Muzaffarnagar Bus Accident: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके को झकझोर दिया. बुढ़ाना थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार रोडवेज बस ने दो मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी. हादसे में एक मासूम बच्चे समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है. टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई.
दो बाइकों को बस ने मारी जोरदार टक्कर
जानकारी के मुताबिक, बुढ़ाना इलाके में रोडवेज बस तेज गति से जा रही थी. इसी दौरान बस अनियंत्रित होकर सड़क पर चल रही दो मोटरसाइकिलों से जा भिड़ी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को संभाला और पुलिस को सूचना दी.
अस्पताल पहुंचने से पहले पांच ने तोड़ा दम
सूचना मिलते ही बुढ़ाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव शुरू किया. घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया, लेकिन हादसे में पांच लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी. मृतकों में एक मासूम बच्चा भी शामिल है, जबकि एक घायल का अस्पताल में इलाज जारी है. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को घटना की जानकारी दी जा रही है.
बस छोड़कर फरार हुआ चालक, तलाश जारी
हादसे के बाद रोडवेज बस चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और बस के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है, हालांकि हादसे की असल वजह का पता लगाने के लिए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है. एक साथ पांच मौतों के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा है.
ये भी पढ़ें: अब यूपी में सरकारी डॉक्टर 70 साल की उम्र तक दे सकेंगे सेवाएं, डिप्टी CM ब्रजेश पाठक का ऐलान