता है. फ़िल्म में मोहिनी का किरदार निभाने वाली यामी गौतम धर के अब तक के सबसे अनदेखे अवतार में नज़र आने वाली हैं. ये फ़िल्म एक नई और आदर्श बहू, एक अतरंगी परिवार और एक ऐसे राज की कहानी है, जो घर की दहलीज पार कर कोसों दूर तक जाती है. 

बालाजी मोहन के निर्देशन में बनी, और हिमांशु शर्मा और दिव्य निधि शर्मा द्वारा लिखी, और आनंद एल. राय और हिमांशु शर्मा द्वारा प्रोड्यूस की गई नई नवेली की कहानी मेरठ पर आधारित है, जो भारत की अपनी फ़ैंटेसी फ़ैमिली-एंटरटेनर फ़िल्म है. यह फ़िल्म जबरदस्त हंसी-मजाक, पारिवारिक उथल-पुथल, अनसुलझे रहस्यों और धमाकेदार एक्शन की ऐसी जुगलबंदी है, जो पर्दे पर एक शानदार उत्सव जैसा अनुभव पेश करने वाली है. जी.वी. प्रकाश कुमार के संगीत से सजी यह फ़िल्म दशहरे के ठीक पहले 16 अक्टूबर, 2026 को आपके नजदीकी सिनेमाघरों में रिलीज़ के लिए तैयार है.

इस फ़िल्म का ट्रेलर दर्शकों को अवस्थी परिवार की दुनिया में ले जाता है, जहाँ परिवार की नई बहू, मोहिनी के आने के बाद ऐसे कई सवाल सामने आते हैं, जिनका कोई जवाब नहीं है. एक सामान्य भारतीय परिवार के जाने-पहचाने माहौल में रंग-बिरंगे किरदार, उन सबकी अलग-अलग राय और शादी की तमाम रस्मों से शुरू होने वाला सिलसिला धीरे-धीरे दर्शकों की सोच से परे और हैरान करने वाली दुनिया के दरवाजे खोल देता है. यामी गौतम धर इस फ़िल्म की सबसे अहम कड़ी हैं और नई नवेली का ट्रेलर भी दर्शकों के मन में आगे की कहानी जानने की इच्छा जगाता है. दशहरे के मौके पर रिलीज़ होने वाली इस फ़िल्म की कहानी बिल्कुल अलग है जो दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करेगी.

इस मौके पर फ़िल्म के निर्देशक, बालाजी मोहन ने कहा, “सच कहूं तो ‘नई नवेली’ मेरे लिए इसलिए खास है क्योंकि इसकी शुरुआत एक ऐसे परिवार से होती है जो बिल्कुल अपना-सा लगता है, जिसमें वो तमाम नोक-झोंक, अपनी राय और अजीबोगरीब पागलपन हैं जो हर घर में देखने को मिलता है. लेकिन फिर यह कहानी सोच से परे एक ऐसा मोड़ लेती है, जो दर्शकों के चेहरे पर मुस्कान लाकर उन्हें हैरान कर देगी. फ़िल्म में एक से बढ़कर एक बेहतरीन कलाकार हैं, और सबने अपनी अनोखी अदाकारी से अपने-अपने किरदार में जान डाल दिया है, जबकि मोहिनी के किरदार में यामी का अपनापन, रहस्यमयी अंदाज़ और चुलबुलापन दर्शकों का दिल जीत लेगा. हमने घर-परिवार की इन जानी-पहचानी बातों को बड़े ही भव्य और अनोखे रूप में पेश किया है, साथ ही कॉमेडी का तड़का शुरू से आखिर तक बरकरार रखा है. मुझे बेहद खुशी है और उसे लम्हे का बेसब्री से इंतजार है, जब दर्शक इस बार दशहरे के मौके पर मेरी पहली फ़िल्म फिल्म और इस शानदार, काल्पनिक दुनिया का बड़े पर्दे पर आनंद लेंगे.”

मोहिनी का किरदार निभाने के बारे में बात करते हुए यामी गौतम धर ने कहा, "मोहिनी का किरदार मुझे इसलिए पसंद आया क्योंकि वो वैसी नहीं है जैसी दर्शक उम्मीद करते हैं. उसमें एक अपनापन और जानी-पहचानी सी बात है, पर साथ ही एक ऐसा गहरा राज भी छुपा है जो धीरे-धीरे सामने आता है. नई नवेली ने मुझे एक ऐसा किरदार निभाने का मौका दिया, जो परिवार, हँसी-मज़ाक, जज़्बातों, जादुई दुनिया और धमाकेदार एक्शन के बीच आसानी से ढल जाती है, फिर भी दिल से अपनी जड़ों से जुड़ी रहती है. बालाजी सर, आनंद सर, हिमांशु, कलर येलो की टीम और एमेज़ॅन एमजीएम स्टूडियोज़ के साथ काम करने का अनुभव शानदार. मैं इस बार दशहरे के मौके पर दर्शकों को मोहिनी से रूबरू कराने और उन्हें इस अनोखे सफर पर ले जाने के लिए बेहद उत्साहित हूँ."

ये भी पढ़ें: रिलीज से पहले ‘Drishyam 3’ का जलवा, एडवांस बुकिंग में छापे इतने करोड़, 'हनुमान अंश' की बढ़ी टेंशन!