मुंबई एयरपोर्ट पर CISF की बड़ी कार्रवाई, 1.61 करोड़ का सोना बरामद, मोजे में छिपाकर रखे थे सोने के कैप्सूल

मुंबई एयरपोर्ट पर CISF की सतर्कता से सोने की तस्करी की कोशिश नाकाम हो गई. CISF की क्राइम एंड इंटेलिजेंस विंग (CIW) की टीम ने शक के आधार पर एक लोडर को पकड़ा.

mumbai-airport-cisf-seizes-gold-worth-crore-smuggling-case
Image Source: Social Media

मुंबई एयरपोर्ट पर CISF की सतर्कता से सोने की तस्करी की कोशिश नाकाम हो गई. CISF की क्राइम एंड इंटेलिजेंस विंग (CIW) की टीम ने शक के आधार पर एक लोडर को पकड़ा. उसके पास से करीब 1.31 किलो सोना बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 1.61 करोड़ रुपये बताई गई है.

जानकारी के मुताबिक, घटना शाम करीब 4:20 बजे की है. CISF की टीम इंटरनेशनल बोर्डिंग गेट के पास स्मोकिंग जोन में निगरानी कर रही थी. इसी दौरान टीम की नजर एक लोडर की संदिग्ध गतिविधि पर पड़ी. वह एक अंतरराष्ट्रीय ट्रांजिट महिला यात्री से मोजे में छिपाकर रखा गया संदिग्ध सामान ले रहा था.

CISF जवानों ने लोडर को रोककर पूछताछ की, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका. इसके बाद उसकी तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान उसके पास से चार अंडाकार कैप्सूल मिले. इनमें करीब 1,311 ग्राम संदिग्ध सोना छिपाकर रखा गया था. इसकी अनुमानित कीमत 1,61,38,417 रुपये बताई गई है.

महिला यात्री दुबई से मुंबई पहुंची थी और उसे आगे बैंकॉक जाना था. मामले में यात्री, लोडर और बरामद संदिग्ध सोना आगे की कार्रवाई के लिए एयर इंटेलिजेंस यूनिट (AIU) और कस्टम विभाग को सौंप दिया गया है. अब कस्टम अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि सोना कहां से आया था और इसे किसे सौंपा जाना था. मामले में आगे की जांच जारी है.

ये भी पढ़ें: महाराष्ट्र में जहरीले सांप का कहर! आश्रम स्कूल में फर्श पर सो रहीं छात्राओं को डसा, तीन की मौत