Emraan Hashmi Taskaree: बॉलीवुड के सीरियस और इंटेंस किरदारों के लिए पहचाने जाने वाले इमरान हाशमी एक बार फिर चर्चा के केंद्र में हैं. हाल ही में फिल्म ‘हक’ में नजर आने के बाद अब उन्होंने ओटीटी की दुनिया में वेब सीरीज ‘तस्करी: द स्मगलर वेब’ से जोरदार वापसी की है.
14 जनवरी 2026 को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई इस सीरीज को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है और रिलीज के कुछ ही दिनों में इसके दूसरे सीजन को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं. इन्हीं अटकलों पर अब शो के डायरेक्टर राघव जयरथ ने अहम संकेत दिए हैं.
एयरपोर्ट स्मगलिंग की दुनिया में ले जाती है ‘तस्करी’
सात एपिसोड की इस वेब सीरीज की कहानी एयरपोर्ट पर होने वाली स्मगलिंग और उससे जुड़े नेटवर्क के इर्द-गिर्द घूमती है. इमरान हाशमी इसमें कस्टम विभाग के सुपरिटेंडेंट अर्जुन मीना के रोल में नजर आ रहे हैं. उनका किरदार ईमानदार, तेज-तर्रार और सिस्टम के भीतर बैठे भ्रष्ट लोगों से भिड़ने वाला है.
सीरीज में शरद केलकर भी अहम भूमिका में दिखाई देते हैं, जिनकी मौजूदगी कहानी को और मजबूत बनाती है. थ्रिल, सस्पेंस और इमोशनल एंगल से भरपूर यह शो रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगा है.
इमरान हाशमी की एक्टिंग को मिल रही तारीफ
ओटीटी प्लेटफॉर्म पर दर्शकों ने इमरान हाशमी के इस नए अवतार को हाथों-हाथ लिया है. सोशल मीडिया पर उनकी एक्टिंग, बॉडी लैंग्वेज और डायलॉग डिलीवरी की जमकर तारीफ हो रही है.
कई दर्शकों का कहना है कि इमरान इस रोल में पूरी तरह फिट बैठते हैं और लंबे समय बाद उन्हें इतने दमदार किरदार में देखना ताजगी भरा अनुभव है. सीरीज की सिनेमैटोग्राफी और टाइट स्क्रीनप्ले को भी पॉजिटिव रिस्पॉन्स मिल रहा है, जिसने ‘तस्करी’ को एक मजबूत क्राइम-थ्रिलर के रूप में स्थापित किया है.
क्या आएगा ‘तस्करी’ का सीजन 2?
सीरीज की लोकप्रियता को देखते हुए फैंस लगातार दूसरे सीजन की मांग कर रहे हैं. इस पर डायरेक्टर राघव जयरथ ने हाल ही में एक इंटरव्यू में खुलकर बात की. उन्होंने कहा, “हम हर शो की कहानी को एक सही एंडिंग देने में यकीन रखते हैं, ताकि दर्शकों को संतोष मिले. लेकिन अगर ऑडियंस भरपूर प्यार देती है और कहानी को आगे देखना चाहती है, तो हम निश्चित तौर पर इसे आगे बढ़ाने पर विचार करेंगे.”
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि ‘स्पेशल ऑप्स’ जैसी सीरीज में भी शुरुआत में पूरी कहानी को खत्म करने की योजना थी, लेकिन दर्शकों के जबरदस्त समर्थन के बाद मेकर्स ने कहानी को आगे बढ़ाया.
ढाई मिनट के नरेशन में ही इमरान ने कर दिया था हामी
डायरेक्टर ने कास्टिंग से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा भी साझा किया. उन्होंने बताया कि जब इस रोल के लिए इमरान हाशमी का नाम सामने आया, तो पूरी टीम को लगा कि यही सही विकल्प हैं. जयरथ ने बताया, “हमने इमरान को सिर्फ ढाई मिनट का नरेशन सुनाया और उन्होंने बिना किसी हिचकिचाहट के कहा, चलो इसे करते हैं. उन्हें किरदार तुरंत समझ में आ गया और वो इस प्रोजेक्ट के लिए एक्साइटेड थे.”
आगे क्या होगा अर्जुन मीना की कहानी में?
‘तस्करी: द स्मगलर वेब’ का अंत कई सवाल छोड़ जाता है, जिसने सीजन 2 की उम्मीदों को और मजबूत कर दिया है. अगर दर्शकों का यही प्यार बना रहा, तो आने वाले समय में अर्जुन मीना की कहानी और गहराई के साथ आगे बढ़ती दिख सकती है.
फिलहाल, इमरान हाशमी की यह वेब सीरीज नेटफ्लिक्स पर खूब देखी जा रही है और यह कहना गलत नहीं होगा कि ‘तस्करी’ ने ओटीटी पर उनकी दमदार मौजूदगी को एक बार फिर साबित कर दिया है.
ये भी पढ़ें- ईरान में 9000 भारतीयों को लेकर क्यों बढ़ी चिंता? MEA ने फिर की खास अपील, चाबहार पोर्ट पर भी आया अपडेट