फिल्मी दुनिया में अफवाहों का बाजार हमेशा गर्म रहता है. कभी किसी की सगाई की चर्चा, तो कभी अचानक शादी की तारीख वायरल हो जाती है. इस बार सोशल मीडिया पर हलचल मचाने वाला नाम रहा एक्ट्रेस मृणाल ठाकुर और साउथ सुपरस्टार धनुष का. शुक्रवार, 16 जनवरी की सुबह से ही इंटरनेट पर यह दावा घूमने लगा कि दोनों 14 फरवरी 2026 को शादी के बंधन में बंधने वाले हैं. देखते ही देखते यह खबर ट्रेंड करने लगी, लेकिन अब इस पूरे मामले की असलियत सामने आ गई है.
मृणाल ठाकुर के करीबी सूत्रों ने इन दावों को सिरे से खारिज कर दिया है. HTCity से बातचीत में एक सूत्र ने साफ कहा कि मृणाल की शादी को लेकर फैलाई जा रही बातें पूरी तरह मनगढ़ंत हैं. सूत्र के अनुसार, “मृणाल अगले महीने शादी नहीं कर रही हैं. यह महज एक अफवाह है, जिसका हकीकत से कोई लेना-देना नहीं है.”
फरवरी में शादी क्यों नहीं है संभव?
सूत्रों का कहना है कि जिस तारीख को शादी की बात कही जा रही है, वह मृणाल के प्रोफेशनल शेड्यूल से मेल ही नहीं खाती. फरवरी में उनकी एक फिल्म रिलीज होने जा रही है और इसके तुरंत बाद मार्च में एक बड़ी तेलुगू फिल्म भी लाइनअप में है. ऐसे में इतने व्यस्त दौर में शादी की योजना बनाना मुश्किल नजर आता है. इंडस्ट्री से जुड़े लोगों का कहना है कि इस वक्त मृणाल पूरी तरह अपने करियर और आने वाली फिल्मों पर फोकस कर रही हैं.
क्या दोनों के बीच है कोई खास रिश्ता?
मृणाल ठाकुर और धनुष के रिश्ते को लेकर चर्चाएं नई नहीं हैं. बीते कुछ समय से दोनों के नाम को जोड़कर बातें होती रही हैं, लेकिन अब तक न तो मृणाल ने और न ही धनुष ने इन खबरों की पुष्टि की है. दोनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर हमेशा खामोश रहे हैं, जिसकी वजह से अफवाहों को और हवा मिलती रही है.
अफवाहों को कैसे मिला जोर?
अगस्त 2025 में इन अटकलों ने उस वक्त रफ्तार पकड़ी थी, जब मृणाल की फिल्म ‘सन ऑफ सरदार 2’ के प्रीमियर पर धनुष को खास तौर पर मौजूद देखा गया. वहां मृणाल ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया था, जिसका वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं. इसके बाद फैंस ने मान लिया कि धनुष उन्हें सपोर्ट करने के लिए पहुंचे हैं. यहीं से दोनों की हर सार्वजनिक मुलाकात को रिश्ते के नजरिए से देखा जाने लगा.
फिलहाल क्या कहना है सूत्रों का?
इंडस्ट्री सूत्रों के मुताबिक, अभी शादी की कोई तैयारी नहीं चल रही है और न ही किसी तरह की आधिकारिक घोषणा की गई है. साफ है कि फिलहाल मृणाल ठाकुर और धनुष के फैंस को शादी की खबरों के लिए इंतजार करना होगा. अगर कभी इस तरह की कोई पुष्टि होती भी है, तो वह सीधे दोनों कलाकारों की ओर से ही आएगी.
यह भी पढ़ें: क्या एयरपोर्ट स्मगलिंग की काली दुनिया में फिर ले जाएंगे इमरान हाशमी? सीजन 2 को लेकर आया बड़ा अपडेट