तेहरान: अमेरिका के साथ बढ़ते तनाव और संभावित सैन्य हमले के खतरे के बीच ईरान ने अपनी महिलाओं को भी सुरक्षा और सैन्य गतिविधियों की ट्रेनिंग देना शुरू कर दिया है. राजधानी तेहरान के आजादी स्क्वायर पर महिलाओं के लिए खास प्रशिक्षण शिविर लगाया गया है. यहां महिलाएं असॉल्ट राइफल चलाने से लेकर मुश्किल रास्तों को पार करने तक का अभ्यास कर रही हैं.
इस प्रशिक्षण शिविर की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं. इनमें महिलाएं हाथों में राइफल लेकर निशाना लगाती दिखाई दे रही हैं. कुछ महिलाएं ऊंची दीवारें फांदने की ट्रेनिंग ले रही हैं, जबकि कुछ जिपलाइन के जरिए एक जगह से दूसरी जगह पहुंचने का अभ्यास कर रही हैं. इस शिविर में युवा लड़कियों के साथ ऐसी महिलाएं भी पहुंच रही हैं, जो अपने छोटे बच्चों को गोद में लेकर ट्रेनिंग कर रही हैं.
ईरानी महिलाएं सीख रहीं हथियार चलाना
अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरानी अधिकारियों का कहना है कि इस ट्रेनिंग का मकसद संभावित अमेरिकी जमीनी हमले की स्थिति में महिलाओं को तैयार करना है. उन्हें हथियार चलाने और सैन्य अभ्यास के अलावा आपातकालीन हालात से निपटने की जानकारी भी दी जा रही है.
इसमें जरूरतमंद लोगों तक राहत सामग्री और जरूरी सामान पहुंचाने की ट्रेनिंग भी शामिल है. ईरान में महिलाओं को इस तरह की गतिविधियों से जोड़ने की कोशिश को देशभर में चलाए जा रहे एक बड़े अभियान का हिस्सा माना जा रहा है. इसके जरिए महिलाओं को संकट के समय देश की रक्षा और मदद के लिए आगे आने का संदेश दिया जा रहा है.
पहले भी सड़कों पर उतरी थीं महिलाएं
ईरान में महिलाओं की भागीदारी सिर्फ सैन्य प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है. इससे पहले भी देश में महिलाओं और युवतियों की बड़ी रैलियां आयोजित की जा चुकी हैं.
सरकारी मीडिया प्रेस टीवी के मुताबिक, इस साल की शुरुआत में हजारों महिलाओं ने 'ईरान के प्रति समर्पित बेटियां' नाम से आयोजित रैली में हिस्सा लिया था. इस दौरान अमेरिका और इजरायल के खिलाफ नारे लगाए गए थे.
रैली में शामिल महिलाओं ने ईरान के नए सर्वोच्च नेता के प्रति समर्थन जताया था. उन्होंने जरूरत पड़ने पर देश की रक्षा के लिए आगे आने का संकल्प भी लिया था.
अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत पर भी सस्पेंस
महिलाओं को सैन्य प्रशिक्षण दिए जाने के बीच ईरान और अमेरिका के बीच तनाव भी बना हुआ है. दोनों देशों के बीच बातचीत को लेकर अभी कोई ठोस नतीजा सामने नहीं आया है.
ईरान के वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी मोहसेन रेजाई ने मंगलवार को कहा कि फिलहाल अमेरिका के साथ कोई बातचीत नहीं हो रही है. उन्होंने कहा कि अमेरिका को जून में प्रस्तावित अंतरिम समझौते की सात शर्तों पर अपना जवाब देना चाहिए.
रेजाई के मुताबिक, ईरान को अभी तक अमेरिका की तरफ से इन शर्तों पर कोई साफ जवाब नहीं मिला है. ऐसे में दोनों देशों के बीच तनाव कम होने के संकेत फिलहाल नहीं दिख रहे हैं.
ये भी पढ़ें- पेट्रोल, सड़क और ट्रैफिक का झंझट खत्म! चीन ने बनाई उड़ने वाली इलेक्ट्रिक कार, जानें कीमत और खासियत