सिनेमा प्रेमियों के लिए 7 अगस्त का दिन बेहद खास रहने वाला है. इस शुक्रवार बड़े पर्दे पर एक साथ कई ऐसी फिल्में दस्तक देने जा रही हैं, जिनमें अलग-अलग भाषाओं, अलग-अलग कहानियों और अलग-अलग जॉनर का शानदार कॉम्बो देखने को मिलेगा. जहां एक तरफ भारत के महान आविष्कारक जी.डी. नायडू की प्रेरणादायक कहानी दर्शकों के सामने आएगी, वहीं रोमांटिक एक्शन, कॉमेडी-ड्रामा, इमोशनल स्टोरी और पंजाबी सिनेमा का भी भरपूर तड़का देखने को मिलेगा. अगर आप लंबे समय से किसी नई फिल्म का इंतजार कर रहे हैं, तो 7 अगस्त आपके लिए मनोरंजन से भरपूर साबित हो सकता है.
'जी डी एन'
7 अगस्त को रिलीज होने वाली सबसे चर्चित फिल्मों में 'जी डी एन' का नाम सबसे ऊपर है. इस फिल्म में आर माधवन महान वैज्ञानिक और उद्योगपति जी.डी. नायडू का किरदार निभाते नजर आएंगे, जिन्हें अक्सर 'भारत का एडिसन' कहा जाता है. फिल्म उनके जीवन, संघर्ष और वैज्ञानिक सोच को बड़े पर्दे पर पेश करेगी.
कृष्णकुमार रामकुमार के निर्देशन में बनी इस फिल्म में प्रियामणि, जयराम और सत्यराज जैसे अनुभवी कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे. पहले यह फिल्म 17 जुलाई को रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब इसे 7 अगस्त के लिए शेड्यूल किया गया है.
'डीसी'
तमिल फिल्म 'डीसी' भी इसी दिन सिनेमाघरों में रिलीज होगी. यह रोमांस और एक्शन से भरपूर फिल्म है, जिसमें लोकेश कनगराज और वामिका गब्बी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे. फिल्म का निर्देशन अरुण मथेश्वरन ने किया है, जबकि इसका संगीत लोकप्रिय संगीतकार अनिरुद्ध ने तैयार किया है. वामिका गब्बी की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है और इस फिल्म में उनका अलग अंदाज देखने को मिलेगा. दमदार एक्शन और रोमांटिक कहानी का मेल इसे युवाओं के लिए खास बना सकता है.
'ओह माय डॉग'
अगर आप भावनात्मक और पारिवारिक फिल्मों के शौकीन हैं तो 'ओह माय डॉग' आपके लिए बेहतरीन विकल्प हो सकती है. इस फिल्म में पंकज त्रिपाठी मुख्य भूमिका निभा रहे हैं. कहानी का केंद्र एक डॉग और उससे जुड़ा भावनात्मक रिश्ता है, जो इंसानों की जिंदगी में प्रेम, विश्वास और अपनापन दिखाती है. फिल्म का निर्देशन अमित राय ने किया है. रिलीज से पहले इसके ट्रेलर को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला था, जिसके बाद इस फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ गई है.
'आर्यभट्ट का जीरो'
हिमांश कोहली, रवि किशन, सोनल्ली सेगल और शिल्पा शिंदे स्टारर 'आर्यभट्ट का जीरो' भी 7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. कमल चंद्रा के निर्देशन में बनी यह फिल्म कॉमेडी और ड्रामा का दिलचस्प मिश्रण है. फिल्म में हास्य के साथ कई सामाजिक और भावनात्मक पहलुओं को भी जोड़ा गया है. लंबे समय बाद रवि किशन को इस अंदाज में देखने के लिए उनके प्रशंसक काफी उत्साहित हैं.
'द ग्रेट पंजाब रॉबरी'
पंजाबी फिल्म 'द ग्रेट पंजाब रॉबरी' भी 7 अगस्त को रिलीज होने जा रही है. इस फिल्म के जरिए बिजनेसमैन राज कुंद्रा मुख्य भूमिका में नजर आएंगे. उनके साथ अभिनेत्री पायल राजपूत दिखाई देंगी. फिल्म का निर्देशन और लेखन सौरभ वर्मा ने किया है. रिलीज से पहले राज कुंद्रा फिल्म के प्रमोशन में काफी सक्रिय हैं और यह फिल्म उनके अभिनय करियर के लिए अहम मानी जा रही है.
'यार जिगरी कसूती डिग्री- द फिल्म'
पंजाबी दर्शकों के लिए 'यार जिगरी कसूती डिग्री- द फिल्म' भी खास आकर्षण होगी. यह फिल्म कॉलेज के दोस्तों के दोबारा मिलने और उनकी पुरानी यादों के इर्द-गिर्द घूमती है. रब्बी तिवाना के निर्देशन में बनी इस फिल्म में पुखराज भल्ला, अमृत अंबी, हसनीन चौहान और पवन जोहल जैसे कलाकार नजर आएंगे. दोस्ती, हास्य और भावनाओं का संतुलन इस फिल्म को फैमिली एंटरटेनर बना सकता है.
ये भी पढ़ें: Jana Nayagan: थलपति विजय की 'जना नायकन' का विदेशों में जलवा, 11 दिनों में बना डाला ये तगड़ा रिकॉर्ड