महाराजगंज: उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने पुलिस को भी हैरानी में डाल दिया. गोरखपुर की रहने वाली 40 वर्षीय महिला थाने पहुंची और 14 साल के किशोर पर बेवफाई का आरोप लगाने लगी. महिला ने दावा किया कि उसने किशोर से शादी कर ली है और अब वह उसी के साथ रहना चाहती है.
महिला की बात सुनकर पुलिसकर्मी भी कुछ देर के लिए हैरान रह गए. मामला बढ़ता देख पुलिस ने किशोर के परिवार को थाने बुलाया. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच लंबे समय तक बहस और हंगामा चलता रहा.
इंस्टाग्राम से शुरू हुई बातचीत
जानकारी के मुताबिक नौतनवा थाना क्षेत्र के एक गांव का 14 वर्षीय किशोर अपने पिता के साथ चेन्नई में रहता था. करीब चार महीने पहले उसकी पहचान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर गोरखपुर की रहने वाली एक महिला से हुई.
धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ने लगी और फिर लगातार संपर्क बना रहा. महिला पहले से शादीशुदा है और उसके चार बच्चे हैं. बताया जा रहा है कि उसके सबसे बड़े बेटे की उम्र 19 साल है.
महिला ने पुलिस को बताया कि फरवरी महीने में किशोर चेन्नई से गोरखपुर आया था. उसका दावा है कि 15 फरवरी को दोनों ने घर में शादी भी कर ली थी.
किशोर के लापता होने पर परेशान हुआ परिवार
इधर, जब किशोर के बारे में परिवार को जानकारी नहीं मिली तो घरवालों की चिंता बढ़ गई. काफी तलाश के बाद किशोर की मां गोरखपुर पहुंची और रिश्तेदारों की मदद से उसे वापस घर लेकर आई.
इसके बाद मामला फरेंदा थाने तक पहुंच गया. वहां दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बातचीत चली और किसी तरह समझौता कराया गया. हालांकि मामला पूरी तरह शांत नहीं हुआ.
नौतनवा थाने में फिर हुआ हंगामा
बताया जा रहा है कि रविवार को महिला दोबारा नौतनवा थाने पहुंच गई. उसने पुलिस के सामने किशोर के साथ रहने की जिद शुरू कर दी. इसके बाद पुलिस ने किशोर और उसकी मां को भी थाने बुला लिया.
थाने में दोनों पक्षों के बीच घंटों तक बहस और वाद-विवाद चलता रहा. पुलिस अधिकारियों ने काफी समझाने की कोशिश की और आखिरकार दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया गया.
भविष्य में संपर्क नहीं रखने पर बनी सहमति
पुलिस की मौजूदगी में महिला और किशोर के परिवार के बीच सुलह समझौता हुआ. दोनों पक्षों ने भविष्य में एक-दूसरे से किसी भी तरह का संपर्क नहीं रखने की बात कही.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मामले को फिलहाल आपसी समझौते के जरिए शांत करा दिया गया है. हालांकि पूरे घटनाक्रम को लेकर इलाके में काफी चर्चा हो रही है और लोग इसे हैरान करने वाला मामला बता रहे हैं.
ये भी पढ़ें- तुम सबको चप्पल मारने का टाइम आ गया... युवराज सिंह ने इन 3 खिलाड़ियों को लगाई फटकार! जानें पूरा मामला