Pappu Yadav Arrest: पटना पुलिस ने पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव को पटना के मंदिरी इलाके में स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया है. यह गिरफ्तारी एक 31 साल पुराने मामले में कोर्ट के आदेश के बाद की गई है. इससे तीन दिन पहले कोर्ट ने उनकी संपत्ति कुर्क करने का आदेश भी जारी किया था.
मामला साल 1995 का है, जब गर्दनीबाग थाना में एक शिकायत दर्ज हुई थी. शिकायतकर्ता विनोद बिहारी लाल का आरोप है कि उनका मकान धोखे से किराए पर लिया गया था. मकान किराए पर लेते समय यह नहीं बताया गया कि वहां सांसद का दफ्तर चलाया जाएगा. बाद में जब मकान मालिक को इसकी जानकारी मिली, तो उन्होंने पुलिस में शिकायत की.
कोर्ट ने कुर्की-जब्ती का आदेश दिया
पुलिस के मुताबिक, इस केस में पप्पू यादव पर धोखाधड़ी, धमकी और आपराधिक साजिश से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज है. अदालत ने पहले गिरफ्तारी वारंट जारी किया था, लेकिन जब आरोपी पेश नहीं हुए तो कोर्ट ने कुर्की-जब्ती का आदेश दे दिया. इसके बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की.
#WATCH | Bihar | Independent MP Pappu Yadav arrested in Patna in connection with an old case. https://t.co/JyNNji4DqR pic.twitter.com/nPfeBZZdkK
— ANI (@ANI) February 6, 2026
गिरफ्तारी के बाद पप्पू यादव को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया, फिर पुलिस थाना लाया गया.
सोशल मीडिया पर जताई नाराजगी
गिरफ्तारी के बाद पप्पू यादव ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि वह नीट छात्रा को न्याय दिलाने की मांग कर रहे थे, इसी वजह से उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने लिखा कि वह न झुकेंगे और न ही चुप रहेंगे, चाहे उन्हें जेल भेज दिया जाए.
हत्या की साजिश का आरोप
पप्पू यादव ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस की कार्रवाई उनके खिलाफ साजिश का हिस्सा है. उनका कहना है कि कोर्ट में बुलावे के बावजूद जिस तरह पुलिस उनके घर पहुंची, उससे उन्हें अपनी जान को खतरा महसूस हो रहा है.
#WATCH | Bihar: Police arrive at the residence of Independent MP Pappu Yadav in Patna, to arrest him in connection with an old case. pic.twitter.com/2YsQdOXVoL
— ANI (@ANI) February 6, 2026
पिछले कुछ दिनों से पप्पू यादव नीट छात्रा हत्याकांड और सूरज बिहारी हत्याकांड को लेकर लगातार सरकार और प्रशासन पर सवाल उठा रहे थे. वह पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग कर रहे थे.