दिल्ली से 6 दिशाओं में दौड़ेगी नमो भारत, पानीपत-अलवर के बाद पलवल, रोहतक और बड़ौत भी होंगे कनेक्ट

Namo Bharat Corridor: दिल्ली को सिर्फ बुलेट ट्रेन ही नहीं, बल्कि नमो भारत रैपिड रेल (RRTS) का भी बड़ा हब बनाने की तैयारी चल रही है. NCRTC दिल्ली-एनसीआर के कई बड़े शहरों को जोड़ने के लिए अलग-अलग रैपिड रेल कॉरिडोर पर काम कर रही है.

Namo Bharat to run in six directions from Delhi after Panipat and Alwar Palwal Rohtak and Baraut will also be connected
Image Source: ANI/File

Namo Bharat Corridor: दिल्ली को सिर्फ बुलेट ट्रेन ही नहीं, बल्कि नमो भारत रैपिड रेल (RRTS) का भी बड़ा हब बनाने की तैयारी चल रही है. NCRTC दिल्ली-एनसीआर के कई बड़े शहरों को जोड़ने के लिए अलग-अलग रैपिड रेल कॉरिडोर पर काम कर रही है. पहले चरण में दिल्ली के सराय काले खां से तीन बड़े रूट शुरू होंगे. इसके बाद दूसरे चरण में भी कई नए कॉरिडोर जोड़े जाने की योजना है.

1. दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर, आगे ऋषिकेश तक बढ़ाने की योजना

दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर देश का पहला RRTS रूट है. इसका मुख्य स्टेशन सराय काले खां है. यह रूट दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई अहम इलाकों को जोड़ता है. इस रूट पर सराय काले खां, न्यू अशोक नगर, आनंद विहार, साहिबाबाद, गाजियाबाद और मेरठ जैसे स्टेशन हैं. 

दिल्ली के कई स्टेशन मेट्रो और बस टर्मिनल से भी जुड़े हुए हैं, जिससे यात्रियों को सफर आसान होगा. भविष्य में इस कॉरिडोर को मेरठ से आगे मुजफ्फरनगर, IIT रुड़की, हरिद्वार और ऋषिकेश तक बढ़ाने की तैयारी है. हालांकि, इस योजना की डीपीआर अभी तैयार की जा रही है.

2. दिल्ली-गुरुग्राम-अलवर कॉरिडोर

यह कॉरिडोर दिल्ली को गुरुग्राम, मानेसर, नीमराना और अलवर जैसे बड़े औद्योगिक इलाकों से जोड़ेगा. करीब 164 किलोमीटर लंबे इस रूट पर सराय काले खां, INA, मुनिरका, एरोसिटी, उद्योग विहार, गुरुग्राम, राजीव चौक, खेड़की दौला, मानेसर, धारूहेड़ा, बावल, नीमराना और अलवर जैसे स्टेशन होंगे. दिल्ली एयरपोर्ट के एरोसिटी इलाके में नमो भारत का भूमिगत स्टेशन भी बनाया जाएगा.

3. दिल्ली-पानीपत कॉरिडोर

दिल्ली से पानीपत तक बनने वाला यह कॉरिडोर हरियाणा के कई शहरों को बेहतर कनेक्टिविटी देगा. करीब 103 किलोमीटर लंबे इस रूट में सराय काले खां, इंद्रप्रस्थ, कश्मीरी गेट, बुराड़ी, मुकरबा चौक, नरेला, कुंडली, KMP इंटरचेंज, गनौर, समालखा और पानीपत शामिल होंगे. इंद्रप्रस्थ और कश्मीरी गेट पर मेट्रो और बस सेवाओं के साथ मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट हब भी तैयार किए जाएंगे.

4. गाजियाबाद-नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट कॉरिडोर

एक और अहम रूट गाजियाबाद से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) तक बनाया जाएगा. करीब 72 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर से साहिबाबाद और गाजियाबाद RRTS स्टेशन, ग्रेटर नोएडा होते हुए जेवर एयरपोर्ट से जुड़ेंगे. इससे दिल्ली, मेरठ और गाजियाबाद के यात्रियों को जेवर एयरपोर्ट पहुंचना पहले से आसान हो जाएगा.

भविष्य में इन रूट पर भी चल सकती है नमो भारत

आने वाले समय में दिल्ली-एनसीआर में पांच और रैपिड रेल कॉरिडोर बनाने का प्रस्ताव है.

  • दिल्ली-फरीदाबाद-बल्लभगढ़-पलवल
  • दिल्ली-शाहदरा-बड़ौत
  • गाजियाबाद-खुर्जा
  • दिल्ली-बहादुरगढ़-रोहतक
  • गाजियाबाद-हापुड़

इन सभी प्रोजेक्ट पूरे होने के बाद दिल्ली-एनसीआर में तेज, आसान और बेहतर सार्वजनिक परिवहन का बड़ा नेटवर्क तैयार हो जाएगा. इससे रोजाना सफर करने वाले लाखों लोगों को समय की बचत होगी और कई शहरों के बीच यात्रा पहले से ज्यादा सुविधाजनक बनेगी.

ये भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर: अनंतनाग के लाल चौक पर आतंकी हमला, फायरिंग में एक कॉन्स्टेबल शहीद, सर्च ऑपरेशन जारी