Pakistani beauty cream: गोरा और खूबसूरत दिखने की चाहत में इस्तेमाल किए जाने वाले ब्यूटी प्रोडक्ट्स अगर त्वचा के लिए ही जहर बन जाएं तो क्या होगा? महाराष्ट्र के नांदेड़ से ऐसा ही चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां जब्त किए गए 'Made in Pakistan' लेबल वाले ब्यूटी प्रोडक्ट्स की सरकारी लैब जांच में मर्करी और आर्सेनिक जैसी खतरनाक भारी धातुएं पाई गई हैं. जांच में दो ब्यूटी क्रीम में मर्करी की मात्रा तय मानक से हजारों गुना ज्यादा मिली है. इस खुलासे के बाद इन उत्पादों के इस्तेमाल से होने वाले संभावित स्वास्थ्य नुकसान को लेकर चिंता बढ़ गई है.
दरअसल, पुलिस ने करीब चार महीने पहले 9 जुलाई को नांदेड़ के मक्का गली इलाके में स्थित अफराह कलेक्शन (अफराह टूर्स एंड ट्रैवल्स) पर छापेमारी की थी. इस दौरान पुलिस और खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) की टीम ने करीब 39.69 लाख रुपये के ब्यूटी प्रोडक्ट्स जब्त किए थे. इन उत्पादों पर पाकिस्तान में निर्मित होने का दावा किया गया था. जब्त सामान के नमूने जांच के लिए लैब भेजे गए थे, जहां अब खतरनाक रसायनों की मौजूदगी का खुलासा हुआ है.
दो ब्यूटी क्रीम में मिला तय सीमा से हजारों गुना ज्यादा मर्करी
सरकारी लैब की रिपोर्ट के मुताबिक, जब्त किए गए दो ब्यूटी क्रीम में मर्करी की मात्रा बेहद ज्यादा पाई गई. इनमें 'PARLEY 24K Gold Gleam Beauty Cream' में 48,453 पार्ट्स पर मिलियन (PPM) मर्करी मिला है. जबकि कॉस्मेटिक नियमों के तहत इसकी अनुमत सीमा सिर्फ 1 PPM है. इसी तरह 'GOREE Beauty Cream with Lycopene' की जांच में 6,925 PPM मर्करी मिला. यह भी निर्धारित सीमा से कई हजार गुना ज्यादा है.
FDA के साथ पुलिस ने की थी छापेमारी
पुलिस के मुताबिक, 9 जुलाई को इटवारा पुलिस स्टेशन की टीम ने FDA अधिकारियों के साथ मिलकर मक्का गली स्थित अफराह कलेक्शन पर कार्रवाई की थी. दुकान के संचालक मोहम्मद जियाउद्दीन मोहम्मद वाजिद के पास से उर्दू और अंग्रेजी में लेबल वाले कई ब्यूटी प्रोडक्ट्स मिले थे. इन पर 'Made in Pakistan' लिखा हुआ था.
छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 39.69 लाख रुपये का सामान जब्त किया था. इसके बाद उत्पादों के सैंपल सरकारी लैब में जांच के लिए भेजे गए. रिपोर्ट में मर्करी और आर्सेनिक जैसी जहरीली धातुओं की मौजूदगी सामने आने के बाद मामले की गंभीरता और बढ़ गई है.
त्वचा से लेकर किडनी और दिमाग तक को हो सकता है नुकसान
विशेषज्ञों के मुताबिक, कॉस्मेटिक उत्पादों में मर्करी की अधिक मात्रा का इस्तेमाल स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकता है. लंबे समय तक ऐसे उत्पादों के संपर्क में रहने से त्वचा पर जलन और रंग में बदलाव जैसी समस्याएं हो सकती हैं. इसके अलावा मर्करी शरीर में जमा होकर किडनी और नर्वस सिस्टम को भी नुकसान पहुंचा सकता है.
वहीं, आर्सेनिक के संपर्क में लंबे समय तक रहने से भी कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा रहता है. खासकर ऐसे ब्यूटी प्रोडक्ट्स का लगातार इस्तेमाल नुकसानदायक हो सकता है, जिनमें जहरीली भारी धातुएं निर्धारित सीमा से अधिक मौजूद हों.
BNS समेत कई कानूनों के तहत केस दर्ज
इस मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS), ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट और फॉरेन ट्रेड एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस अब जब्त किए गए उत्पादों की सप्लाई और बिक्री से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे बिना लाइसेंस वाले, नकली या संदिग्ध आयातित ब्यूटी प्रोडक्ट्स खरीदने और इस्तेमाल करने से बचें. साथ ही ऐसे उत्पादों की बिक्री की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दें.
यह भी पढ़ें: गोद में बच्चा, हाथ में असॉल्ट राइफल... हथियारों के साथ मैदान में उतरीं ईरानी महिलाएं, ले रहीं ट्रेनिंग