मुस्ताफिज़ुर रहमान को IPL से निकाला, तो PSL ने उनपर लगा दिया बड़ा दांव, इस टीम ने करोड़ों में खरीदा

बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान बीते कुछ समय से क्रिकेट से ज्यादा विवादों को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं.

Mustafizur Rahman got crores in PSL Compared to IPL Salary
Image Source: Social Media

Mustafizur Rahman: बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान बीते कुछ समय से क्रिकेट से ज्यादा विवादों को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं. हालात ऐसे बने कि उनका असर अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट तक पर पड़ गया और बांग्लादेश की टीम को टी20 वर्ल्ड कप से बाहर होना पड़ा. इसी पूरे घटनाक्रम के बीच मुस्तफिजुर का आईपीएल 2026 में खेलना भी विवादों में घिर गया और अंततः उन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने अपनी टीम से रिलीज कर दिया.

आईपीएल 2026 की नीलामी में केकेआर ने मुस्तफिजुर को 9.20 करोड़ रुपये की बड़ी रकम में खरीदा था. टीम को उनसे तेज गेंदबाजी विभाग को मजबूती देने की उम्मीद थी, लेकिन भारत में पैदा हुए राजनीतिक और सामाजिक विरोध के बाद बीसीसीआई के निर्देश पर फ्रेंचाइजी को उन्हें टीम से बाहर करना पड़ा. इस फैसले के बाद मुस्तफिजुर ने पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में खेलने का रास्ता चुना.

PSL 2026 में लाहौर कलंदर्स के लिए खेलेंगे मुस्तफिजुर

पाकिस्तान सुपर लीग के 2026 सीजन के लिए ऑक्शन 11 फरवरी को होने वाला है, लेकिन उससे पहले ही लाहौर कलंदर्स ने मुस्तफिजुर रहमान को डायरेक्ट कॉन्ट्रैक्ट पर अपने साथ जोड़ लिया. फ्रेंचाइजी ने उन्हें 6.44 करोड़ पाकिस्तानी रुपये में साइन किया है. हालांकि नाम बड़ा है, लेकिन रकम आईपीएल में मिलने वाली कीमत की तुलना में काफी कम मानी जा रही है.

लाहौर कलंदर्स और मुस्तफिजुर का रिश्ता नया नहीं है. वह पहले भी दो सीजन इस टीम का हिस्सा रह चुके हैं. साल 2016 में कंधे की चोट के कारण वह एक भी मुकाबला नहीं खेल पाए थे. इसके बाद 2018 में उन्होंने लाहौर कलंदर्स की ओर से 5 मैच खेले थे, जहां उनका इकॉनमी रेट 6.43 का रहा और उन्होंने कुल 4 विकेट झटके थे. ऐसे में फ्रेंचाइजी को उम्मीद है कि इस बार वह फिट रहकर टीम के लिए अहम योगदान दे पाएंगे.

आईपीएल में मोटी रकम, PSL में कमाई कम क्यों?

आईपीएल 2026 के ऑक्शन में मुस्तफिजुर रहमान को केकेआर ने 9 करोड़ 20 लाख रुपये में खरीदा था, जो उनके करियर की बड़ी डील्स में से एक मानी जा रही थी. लेकिन बीसीसीआई के निर्देश पर टीम से रिलीज होने के बाद यह डील पूरी तरह रद्द हो गई. इसके बाद जब उनका नाम PSL से जुड़ा तो पहली नजर में लगा कि उन्हें वहां भी अच्छी-खासी रकम मिल रही है.

हालांकि असल तस्वीर कुछ और है. लाहौर कलंदर्स ने उन्हें 6.44 करोड़ पाकिस्तानी रुपये में साइन किया है. पाकिस्तानी रुपये की कीमत भारतीय रुपये के मुकाबले काफी कम है. मौजूदा वैल्यू के हिसाब से 6.44 करोड़ पाकिस्तानी रुपये भारतीय मुद्रा में लगभग 2 करोड़ 30 लाख रुपये के आसपास बैठते हैं. यानी आईपीएल में मिलने वाले 9.20 करोड़ रुपये की तुलना में मुस्तफिजुर को करीब 7 करोड़ रुपये का सीधा नुकसान उठाना पड़ा है.

विवादों का असर: टी20 वर्ल्ड कप तक पहुंचा मामला

मुस्तफिजुर रहमान को लेकर विवाद सिर्फ फ्रेंचाइजी क्रिकेट तक सीमित नहीं रहा. बांग्लादेश में दो युवकों की हत्या और अल्पसंख्यकों पर अत्याचार की खबरों के बाद भारत में इसका विरोध शुरू हुआ. इसी विरोध की पृष्ठभूमि में बीसीसीआई ने केकेआर को मुस्तफिजुर को रिलीज करने के निर्देश दिए.

इसके बाद मामला और बिगड़ गया जब बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने भारत में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप में अपनी टीम भेजने से इनकार कर दिया. आईसीसी ने दोनों पक्षों के बीच बातचीत और समाधान की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी. अंततः आईसीसी ने बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर करने का फैसला किया. इस पूरे घटनाक्रम ने एशियाई क्रिकेट के रिश्तों और आयोजनों पर भी सवाल खड़े कर दिए.

ये भी पढ़ें- Smriti Mandhana: 60 दिन पहले टूटी शादी, पर बिखरने की जगह निखर गईं मंधाना, WPL फाइनल में किया कमाल